मुख्य विषयवस्तु में जाएं

बच्चों को होने वाले कैंसर की देखभाल टीम

जब किसी बच्चे को कैंसर होता है, तो उसे ऐसे विशेषज्ञों की टीम की ज़रूरत होती है जो रोग की पहचान से लेकर उपचार तक तथा उससे भी आगे उसे देखभाल प्रदान कर सकते हों। इस टीम में चिकित्सक, नर्सें और अन्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ शामिल होते हैं।

देखभाल टीम के सदस्य, आपके बच्चे की ज़रूरतों और उपचार योजनाओं के आधार पर बदल सकते हैं। आपके बच्चे की देखभाल टीम में बहुत सारे विशेषज्ञ भी हो सकते हैं या फिर कुछेक भी।

मुख्य देखभाल टीम

संभावना यह है कि आपके बच्चे की प्राथमिक देखभाल टीम में एक चिकित्सक (उपचारकर्ता चिकित्सक) होगा, एक उन्नत अभ्यास प्रदाता होगा और देखभाल के तालमेल के लिए एक नर्स होगी।

  • बाल-चिकित्सा कैंसर विशेषज्ञ या बाल-चिकित्सा रुधिर रोग विशेषज्ञ/कैंसर विशेषज्ञ: बचपन के कैंसरों का उपचार करता है। यह चिकित्सक आपके बच्चे के कैंसर उपचार का निर्देशन और प्रबंधन करता है।
  • रजिस्टर्ड नर्स (RN)विभिन्न प्रकार की नर्सिंग देखभाल प्रदान करती है। ज़िम्मेदारियों में रोगियों की निगरानी और जांच करना, कीमोथेरेपी और अन्य दवाएं देना, दैनिक ज़रूरतों का ध्यान रखना, और रोगी व उनके परिवार को ज़रूरी शिक्षा प्रदान करना शामिल है।
  • उन्नत अभ्यास प्रदाता (एडवांस्ड प्रैक्टिस प्रोवाइडर, APP): आपके बच्चे की देखभाल में मदद के लिए चिकित्सक के साथ काम करते हैं। APP 2 प्रकार के होते हैं:
    • चिकित्सक सहायक (फिज़ीशियन असिस्टेंट, PA) लाइसेंसशुदा स्वास्थ्य देखभाल पेशेवर होते हैं जो देखभाल की योजना बनाने, रोगियों का आकलन करने, दवाएँ और उपचार योजनाएँ निर्धारित करने और कुछ कार्यविधियाँ करने में मदद देते हैं।
    • नर्स प्रैक्टिसनर (NP) रजिस्टर्ड नर्सें होती हैं जिन्हें उन्नत शिक्षा और प्रशिक्षण मिला होता है। वे शारीरिक परीक्षा व परीक्षण कर सकती हैं और उपचार निर्धारित कर सकती हैं।

रोग की पहचान और उपचार के दौरान देखभाल टीम

रोग की पहचान और उपचार योजना के आधार पर हर रोगी की अलग-अलग ज़रूरतें होती हैं। देखभाल टीम के सदस्य आपके बच्चे की विशिष्ट ज़रूरतों की पूर्ति के लिए उसके साथ काम करेंगे।

रेडियॉलजी टीम के सदस्य पहचान और उपचार के दौरान इमेजिंग करने में और कैंसर कोशिकाओं को मारने के लिए विकीरण चिकित्सा का उपयोग करने में विशेषज्ञता रखते हैं। इस टीम में ये शामिल हो सकते हैं:

  • रेडियॉलजिस्ट और/या इंटरवेंशनल रेडियॉलजिस्ट (चिकित्सक): मेडिकल इमेजिंग विधियों, जैसे एक्स-रे, कंप्यूटरीकृत टोमोग्राफी (CT) स्कैन, चुंबकीय प्रतिध्वनि इमेजिंग (MRI), पॉज़िट्रॉन एमिशन टोमॉग्रफी (PET), न्यूक्लियर मेडिसिन परीक्षणों और अल्ट्रासाउंड की मदद से रोगों की पहचान करता है।
  • रेडियॉलजी या इमेजिंग टेक्नॉलजिस्ट (जिसे टेक या रेडियोग्राफर भी कहते हैं): एक्स-रे, कंप्यूटरीकृत टोमोग्राफी, चुंबकीय प्रतिध्वनि इमेजिंग, PET, न्यूक्लियर दवा परीक्षणों और अल्ट्रासाउंड का उपयोग करके शरीर की तस्वीरें बनाता है
  • रेडिएशन ऑन्कॉलजिस्ट (चिकित्सक): हाई-एनर्जी रेडिएशन का उपयोग करके कैंसर का उपचार करता है, यह रेडिएशन उपचार के दौरान ट्यूमरों को सिकोड़कर कैंसर कोशिकाओं को मार सकता है

यदि रोग की पहचान या उपचार के लिए आपके बच्चे को सर्जरी की ज़रूरत हो तो कई विशेषज्ञ सर्जरी, सिडेशन (शमन) और एनेस्थीसिया (संज्ञाहरण) प्रदान करेंगे। इन विशेषज्ञों में ये शामिल हो सकते हैं:

  • सर्जिकल ऑन्कॉलजिस्ट (चिकित्सक): कैंसर की पहचान और उपचार के लिए सर्जरी या कार्यविधियाँ करता है
  • सर्जिकल स्पेशलिस्ट (चिकित्सक): विशिष्ट प्रकार की सर्जरी करता है। उदाहरण के लिए, एक न्यूरोसर्जन ऑपरेशन करता है तंत्रिका तंत्र पर, जिसमें दिमाग और रीढ़ शामिल हैं। एक ऑर्थोपीडिक सर्जन मस्कुलोस्केलेटल तंत्र की सर्जरी में विशेषज्ञ होता है, जिसमें हड्डियाँ, जोड़और मांसपेशियाँ शामिल होती हैं।
  • एनेस्थीसियॉलजिस्ट (चिकित्सक): दर्द की रोकथाम या उससे राहत के लिए एनेस्थीसिया देता है और सर्जरी या अन्य कार्यविधियों के दौरान रोगियों की निगरानी करता है।
  • सर्टिफ़ाइड रजिस्टर्ड नर्स एनेस्थेटिस्ट (CRNA): रोगी को सिडेशन (शमन) या एनेस्थीसिया (संज्ञाहरण) के लिए तैयार करती है, एनेस्थीसिया की दवाएँ देती है, कार्यविधियों के दौरान रोगियों की निगरानी करती है और एनेस्थीसियॉलजिस्ट की सहायता के लिए अन्य कार्य करती है। CRNA एक ऐसी रजिस्टर्ड नर्स होती है जिसे एनेस्थीसिया में उन्नत प्रशिक्षण मिला होता है।

आपके बच्चे के कुछ अन्य विशेषज्ञ भी हो सकते हैं, जैसे:

  • पैथॉलजिस्ट (चिकित्सक): माइक्रोस्कोप के ज़रिए ऊतकों और कोशिकाओं को देखकर रोगों की पहचान करता है और अन्य परीक्षण करता है। बायोप्सी के बाद, पैथॉलजिस्ट यह पता लगाने के लिए आपके बच्चे के ऊतक नमूने का अध्ययन करता है कि क्या वह ट्यूमर एक कैंसर है, और यदि हाँ, तो वह किस प्रकार का कैंसर है। इसमें लैब टेक्नोलॉजिस्ट, पैथोलॉजिस्ट की सहायता करते हैं।
  • मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट (कैंसर विशेषज्ञ चिकित्सक): कैंसर के इलाज में कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी और लक्षित थेरेपी जैसी दवाओं का उपयोग करते हैं। यह व्यक्ति बच्चे का मुख्य चिकित्सक (बाल-चिकित्सा रुधिर रोग विशेषज्ञ-कैंसर विशेषज्ञ) भी हो सकता है।
  • क्लिनिकल फार्मासिस्ट: दवाएँ तैयार करता है और वितरित करता है। फार्मासिस्ट रोगियों और परिवारों को निर्धारित दवाओं के उचित उपयोग और दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हैं। वह दवाओं का हिसाब रखने और उनकी खुराक तय करने में भी मदद करता है।
  • संक्रामक रोग विशेषज्ञ (चिकित्सक): कैंसर उपचार करवा रहे बच्चों में हो सकने वाले संक्रमणों की रोकथाम, पहचान और उपचार के लिए काम करता है। वह अस्पष्ट कारण वाले बुखारों या गंभीर संक्रमण के संकेतों वाले रोगियों के उपचार में मदद कर सकता है।

शारीरिक सहायता

आपके बच्चे को उसके कैंसर के प्रकार और उपचार के आधार पर अन्य स्वास्थ्य पेशेवरों से मदद की ज़रूरत पड़ सकती है। ये विशेषज्ञ रिकवरी और संपूर्ण स्वास्थ्य के संबंध में मदद करते हैं:

रीहैबिलिटेशन (पुनर्वास) स्पेशलिस्ट: संचलन, श्रवण, उच्चारण, संचार और दैनिक गतिविधियों में आपके बच्चे की मदद करता है। आपका बच्चा फिज़िकल थैरेपी (भौतिक चिकित्सा), ऑक्युपेशनल थैरेपी (व्यवसाय-संबंधी चिकित्सा), स्पीच थैरेपी (उच्चारण चिकित्सा), ऑडियॉलजी (श्रवणविज्ञान) और लर्निंग के विशेषज्ञों को दिखा सकता है।

क्लिनिकल न्यूट्रीशनिस्ट (पोषणविज्ञानी) या रजिस्टर्ड डायटीशियन (आहारविज्ञानी): स्वस्थ खान-पान की आदतों, विशेष आहारों और थैरेपी के लिए पोषण संबंधी देखभाल और शिक्षा प्रदान करता है।

पैलिएटिव (प्रशामक) केयर स्पेशलिस्ट: आपके बच्चे के जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर फ़ोकस करता है। वह चिकित्सा कार्यविधियों या उपचारों के दौरान बेचैनी, दर्द या भूख न लगना जैसे लक्षणों का उपचार करता है। प्रशामक देखभाल टीम में, रोगी की शारीरिक, भावनात्मक, सामाजिक और आध्यात्मिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए अन्य स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता शामिल हो सकते हैं।

मनोसामाजिक सहायता

चैपलेन (पादरी)/धर्मगुरु: आपके बच्चे की अस्वस्थता या अन्य चुनौतियों से उत्पन्न धार्मिक, आध्यात्मिक और भावनात्मक ज़रूरतों के मामले में आपकी और आपके परिवार की सहायता करता है

बाल जीवन विशेषज्ञ: आपके बच्चे की कैंसर का सामना करने में मदद करने के लिए खेल, कला और अन्य गतिविधियों का उपयोग करता है और आयु-उपयुक्त, बाल-अनुकूल विधियों का उपयोग करते हुए उन्हें उपचारों और प्रक्रियाओं के लिए तैयार करता है।

साइकॉलजिस्ट (मनोविज्ञानी):भावनात्मक, व्यवहार-संबंधी, सामाजिक और संज्ञानात्मक चिंताओं का सामना करने में आपकी और आपके बच्चे की सहायता करता है। साइकॉलजिस्ट मानसिक स्वास्थ्य संसाधन प्रदान करते हैं जिनमें शामिल हैं मनोवैज्ञानिक आकलन, परामर्श, व्यवहार-संबंधी हस्तक्षेप और तनाव या दर्द प्रबंधन।

सामाजिक कार्यकर्ता: कैंसर के इस पूरे सफ़र के विभिन्न चरणों में परामर्श और सहायता प्रदान करते हैं। सामाजिक कार्यकर्ता भी परिवार शिक्षा, वित्तीय चिंताओं और आवासन इत्यादि चुनौतियों में मदद के लिए संसाधन ढूँढने में आपकी मदद कर सकते हैं।

देखभाल टीम के अन्य विशेषज्ञ

आपके बच्चे को उपचार और रिकवरी के दौरान अतिरिक्त सहायता और देखभाल की ज़रूरत हो सकती है। ये पेशेवर विशिष्ट ज़रूरतों के मामले में आपके बच्चे की सहायता करने में मदद कर सकते हैं:

  • प्रजनन विशेषज्ञ (चिकित्सक या नर्स प्रैक्टिशनर): रोगियों को प्रजनन स्वास्थ्य संबंधी ज़रूरतों में मदद देते हैं। कुछ कैंसर उपचार आपके बच्चे की भविष्य में माँ/पिता बन सकने की क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं। प्रजनन विशेषज्ञ आपके जोखिमों तथा प्रजनन क्षमता को बचाने के संभावित विकल्पों को समझने में आपकी मदद कर सकता है।
  • आनुवंशिक परामर्शदाता: व्याख्या करते हैं आनुवांशिक परीक्षण परिणामों का विश्लेषण करते हैं, वंशानुगत बीमारियों के जोखिम का आकलन करते हैं, और आनुवंशिक स्थितियों को समझने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करते हैं
  • होस्पाइस (मरणासन्न आश्रम) देखभाल प्रदाता: यदि बीमारी का कोई इलाज उपलब्ध न हो, तो लक्षणों को नियंत्रित करने और जीवन की गुणवत्ता सुधारने के लिए करुणामयी देखभाल प्रदान करते हैं। देखभाल विभिन्न स्थानों में प्रदान की जा सकती है, जिनमें अस्पताल या घर शामिल हैं।
  • ऑर्थोटिक या प्रॉस्थेटिक प्रैक्टिसनर: यदि आपके बच्चे की कुछ शारीरिक पुनर्वास ज़रूरतें हैं तो ऑर्थोपीडिक ब्रेस डिज़ाइन करके फ़िट करता है। प्रोस्थेटिक, विशेष रूप से निर्मित कृत्रिम अंगों (प्रास्थिसिस) से संबंधित रोगी देखभाल प्रदान करता है।
  • पेन मैनेजमेंट (दर्द प्रबंधन) स्पेशलिस्ट: दर्द का आकलन और उपचार करता है, या तो दवाओं से या फिर दवा-रहित तकनीकों से। यह व्यक्ति पेन मैनेजमेंट (दर्द प्रबंधन) टीम का हिस्सा होता है, इस टीम का नेतृत्व किसी ऐसे चिकित्सक द्वारा किया जाता है जिसे दर्द के उपचार में उन्नत प्रशिक्षण मिला होता है।

देखभाल टीम के अन्य सदस्य उपचार के दौरान देखभाल प्रदान कर सकते हैं। इनमें शामिल हैं चिकित्सक और प्रशिक्षण पूरा कर रहे चिकित्सा विद्यार्थी, कैंसर उपचार के दौरान परिवारों की मदद करने वाले प्रदाता और वे अन्य लोग जो रोगियों तथा परिवारों के लिए अनुभव को बेहतर बनाते हैं।

अपनी देखभाल टीम के साथ बातचीत करना

कैंसर की देखभाल एक जटिल प्रक्रिया है इसलिए देखभाल टीम के सदस्यों, रोगियों और परिवारों के बीच एक अच्छे संचार का होना महत्वपूर्ण होता है। संचार में मदद के लिए आपको यह करना चाहिए:

  • ईमानदार रहें और खुलकर बात करें।
  • जब आप कुछ समझ न पाएं तो सवाल करें। अपने सवालों को लिख लें ताकि आप कुछ पूछना भूल न जाएं।
  • नोट लिखकर रखें और जांचों, उपचारों, दवाओं और नियत मुलाकातों सहित चिकित्सा जानकारी का अच्छा रिकॉर्ड बनाकर रखें।
  • अपनी देखभाल टीम के सदस्यों के नाम, वे क्या करते हैं और उनसे कैसे संपर्क किया जा सकता है, आदि जानकारी लिखकर रखें।
  • अपने बच्चे के अनुभव के बारे में उससे एक ऐसे स्तर पर बात करें जो उसकी उम्र के लिए सही हो (उम्र-उपयुक्त)। ऐसा करने से देखभाल टीम से अच्छे संबंध बनाने में मदद मिलती है और आपके बच्चे को नियंत्रण का एहसास प्राप्त होता है।

यह भी महत्वपूर्ण है कि आप उचित उम्मीदें रखें:

  • खुद से। यह एक तनावपूर्ण समय होता है। सबकुछ समझने या याद रखने की अपेक्षा न करें। आपकी ज़रूरतों की पूर्ति के लिए मदद माँगें और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करें।
  • अपनी देखभाल टीम से। आपके डॉक्टरों और नर्सों के पास हमेशा हर सवाल का जवाब नहीं होगा। अक्सर निर्णय सरल नहीं होते। लोगों की टीम के साथ संचार करने से कभी-कभी संचार और कठिन हो जाता है।

बच्चों के कैंसर की देखभाल टीम के बारे में वीडियो

अगला

5

बच्चों के कैंसर की देखभाल टीम के बारे में मुख्य बिंदु

  • आपके बच्चे के कैंसर के उपचार के लिए विशेषज्ञों की एक टीम की ज़रूरत होती है। आपके बच्चे की देखभाल यात्रा के दौरान टीम सदस्य बदल सकते हैं।
  • केंद्रीय देखभाल टीम का नेतृत्व एक प्रभारी चिकित्सक और अन्य टीम सदस्य करते हैं और वे आपके बच्चे को दैनिक देखभाल प्रदान करते हैं।
  • रोग की पहचान और उपचार के दौरान, आपका बच्चा ऐसे अन्य देखभाल टीम प्रदाताओं और विशेषज्ञों को दिखा सकता है जो आपके बच्चे के रोग का कारण ढूँढेंगे, चिकित्सा परीक्षण और इमेजिंग करेंगे या आपके बच्चे को सर्जरी या अन्य उपचार प्रदान करेंगे।
  • देखभाल टीम के अन्य सदस्य आपके बच्चे की कैंसर देखभाल यात्रा के दौरान और उपचार के बाद आपके बच्चे और परिवार को अतिरिक्त सहायता तथा मदद प्रदान करते हैं।


समीक्षित: अगस्त 2024

संबंधित सामग्री