मुख्य विषयवस्तु में जाएं

सेंट्रल लाइन एसोसिएटेड ब्लडस्ट्रीम इन्फेक्शन (CLABSI)

CLABSI क्या है?

जिन बच्चों केकेंद्रीय शिरापरक कैथेटर (नली) (सेंट्रल लाइन) लगी होती है वे सेंट्रल लाइन-संबद्ध रक्तधारा संक्रमण (सेंट्रल लाइन-एसोसिएटेड ब्लडस्ट्रीम इन्फ़ेक्शन, CLABSI) के जोखिम में होते हैं। यह संक्रमण आपके बच्चे के रक्त में रोगाणुओं के प्रवेश करने पर हो सकता है।

CLABSI गंभीर और प्राणघातक हो सकता है। यदि आपके बच्चे को सेंट्रल लाइन लगी है और उसमें संक्रमण के कोई संकेत दिखते हैं, तो तुरंत अपनी देखभाल टीम से संपर्क करें या आपातस्थिति कक्ष जाएँ। आपकी देखभाल टीम संक्रमण के स्रोत का पता लगाने के लिए परीक्षण करेगी और उपयुक्त उपचार सुझाएगी।

सेंट्रल लाइन और CLABSI

सेंट्रल लाइन (सेंट्रल वीनस कैथेटर) एक लंबी व पतली ट्यूब (कैथेटर) होती है जो दीर्घकालिक वीनस (शिरा) एक्सेस प्रदान करती है। इसे किसी ऐसी बड़ी शिरा में लगाया जाता है जो हृदय के करीब जाकर खत्म होती है। सेंट्रल लाइन के प्रकारों में शामिल हैं पेरिफेरली इन्सर्टेड (परिधीय मार्ग से प्रविष्ट) सेंट्रल कैथेटर (PICC लाइन), टनल्ड सेंट्रल लाइन और अवत्वचीय पोर्ट

सेंट्रल लाइनों का उपयोग दवाएँ, तरल पदार्थ, रक्त उत्पाद और पोषण देने के लिए किया जा सकता है और वे चिकित्सीय देखभाल तथा जीवन की गुणवत्ता के लिए महत्वपूर्ण होती हैं। वे अक्सर अपनी जगह तब तक लगी रह सकती हैं जब तक आपके बच्चे का उपचार चलता है (महीनों से लेकर वर्षों तक)।

CLABSI उपचार में विलंब कर सकता है और अतिरिक्त चिकित्सीय कार्यविधियों, जैसे लाइन हटाने और नई लाइन लगाने की सर्जरी, का कारण बन सकता है।

सेंट्रल लाइनों के बारे में और जानें।

CLABSI के लक्षण

एक बच्चे रोगी को सेंट्रल लाइन लगी है और उसने फ़ेस मास्क पहना हुआ है

CLABSI उन रोगियों के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य जोखिम है जिन्हें सेंट्रल लाइन लगी है। अपने बच्चे में संक्रमण के कोई संकेत हों तो तुरंत अपनी देखभाल टीम से संपर्क करें।

सेंट्रल लाइन संक्रमण के संकेतों और लक्षणों में ये शामिल हो सकते हैं:

  • बुखार, मुँह का तापमान 100.4 °F (38 °C) या अधिक, या फिर आपकी देखभाल टीम द्वारा निर्देशित के अनुसार बुखार के दिशानिर्देशों का पालन करें
  • दर्द, चुभन या दुखन
  • लाइन जिस जगह शरीर से बाहर निकलती है वहाँ पर लालिमा, सूजन या गर्माहट
  • लाइन जिस जगह शरीर से बाहर निकलती है वहाँ से अपवाह, तरल पदार्थ का रिसाव या बदबू
  • फुंसी, चकत्ता या त्वचा के घाव
  • ठंड लगना
  • तेज़ हृदयगति
  • खांसी आना या जोर-जोर से सांस चलना
  • चक्कर आना
  • दौरे पड़ना
  • उनींदापन या जगाने में मुश्किल होना
  • जी मिचलाना, उल्टी होना
  • पसीना अधिक आना
  • किसी उचित कारण के बिना चिड़चिड़ाना या रोना/चिल्लाना

CLABSI एक गंभीर स्वास्थ्य जोखिम है। अपने बच्चे में लक्षणों पर और व्यवहार में बदलावों पर नज़र रखें। यदि आपको बदलाव दिखें तो तुरंत अपने क्लिनिक से संपर्क करें। यदि आप अधिक समय रुकेंगे तो रोगाणु बढ़ते जाएँगे और संक्रमण का उपचार कठिन हो जाएगा। 

CLABSI के कारण

गंभीर अस्वस्थता से ग्रस्त बच्चों में सेंट्रल लाइन संक्रमण आम तौर पर किसी बैक्टीरिया के कारण होते हैं। CLABSI किसी यीस्ट या फ़ंगल संक्रमण का परिणाम भी हो सकता है, लेकिन ऐसा होना कम आम है।

त्वचा पर मौजूद रोगाणु

त्वचा पर रोगाणुओं, जिनमें बैक्टीरिया और फ़ंगस शामिल हैं, का होना आम है। सेंट्रल लाइन संक्रमण अक्सर त्वचा के बैक्टीरिया के कारण होते हैं।

त्वचा रोगाणुओं को शरीर में प्रवेश से रोके रखती है, लेकिन त्वचा पर मौजूद रोगाणु सेंट्रल लाइन से होकर शरीर में प्रवेश पा सकते हैं। जब अस्वस्थता या उपचार के कारण आपके बच्चे का प्रतिरक्षा तंत्र कमज़ोर होता है, तो उसके शरीर के लिए संक्रमण से लड़ना कठिन होता है।

मुँह और आँतों में मौजूद रोगाणु

मुँह और आँतों में रहने वाले रोगाणु, जैसे बैक्टीरिया और फ़ंगस, कभी-कभी रक्तधारा में प्रवेश कर जाते हैं और गंभीर संक्रमण, जिनमें CLABSI शामिल है, का कारण बनते हैं। ऐसा होने की संभावना उन रोगियों में अधिक है जिनका प्रतिरक्षा तंत्र कमज़ोर है या जिनका मुँह या आँतों का स्वास्थ्य खराब है।

मुँह और आँत सामान्यतः एक अस्तर द्वारा सुरक्षित रहते हैं जिसे म्यूकोसल बैरियर कहते हैं। लेकिन गंभीर अस्वस्थता से ग्रस्त बच्चों में, कीमोथैरेपी और रेडिएशन इस सुरक्षा अस्तर को नुकसान पहुँचा सकते हैं। इसे म्यूकोसल बैरियर इंजरी (MBI) कहते हैं। इससे रोगाणुओं को रक्तधारा में प्रवेश करके संक्रमण करने का मौका मिल जाता है।

CLABSI की पहचान

देखभाल टीम शारीरिक परीक्षा करेगी और संक्रमण के स्रोत का पता लगाने के लिए परीक्षण करेगी।

  • ब्लड कल्चर: ब्लड कल्चर में सेंट्रल लाइन से रक्त के नमूने लिए जाते हैं और रक्त का कम-से-कम 1 नमूना किसी शिरा में लगाई गई नीडल से लिया जाता है। ये परीक्षण यह जाँचते हैं कि क्या रक्त में बैक्टीरिया या फ़ंगस मौजूद हैं।
  • अन्य परीक्षण: संक्रमण सेंट्रल लाइन से आ रहा है या किसी अन्य स्रोत से, यह पता लगाने में मदद के लिए शरीर के अन्य भागों, जैसे त्वचा या मूत्र (पेशाब), से भी नमूने लिए जा सकते हैं। यदि लाइन हटाई जाती है, तो कैथेटर के सिरे का परीक्षण (कैथेटर टिप कल्चर) किया जा सकता है।

CLABSI का उपचार

CLABSI के उपचार में दवाएँ देना और सेंट्रल लाइन हटाना शामिल हो सकता है।

  • एंटीबायोटिक या एंटीफ़ंगल दवाएँ: आपकी देखभाल टीम संक्रमण करने वाले रोगाणुओं से लड़ने के लिए दवाएँ देगी।
  • सेंट्रल लाइन हटाना: CLABSI के उपचार के लिए आपके बच्चे की सेंट्रल लाइन को हटाना पड़ सकता है। कुछ मामलों में, सेंट्रल लाइन हटाकर एक नया डिवाइस लगाया जाता है, जो कभी-कभी किसी अन्य स्थान पर लगाया जाता है। जब तक संक्रमण खत्म न हो जाए तब तक नई सेंट्रल लाइन नहीं लगाई जा सकती है। यदि सेंट्रल लाइन को लगाए रखा जाता है, तो संक्रमण के उपचार के लिए लाइन के ज़रिए एंटीबायोटिक दवाएँ देना महत्वपूर्ण है।
  • सहायक देखभाल: आपके बच्चे का आराम बढ़ाने में मदद के लिए, उसे दवाएँ, तरल पदार्थ या बुखार व अन्य लक्षणों के अन्य उपचार दिए जा सकते हैं।

उपचार के दौरान और उसके बाद आपके बच्चे पर करीबी नज़र रखी जाएगी। उसे निर्देशानुसार दवाएँ लेनी और खत्म करनी होंगी।

कैंसर या गंभीर अस्वस्थता से ग्रस्त बच्चों में सेंट्रल लाइन संक्रमण

लाइन की उचित देखभाल CLABSI का जोखिम घटाने का सबसे प्रभावी तरीका है। यह जानना भी महत्वपूर्ण है कि क्या चीज़ें आपके बच्चे में संक्रमण का जोखिम बढ़ा सकती हैं। जिन बच्चों का कैंसर का उपचार हो रहा है और जो अस्पताल में हैं उनमें संक्रमण, जिसमें सेंट्रल लाइन संक्रमण शामिल है, का अधिक जोखिम होता है। कैंसर ग्रस्त बच्चों में CLABSI का जोखिम बढ़ाने वाले अन्य कारकों में ये शामिल हैं:

कुछ मामलों में, सेंट्रल लाइन से संबंधित कारक संक्रमण का जोखिम बढ़ा सकते हैं। इनमें शामिल है:

  • शरीर में सेंट्रल लाइन का स्थान (जाँघों के बीच वाले स्थान में लगी लाइन में संक्रमण का जोखिम छाती या बाँहों और पैरों में लगी लाइनों से अधिक होता है)
  • सेंट्रल लाइन का प्रकार (इंप्लांट किए गए पोर्ट में जोखिम सबसे कम होता है)
  • लूमेन (छेदों) की संख्या। सिंगल लूमेन में जोखिम आम तौर पर कम होता है।
  • सेंट्रल लाइन की समस्याएँ, जैसे अवरोध या मरम्मत की ज़रूरत

CLABSI की रोकथाम कैसे करें?

आपका बच्चा सेंट्रल लाइन लगी होने के साथ घर जाए उससे पहले, देखभाल टीम का एक सदस्य घर पर लाइन की देखभाल का तरीका आपको सिखाएगा। सेंट्रल लाइन की देखभाल के सभी चरणों का पालन करें और संक्रमण के संकेतों पर नज़र रखें।

जब संभव हो तब सेंट्रल लाइन के उपयोग को सीमित करें। जब-जब सेंट्रल लाइन का उपयोग किया जाता है, हर बार संक्रमण का जोखिम होता है।

अन्य अस्वस्थ लोगों से बचें।

अपनी देखभाल करने वाली टीम को कॉल कब करें

यदि आपको इनमें से कुछ भी दिखे तो अपनी देखभाल टीम से संपर्क करें:

  • सेंट्रल लाइन के स्थान पर लालिमा, दर्द, गर्माहट, सूजन या उभरी हुई शिराएँ
  • सेंट्रल लाइन के स्थान से तरल पदार्थ, रक्त या मवाद का रिसाव 
  • सेंट्रल लाइन के स्थान से रक्तस्राव
  • शरीर की जिस साइड से सेंट्रल लाइन बाहर निकलती है उस साइड चेहरे, गर्दन, कंधे, छाती या बाँह में सूजन
  • 100.4 °F (38 °C) या अधिक का बुखार, या जैसे आपकी देखभाल टीम द्वारा निर्देश दिया गया हो
  • कंपकंपी, उबकाई, कमज़ोरी, छाती में दर्द, साँस फूलना, तेज़ हृदयगति, चक्कर आना या भ्रम
  • लाइन अवरुद्ध है, रिस रही है, फ़्लश नहीं हो रही या अपनी जगह से हट गई है

अपनी देखभाल टीम से पूछे जाने वाले प्रश्न 

  • क्या मेरे बच्चे में CLABSI का जोखिम है?
  • अस्पताल में CLABSI की रोकथाम के लिए क्या उपाय किए जाते हैं?
  • मैं घर पर CLABSI की रोकथाम में मदद के लिए क्या करूँ?
  • मुझे संक्रमण के किन संकेतों पर नज़र रखनी चाहिए?
  • CLABSI के होने की पहचान कैसे की जाती है?
  • ब्लड कल्चर के परिणाम मिलने में कितना समय लगता है?
  • CLABSI का उपचार कैसे होता है?
  • यदि मेरे बच्चे को CLABSI है तो क्या उसकी सेंट्रल लाइन को हटाना पड़ेगा?
  • मुझे देखभाल टीम को कब कॉल करना चाहिए या आपातस्थिति कक्ष कब जाना चाहिए?

CLABSI के बारे में मुख्य बिंदु

  • जिन बच्चों को सेंट्रल लाइन लगी है वे सेंट्रल लाइन-संबद्ध रक्तधारा संक्रमण (सेंट्रल लाइन-एसोसिएटेड ब्लडस्ट्रीम इन्फ़ेक्शन, CLABSI) नामक एक गंभीर रक्त संक्रमण के जोखिम में होते हैं।
  • रोगाणु सेंट्रल लाइन से होकर या मुँह अथवा आँतों (म्यूकोसल बैरियर इंजरी) से होकर रक्तधारा में प्रवेश कर सकते हैं।
  • CLABSI के संकेतों और लक्षणों में बुखार, कंपकंपी और सेंट्रल लाइन के स्थान के आस-पास लालिमा, सूजन, दर्द या मवाद शामिल हैं।
  • यदि आपकी देखभाल टीम को CLABSI का संदेह है, तो वह संक्रमण के स्रोत का पता लगाने के लिए परीक्षण कर सकती है।
  • CLABSI का उपचार आम तौर पर एंटीबायोटिक या एंटीफ़ंगल दवाओं से किया जाता है। कुछ मामलों में, सेंट्रल लाइन को हटाने या बदलने की ज़रूरत पड़ सकती है।
  • सेंट्रल लाइन की देखभाल और संक्रमण की रोकथाम के लिए अपनी देखभाल टीम के निर्देशों का पालन करें।
  • यदि आपके बच्चे को सेंट्रल लाइन लगी है और आपको संक्रमण के संकेत दिखें तो तुरंत चिकित्सा देखभाल प्राप्त करें।

CLABSI के लिए और संसाधन


समीक्षित: फरवरी 2026

संबंधित सामग्री