मुख्य विषयवस्तु में जाएं

आनुवांशिक परामर्श और परीक्षण

आनुवंशिक परामर्श क्या है?

आनुवंशिक परामर्श से रोगियों और परिवारों को यह जानकारी मिलती है कि जीन आपके परिवार पर कैसे असर डाल सकते हैं और कुछ स्वास्थ्य स्थितियाँ होने का क्या जोखिम है।

जीन DNA के वे हिस्से हैं जो हर कोशिका में होते हैं। जीन कोशिकाओं को बताते हैं कि उन्हें कैसे काम करना है, बढ़ना है और कैसे विभाजित होना है। वे बालों और आँखों के रंग जैसे गुण तय करते हैं।

आनुवंशिक परामर्श आपको यह समझने में मदद दे सकता है:

  • कुछ जीन कुछ रोगों का जोखिम कैसे बढ़ा सकते हैं
  • आनुवंशिक परीक्षण और स्क्रीनिंग परीक्षण जो उपलब्ध हैं
  • परीक्षण के परिणामों का आपके, आपके बच्चे और परिवार के दूसरे सदस्यों के लिए क्या अर्थ है

यह जानकारी आपको आपके बच्चे की देखभाल और उपचार के बारे में निर्णय लेने में मदद दे सकती है।

जीनोम प्रतिमा

आनुवंशिक परामर्श आपको वंशानुगत रोगों को समझने में मदद दे सकता है ताकि आप सोच-समझकर स्वास्थ्य से जुड़े निर्णय ले सकें।

आनुवंशिक परामर्शदाता कैसे मदद दे सकता है।

आनुवंशिक परामर्शदाता वह स्वास्थ्य पेशेवर होता है जिसे चिकित्सा आनुवंशिक और परामर्श सेवा में प्रशिक्षण प्राप्त होता है। वे चिकित्सकों और आपकी देखभाल टीम के दूसरे सदस्यों के साथ करीबी से मिलकर काम करते हैं।

वे इनमें आपकी मदद कर सकते हैं:

  • पारिवारिक इतिहास और वंशानुगत रोगों के जोखिम को समझने में: आनुवंशिक परामर्शदाता आपके परिवार का चिकित्सा इतिहास देखेगा और आपसे वंशानुगत रोगों (परिवारों में चले आ रहे रोगों) के बारे में बात करेगा। वह आपसे परिवार के सदस्यों के रोगों और उस उम्र के बारे में पूछेगा जब समस्याएँ शुरू हुईं। इससे परामर्शदाता को यह जानने में मदद मिलती है कि क्या आपके परिवार में सामान्य से अधिक बीमारी है या क्या बीमारी उम्मीद से कम उम्र में हुआ है।
  • आनुवंशिक परीक्षण की योजना बनाने में: आपका आनुवंशिक परामर्शदाता आपको लैब परीक्षण की योजना बनाने में मदद दे सकता है, जिससे जीन के रोगजनक बदलावों (उत्परिवर्तनों) का पता लगाया जा सकता है। इसे आनुवंशिक परीक्षण कहते हैं। अपनी देखभाल टीम से इस बारे में बात करें:
    • वे किन आनुवंशिक परीक्षणों की सलाह देते हैं
    • परीक्षण के परिणाम क्या दिखा सकते हैं या क्या नहीं दिखा सकते हैं
    • परीक्षण कैसे करवाएँ
    • आपको परिणामों की जानकारी कैसे मिलेगी
    • अगले कदम क्या हो सकते हैं?
  • देखभाल की योजना बनाने के लिए परीक्षण के परिणामों का उपयोग करें: जब परीक्षण के परिणाम तैयार हो जाएँगे, तो आपका आनुवंशिक परामर्शदाता आपको परीक्षण के परिणाम समझाएगा। वह आपको बताएगा कि क्या परिवार के दूसरे सदस्यों को बीमारी का अधिक जोखिम हो सकता है।

आपका आनुवंशिक परामर्शदाता आपको संबंधित अनुसंधान अध्ययनों के बारे में जानने और आपके स्थानीय क्षेत्र में में चिकित्सीय विशेषज्ञ और सेवाएँ ढूँढने में भी मदद दे सकता है। आनुवंशिक परामर्श में परिवार नियोजन और प्रसव-पूर्व आनुवंशिक परीक्षण के विकल्पों की जानकारी शामिल हो सकती है।

परामर्शदाता परिवारों को आनुवंशिक जानकारी शून्य-भेदभाव अधिनियम (जिनेटिक इन्फ़ॉर्मेशन नॉन-डिस्क्रिमिनेशन एक्ट) को समझने में भी मदद दे सकते हैं। यह संयुक्त राज्य अमेरिका का एक संघीय कानून है जो लोगों को उनकी आनुवंशिक जानकारी के आधार पर भेदभाव से बचाता है।

आनुवंशिक परामर्शदाता ढूँढने के लिए, अपने स्वास्थ्य सेवा प्रदाता से बात करें या नेशनल सोसायटी ऑफ़ जिनेटिक काउंसलर्स के पर्सनलाइज़्ड केयर फ़ॉर यॉ़र जिनेटिक हेल्थ (आपके आनुवंशिक स्वास्थ्य के लिए व्यक्तिगत देखभाल) पर जाएँ।

आनुवंशिक जाँच

आनुवंशिक जाँच व्यक्ति के जीन में होने वाले बदलावों (म्यूटेशन) या अंतरों की जाँच करता है। सभी आनुवंशिक बदलाव हानिकारक नहीं होते हैं। कुछ बदलावों का व्यक्ति के स्वास्थ्य पर अच्छा असर हो सकता है। अन्य बदलावों से कोई खास असर नहीं होता या बहुत कम असर होता है।

कुछ जीन उत्परिवर्तनों से विकार या सिंड्रोम होते हैं। इसका अर्थ है कि बीमारी का जोखिम सामान्य से अधिक है।

आनुवंशिक परीक्षण यह भी दिखा सकता है कि क्या परिवार के सदस्यों को वही उत्परिवर्तन विरासत में मिला है, भले ही उनमें बीमारी के कोई लक्षण न दिख रहे हों।

आनुवंशिक परीक्षण के प्रकार

कई प्रकार के आनुवंशिक परीक्षण हैं। आपका स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता आनुवंशिक परीक्षण के बारे में आपसे बात करेगा और वे परीक्षण के लिए आपसे सहमति लेगा। वे आमतौर पर रक्त या लार की थोड़ी मात्रा एकत्र करेंगे। कभी-कभी वे एक छोटा-सा ऊतक नमूना लेते हैं। उसके बाद वह नमूने को परीक्षण के लिए किसी लैब को भेजेगा।

परीक्षण विशेष आनुवंशिक स्थिति पर और जिस तरह के जीन बदलाव की जाँच की जा रही है उस पर निर्भर करेगा।

आपकी देखभाल टीम से पूछने के लिए प्रश्न

  • आनुवांशिक परामर्शदाता कैसे मदद दे सकता है?
  • मुझे मेरे आनुवंशिक परामर्शदाता से चिकित्सीय या पारिवारिक इतिहास की क्या-क्या जानकारी शेयर करनी होगी?
  • किस तरह के आनुवंशिक परीक्षण उपलब्ध हैं, और आप किनकी सलाह देते हैं?
  • आनुवंशिक परीक्षण के क्या लाभ और सीमाएँ हैं?
  • आनुवंशिक परीक्षण की प्रक्रिया क्या है?
  • परिणाम कब मिलेंगे, और मुझे वे कैसे मिलेंगे?
  • क्या इंश्योरेंस आनुवंशिक परामर्श और परीक्षण को कवर करता है?

आनुवंशिक परामर्श और परीक्षण के बारे में मुख्य बिंदु।

  • आनुवंशिक परामर्श लोगों को उनके जीन को समझने और यह समझने में मदद देता है कि वे उनके स्वास्थ्य पर कैसे असर डाल सकते हैं।
  • आनुवंशिक परामर्शदाता आपको पारिवारिक इतिहास और आनुवंशिक परीक्षण के परिणामों के आधार पर आनुवंशिक जोखिम को समझने में मदद दे सकता है।
  • आनुवंशिक जाँच किसी व्यक्ति के जीन में होने वाले बदलावों या अंतरों की जाँच करता है।
  • आनुवंशिक परामर्श और परीक्षण से मिली जानकारी आपको स्वास्थ्य देखभाल के बारे में सोच-समझकर निर्णय लेने में मदद दे सकती है।


समीक्षित: सितंबर 2024

संबंधित सामग्री