मुख्य विषयवस्तु में जाएं

सेंट्रल लाइन की समस्याओं को समझना

सेंट्रल लाइन (केंद्रीय शिरापरक कैथेटर (नली)) एक लंबी व पतली ट्यूब (कैथेटर) होती है जो दीर्घकालिक वीनस (शिरा) एक्सेस प्रदान करती है। इसे किसी ऐसी बड़ी शिरा में लगाया जाता है जो हृदय के करीब जाकर खत्म होती है। सेंट्रल लाइन के प्रकारों में शामिल हैं पेरिफेरली इन्सर्टेड (परिधीय मार्ग से प्रविष्ट) सेंट्रल कैथेटर (PICC), टनल्ड सेंट्रल लाइन और अवत्वचीय पोर्ट। सेंट्रल लाइन का उपयोग आपके बच्चे को दवाएँ, तरल पदार्थ या पोषण देने के लिए अथवा रक्त के नमूने लेने के लिए किया जा सकता है।

सेंट्रल लाइनें चिकित्सीय देखभाल और जीवन की गुणवत्ता के लिए महत्वपूर्ण होती हैं, लेकिन उनमें कुछ समस्याएँ हो सकती हैं। सेंट्रल लाइन की कुछ संभावित जटिलताएँ इस प्रकार हैं:

  • सेंट्रल लाइन लगाने की कार्यविधि के बाद समस्याएँ
  • शिरा में सूजन और जलन
  • संक्रमण (CLABSI)
  • सेंट्रल लाइन में अवरोध, क्षति या उसका हिलना/खिसकना
  • रक्त के थक्के

आपकी देखभाल टीम इन जोखिमों के बारे में और उनकी रोकथाम के तरीके के बारे में आपसे बात करेगी। यदि समस्याएँ होती हैं तो वह उनका उपचार करेगी।

जो भी समस्याएँ हों उनकी सूचना तुरंत दें ताकि जटिलताओं को बदतर होने से रोका जा सके। यदि आपके कोई प्रश्न हों, तो अपनी देखभाल टीम से पूछें।

सेंट्रल लाइनों के बारे में और जानकारी पाएँ।

एक छोटा लड़का जिसकी छाती में सेंट्रल लाइन लगी है

यदि आपके बच्चे के सेंट्रल लाइन लगी है तो देखभाल के सभी निर्देशों का पालन करें और किन समस्याओं पर नज़र रखनी है इस बारे में अपनी देखभाल टीम से बात करें।

सेंट्रल लाइन लगाने की कार्यविधि के जोखिम

सेंट्रल लाइन त्वचा से होकर एक शिरा में जाने वाला छेद बनाने की कार्यविधि के ज़रिए लगाई जाती है। कैथेटर को शिरा में आगे बाढ़ते हुए हृदय के एकदम समीप एक स्थान तक पहुँचाया जाता है।

सेंट्रल वीनस लाइन लगाने की सर्जरी के बाद बच्चों में समस्याएँ होना दुर्लभ है। लेकिन एनेस्थीज़िया और सर्जरी के जोखिम होते हैं। इनमें ये शामिल हो सकते हैं:

  • रक्त वाहिका को चोट
  • फेफड़ों को चोट
  • रक्त के थक्के
  • अनियमित हृदयगति
  • तंत्रिकाओं को चोट
  • संक्रमण
  • रक्तस्राव होना

सेंट्रल लाइन लगाए जाने के बाद यदि आपको समस्याओं के कोई संकेत दिखें तो अपनी देखभाल टीम से संपर्क करें। 

सेंट्रल लाइन–एसोसिएटेड ब्लडस्ट्रीम इन्फेक्शन (CLABSI)

जिन बच्चों को सेंट्रल लाइन लगी है वे सेंट्रल लाइन-संबद्ध रक्तधारा संक्रमण (सेंट्रल लाइन-एसोसिएटेड ब्लडस्ट्रीम इन्फ़ेक्शन, CLABSI) के जोखिम में होते हैं। यह संक्रमण आपके बच्चे के रक्त में रोगाणुओं के प्रवेश करने पर हो सकता है। गंभीर अस्वस्थता से ग्रस्त बच्चों में सेंट्रल लाइन संक्रमण सामान्य तौर पर किसी बैक्टीरिया के कारण होते हैं। यीस्ट या फ़ंगस के कारण CLABSI हो सकता है, हालाँकि यह कम सामान्य है।

संक्रमण के संकेत और लक्षण

अपने बच्चे पर संक्रमण के संकेतों, जिनमें ये शामिल हैं, के लिए नज़र रखें:

  • बुखार, मुँह का तापमान 100.4 °F (38 °C) या अधिक, या फिर आपकी देखभाल टीम द्वारा निर्देशित के अनुसार बुखार के दिशानिर्देशों का पालन करें
  • लाइन जिस जगह शरीर से बाहर निकलती है वहाँ पर दर्द, लालिमा, सूजन, छूने पर दर्द, या गर्माहट
  • लाइन जिस जगह शरीर से बाहर निकलती है वहाँ से अपवाह, तरल पदार्थ का रिसाव या बदबू
  • ठंड से कंपकंपी छूटना या शरीर में दर्द
  • तेज़ हृदयगति या साँस तेज़ चलना
  • निढालता, नखरे दिखाना या भ्रम

सेंट्रल लाइन संक्रमण की रोकथाम के तरीके

सेंट्रल लाइन की देखभाल और संक्रमण की रोकथाम के लिए अपनी देखभाल टीम के निर्देशों का पालन करना महत्वपूर्ण है।

  • सेंट्रल लाइन की अच्छी देखभाल करें। सथान के स्थान को साफ़ और सूखा रखें।
  • जितना हो सके, सेंट्रल लाइन को छूने से बचें और जिसे भी सेंट्रल लाइन छूने का प्रशिक्षण नहीं मिला है उसे लाइन को छूने न दें।
  • लाइन की कोई भी देखभाल करने से पहले और बाद में अपने हाथ धोएँ।  साबुन और पानी से अपने हाथ धोएं या अल्कोहल से निर्मित हैंड सैनिटाइज़र का उपयोग करें।
  • सुनिश्चित करें कि बच्चा अपनी त्वचा को रोज़ाना साफ़ करे। ड्रेसिंग को सूखा रखना न भूलें। यदि आपका बच्चा नहा नहीं सकता है या शावर नहीं ले सकता है, तो निर्देशानुसार दैनिक सफ़ाई दिनचर्या के भाग के रूप में बाथ वाइप्स का उपयोग करें।
  • अपने बच्चे के कपड़े दिन में दो बार बदलें - एक बार सुबह और एक बार शाम को (जागने और सोने के समय)। यदि कपड़े (मल-मूत्र इत्यादि से) गंदे हो जाएँ तो उन्हें बदल दें।
  • बेडिंग हर सप्ताह बदलें, या यदि वह गंदी हो जाए तो तुरंत बदल दें। तौलियों और वॉशक्लोथ के दोबारा उपयोग से बचें।
  • रोगाणुओं का प्रसार घटाने के लिए अपने घर को साफ़ सुथरा रखें।
  • मुँह की स्वच्छता का अच्छा ध्यान रखें।

सेंट्रल लाइन में अवरोध

सेंट्रल लाइन दवा, रक्त उत्पादों, या लाइन में आए किसी मोड़ के कारण अवरुद्ध हो सकती है। यदि लाइन को सिरिंज से फ़्लश करने में मुश्किल आ रही है तो संभव है कि लाइन में अवरोध हो। यदि फ़्लश करने में मुश्किल आए, तो ज़बरन फ़्लश करने की कोशिश न करें। रुक जाएँ और अपनी देखभाल से संपर्क करें। 

  • देखें कि लाइन में कहीं बल तो नहीं पड़ गए, वे द्रवों को अंदर जाने से रोक सकते हैं। 
  • सुनिश्चित करें कि लाइन पर क्लैम्प न लगी हो। 
  • यदि आपके बच्चे की लाइन से कोई पंप जुड़ा है, तो सुनिश्चित करें कि वह काम कर रहा हो। 
  • यदि अवरोध रक्त के किसी थक्के के कारण हो, तो आपकी देखभाल टीम आपके बच्चे को अवरोध हटाने की दवा दे सकती है। 

यदि आपको अवरोध के कोई संकेत दिखें या लाइन को फ़्लश करने में मुश्किल हो तो अपनी देखभाल टीम से संपर्क करें। 

सेंट्रल लाइन को क्षति और गति

सेंट्रल लाइन को उसकी जगह पर फ़िक्स रखें और उसे खिंचाव व झटकों से बचाएँ। यदि आपके बच्चे को सबक्यूटेनियस पोर्ट (एक ऐसी सेंट्रल लाइन जो पूरी तरह से त्वचा के नीचे होती है) लगा है तो उस पर दबाव न डालें।

संभव है कि लाइन हिल या खिसक गई हो यदि: 

  • वह अवरुद्ध मालूम देती है। 
  • नर्स उससे रक्त का नमूना नहीं ले पा रही है। 
  • जब दवाएँ या तरल पदार्थ अंदर जाते हैं तो लाइन से आपके बच्चे की बाँह, कंधे, जबड़े, छाती या सिर में दर्द या तकलीफ़ होती है। 
  • ट्यूब का वह भाग जो शरीर से बाहर है, वह सामान्य से लंबा या छोटा दिख रहा है।

यदि आपको लगता है कि आपके बच्चे की लाइन हिल या खिसक गई है, तो अपने बच्चे की देखभाल टीम को कॉल करें। 

आपकी देखभाल टीम आपको एक इमरजेंसी किट देगी और सिखाएगी कि सेंट्रल लाइन के क्षतिग्रस्त होने या बाहर आ जाने पर क्या करना है। किट में टेप, क्लैम्प, दस्ताने और गॉज़ इत्यादि ज़रूरी सामान होंगे। यह किट अपने साथ सारे समय रखें।

रक्त के थक्के

रक्त के थक्के शरीर के भाग विशेष को जाने वाले रक्त प्रवाह को रोक देते हैं। रक्त के थक्के के लक्षण इस आधार पर अलग-अलग हो सकते हैं कि थक्का कहाँ है।

अपने बच्चे की देखभाल टीम से संपर्क करें यदि आप निम्न स्थितियों को नोटिस करते हैं:

  • साँस फूलना
  • लाइन वाले स्थानों, जैसे गर्दन, कंधे, बाँह या छाती, के आस-पास दर्द, सूजन या लालिमा
  • लाइन जिस जगह शरीर से बाहर निकलती है वहाँ से रक्तस्राव

रक्त के थक्के बनने के कारणों और उपचार के बारे में और जानें।

सेंट्रल लाइन की समस्याओं की रोकथाम के कैसे करें

आपकी देखभाल टीम आपको दिखाएगी कि अपने बच्चे की सेंट्रल लाइन की देखभाल कैसे करनी है। आप आपके बच्चे के अस्पताल में होने के दौरान टीम के साथ अभ्यास करेंगे। घबराहट महसूस होना सामान्य है। अभ्यास के साथ, लाइन की देखभाल करना आदत में आता जाएगा।

केवल प्रशिक्षित लोगों को ही लाइन की देखभाल करनी चाहिए। देखभाल टीम ने जैसे सिखाया था ठीक वैसे ही देखभाल के चरणों का सावधानी से पालन करें ताकि आप रोगाणु न फैलाएँ।

  • लाइन की कोई भी देखभाल करने से पहले हमेशा अपने हाथ धोएँ या हैंड सैनिटाइज़र का उपयोग करें। यदि आपकी देखभाल टीम ने सलाह दी हो तो लाइन की देखभाल के लिए डिस्पोज़ेबल दस्तानों का उपयोग करें।
  • साफ़ सामानों का उपयोग करें। यदि कोई सामान ज़मीन पर गिर जाए तो उसका उपयोग न करें। 
  • सेंट्रल लाइन ड्रेसिंग को साफ़, सूखा और अपनी जगह पर फ़िक्स रखें। यदि ड्रेसिंग ढीली, गीली या गंदी हो जाए तो अपनी देखभाल टीम को कॉल करें ताकि उसे तुरंत बदला जा सके। 
  • बच्चे को नहलाते समय ड्रेसिंग सूखी कैसे रखनी है इस बारे में अपनी देखभाल टीम से मिले निर्देशों का पालन करें। 
  • लाइन को उसकी जगह पर फ़िक्स रखें ताकि वह हिले या खिसके नहीं। लाइन को झटके देने या खींचने से बचें। कपड़े उतारते समय सावधानी बरतें।
  • ड्रेसिंग और ट्यूबिंग को रोगाणुओं से बचाएँ। लाइन से निकलने वाली ट्यूब को डायपर वाले स्थान में लटकने न दें। यदि आपके बच्चे की लार टपक सकती है या उसे उल्टी हो सकती है, तो ड्रेसिंग को बिब या किसी अन्य कवरिंग की मदद से बचाएँ। यदि ड्रेसिंग गीली या गंदी हो जाए तो अपनी देखभाल टीम से संपर्क करें ताकि उसे तुरंत बदला जा सके। 
  • लाइन या ट्यूबिंग के पास कैंची, हीमोस्टैट या अन्य पैनी/नुकीली वस्तुओं का उपयोग न करें। 
  • यदि लाइन को फ़्लश करने में मुश्किल आए, तो ज़बरन फ़्लश करने की कोशिश न करें। तुरंत अपनी देखभाल टीम को सूचना दें।

अपनी देखभाल करने वाली टीम को कॉल कब करें

अपने बच्चे पर सेंट्रल लाइन की समस्याओं के संकेतों के लिए सावधानीपूर्वक नज़र रखें। यदि आपको इनमें से कुछ भी दिखे तो तुरंत अपनी देखभाल टीम से संपर्क करें:

  • बुखार, ठंड लगना
  • सेंट्रल लाइन स्थल के आस-पास लालिमा, सूजन, सुकुमारता (छूने मात्र से दर्द), गर्माहट या बदबू
  • लाइन से मवाद, रक्तस्राव, स्राव, या रिसाव आना
  • सेंट्रल लाइन के उपयोग या उसे फ़्लश करने में समस्या
  • लाइन का हिलना/खिसकना या ट्यूबिंग को क्षति

अपनी देखभाल टीम से पूछे जाने वाले प्रश्न

  • मेरे बच्चे की सेंट्रल लाइन के साथ क्या-क्या समस्याएँ हो सकती हैं?
  • मुझे किन संकेतों पर नज़र रखनी चाहिए?
  • मैं मेरे बच्चे की सेंट्रल लाइन को साफ़ और सुरक्षित कैसे रखूँ?
  • यदि लाइन में अवरोध या क्षति हो, या यदि लाइन हिल या खिसक जाए या बाहर निकल आए तो मैं क्या करूँ?
  • आप मेरे बच्चे की सेंट्रल लाइन को समस्याओं के लिए कब-कब जाँचेंगे?
  • सेंट्रल लाइन के साथ मेरे बच्चे को किन गतिविधियों से बचना चाहिए?
  • क्या मेरा बच्चा सेंट्रल लाइन के साथ नहा सकता है?
  • मेरे बच्चे को सेंट्रल लाइन की कब तक लगाए रखने की ज़रूरत होगी?
  • मुझे देखभाल टीम को कब कॉल करना चाहिए या आपातस्थिति कक्ष कब जाना चाहिए?
  • कार्य घंटों के बाहर के घंटों में या इमरजेंसी में मुझे किसे कॉल करना चाहिए?

सेंट्रल लाइन की समस्याओं के बारे में मुख्य बिंदु

  • आपके बच्चे को उपचार के लिए सेंट्रल लाइन की ज़रूरत पड़ सकती है। यह दवाएँ या तरल पदार्थ देने अथवा रक्त लेने के लिए एक दीर्घकालिक IV होती है।
  • संक्रमण सबसे सामान्य जोखिम है और यह सेंट्रल लाइन से संबंधित रक्तधारा संक्रमण (सेंट्रल लाइन-एसोसिएटेड ब्लडस्ट्रीम इन्फ़ेक्शन, CLABSI) नामक एक प्राणघातक स्थिति का कारण बन सकता है।
  • सेंट्रल लाइन के संक्रमण, अवरोध, क्षति, हिलने/खिसकने, या रक्त के थक्कों के संकेतों पर नज़र रखें। 
  • सेंट्रल लाइन की देखभाल के लिए अपनी देखभाल टीम के निर्देशों का पालन करें और संक्रमण को रोकने के लिए कदम उठाएं।
  • आपके बच्चे की सेंट्रल लाइन के साथ जो भी समस्याएँ हों उनके बारे में अपनी देखभाल टीम को तुरंत सूचना दें। 


समीक्षित: फरवरी 2026

संबंधित सामग्री