मुख्य विषयवस्तु में जाएं

रक्त विकारों की पहचान

रक्त विकार कई प्रकार के होते हैं। रक्त विकार रक्त के एक या अधिक भागों को प्रभावित कर सकता है जिनमें शामिल हैं लाल रक्त कोशिकाएं, श्वेत रक्त कोशिकाएं, प्लेटलेट्स, और प्लाज़्मा. इसके कारण कई अलग-अलग लक्षण और स्वास्थ्य समस्याएँ हो सकती हैं जो इस बात पर निर्भर है कि किस प्रकार की रक्त कोशिकाएँ प्रभावित हुई हैं।

रक्त विकारों के प्रकारों के बारे में जानकारी पाएँ।

रक्त विकारों की पहचान कैसे की जाती है?

शारीरिक परीक्षा और चिकित्सा इतिहास किसी भी रक्त विकार की पहचान का पहला चरण होता है। आपका स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता आपके बच्चे के लक्षणों के बारे में, हालिया अस्वस्थताओं के बारे में और आपका बच्चा जो भी दवाएँ लेता हो उनके बारे में पूछेगा। वह परिवार में रक्त विकारों के इतिहास, यदि कोई हो, के बारे में भी पूछ सकता है।  

रक्त विकारों की पहचान के परीक्षण

मास्क पहने एक आदमी जाँच कक्ष में बच्चे से बात कर रहा है

रक्त विकारों की पहचान शारीरिक परीक्षा, चिकित्सा इतिहास, लैब परीक्षणों और अन्य जानकारी के आधार पर की जाती है।

रक्त विकारों के लैब परीक्षणों में ये शामिल हो सकते हैं:

  • पूर्ण रक्त गणना (CBC), रक्त की कई विशेषताओं के मापन के लिए और समग्र स्वास्थ्य की बड़ी तस्वीर जानने के लिए
  • ब्लड स्मिअर, माइक्रोस्कोप के ज़रिए रक्त कोशिकाओं के आकार व आकृति पर नज़र डालने के लिए
  • रेटिकुलोसाइट काउंट, आपके बच्चे के शरीर में नवजात लाल रक्त कोशिकाओं की संख्या मापने के लिए 
  • आयरन, विटामिन (विटामिन B12 और फ़ोलिक एसिड) तथा रक्त के अन्य घटकों को मापने के परीक्षण
  • हीमोग्लोबिन के असामान्य प्रकारों का पता लगाने के लिए हीमोग्लोबिन परीक्षण 
  • रक्त थक्का कैसे जमाता है यह मापने के परीक्षण
  • किडनी और लिवर की कार्यक्षमता मापने के परीक्षण
  • बोन मैरो एस्पिरेशन (चूषण) और बायोप्सी, बोन मैरो के नमूने में पाई गईं कोशिकाओं की संख्या और आकार देखने के लिए
  • आनुवंशिक परीक्षण, वंशानुगत विकारों या जीन के बदलावों की जाँच के लिए

रक्त विकारों के इमेजिंग परीक्षणों में स्प्लीन (प्लीहा/तिल्ली) की जाँच के लिए अल्ट्रासाउंड (सोनोग्राम) शामिल हो सकता है। 

पहचान परीक्षण चुनते समय देखभाल टीम इन बिंदुओं पर विचार करती है:

  • उसके विचार में आपके बच्चे को किस प्रकार का रक्त विकार हो सकता है
  • आपके बच्चे के लक्षण
  • आपके बच्चे की उम्र और स्वास्थ्य इतिहास 
  • पिछले चिकित्सा परीक्षणों के परिणाम 
  • परिवार में रक्त विकारों का इतिहास

उपचारों की योजना बनाने के लिए परीक्षण परिणामों का उपयोग

यदि परीक्षण परिणामों से किसी रक्त विकार का संकेत मिलता है, तो अधिक संभावना यह है कि आपका स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता रक्त विकार के विशिष्ट प्रकार की पहचान हेतु और परीक्षण करवाने के लिए आपको किसी हिमेटॉलजिस्ट को रेफ़र करेगा।  हिमेटॉलजिस्ट ऐसा चिकित्सक होता है जो रक्त विकारों की पहचान और उपचार में विशेषज्ञ होता है। 

देखभाल टीम के सदस्य आपके साथ परीक्षण परिणामों और उपचार विकल्पों पर चर्चा करेंगे। रक्त विकारों की उपचार योजना रक्त विकार के प्रकार पर और स्थिति की गंभीरता पर निर्भर करती है। 

रक्त विकार के निदान का सामना कर रहे परिवारों के लिए सुझाव 

जब आपके बच्चे में किसी रक्त विकार के होने की पहचान होती है तो डर लगना या क्या करें यह समझ न आना सामान्य है। आपको नई (रोग-)पहचान का सामना करने में मदद देने वाले कुछ सुझाव इस प्रकार हैं:

  • अपनी देखभाल टीम से खुलकर बात करें। प्रश्न पूछें और अपनी चिंताएँ ज़ाहिर करें। 
  • अपॉइंटमेंट के दौरान अपने साथ एक नोटबुक रखें। अपने प्रश्न और महत्वपूर्ण जानकारी लिख लें ताकि आप भूलें नहीं।
  • पूछें कि आपको आपके बच्चे के परीक्षण परिणाम कैसे और कब मिलेंगे।
  • जानें कि आपके बच्चे की लैब वैल्यू का क्या अर्थ है।
  • अपनी देखभाल टीम से और आप जैसे अनुभव से गुज़र चुके अन्य परिवारों से सहायता माँगें।

देखभाल टीम से पूछे जाने वाले प्रश्न

  • मेरे बच्चे को किन परीक्षणों की ज़रूरत होगी?
  • मेरे बच्चे को परीक्षणों के लिए क्या तैयारी करनी चाहिए?
  • मेरे बच्चे को किस प्रकार का रक्त विकार है?
  • मेरे बच्चे के रक्त विकार के उपचार विकल्प क्या हैं?
  • यह रोग-पहचान मेरे बच्चे के जीवन को किस प्रकार प्रभावित करेगी?
  • क्या जीवनशैली में किए जा सकने वाले ऐसे कोई बदलाव हैं जिनसे मेरे बच्चे को उसके रोग के प्रबंधन में मदद मिलेगी?
  • क्या परिवार के अन्य सदस्यों को भी रक्त विकार परीक्षण की ज़रूरत है?

रक्त विकार पहचान के बारे में मुख्य बिंदु

  • रक्त विकारों की पहचान के शुरुआती चरणों में शारीरिक परीक्षा और संकेतों व लक्षणों के बारे में जानने के लिए स्वास्थ्य इतिहास शामिल होते हैं।
  • रक्त विकार की पहचान के लिए, आपकी देखभाल टीम विभिन्न प्रकार के परीक्षण लिख सकती है, जैसे रक्त परीक्षण, इमेजिंग परीक्षण, बायोप्सी और आनुवंशिक परीक्षण।
  • अपनी देखभाल टीम से परीक्षणों और परिणामों के बारे में प्रश्न पूछें। 
  • परिणामों के बारे में जो कुछ जान सकते हों वह जानें, ताकि आप उपचारों की योजना बनाने में भाग ले सकें और अपने बच्चे का पक्षधर बन सकें।


समीक्षित: सितंबर 2024

संबंधित सामग्री