मुख्य विषयवस्तु में जाएं

चुंबकीय प्रतिध्वनि इमेजिंग (MRI)

MRI क्या है?

MRI (चुंबकीय प्रतिध्वनि इमेजिंग) इमेजिंग जांच का एक प्रकार है। इसमें शरीर के अंदर की उच्च गुणवत्ता वाली, विस्तृत तस्वीरें बनाने के लिए एक बड़े चुंबक, रेडियो तरंगों और कंप्यूटर का उपयोग किया जाता है।

चिकित्सक आपके बच्चे की इन चीज़ों को देखने के लिए MRI का उपयोग कर सकते हैं:

  • दिमाग 
  • रीढ़ की हड्डी
  • चेहरा और गर्दन
  • हड्डियाँ और जोड़ (घुटने, कंधे, कूल्हे, कलाई और टखने)
  • छाती 
  • उदर और श्रोणि क्षेत्र 
  • स्तन
  • रक्त वाहिकाएं
  • हृदय

बचपन के कैंसर के लिए MRI के बारे में जानने हेतु यह वीडियो देखें।

MRI स्कैन में दर्द नहीं होता है। आपके बच्चे को चुंबकीय क्षेत्र या रेडियो तरंगें महसूस नहीं होंगी।

आपका स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता MRI स्कैन विथ कॉन्ट्रास्ट का आदेश दे सकता है। कॉन्ट्रास्ट एजेंट ऐसे पारदर्शी द्रव होते हैं जिन्हें निगला जाता है या IV द्वारा किसी शिरा में इंजेक्ट किया जाता है। कॉन्ट्रास्ट मटीरियल शरीर के कुछ भागों को स्कैन पर अधिक स्पष्ट रूप से दिखा सकता है। कभी-कभी छवियों को और अधिक स्पष्ट व विस्तृत बनाने के लिए कंट्रास्ट एजेंट की आवश्यकता पड़ती है।

MRI कैसे काम करती है 

MRI में विकिरण शामिल नहीं होता है। MRI जांच के दौरान, आपके बच्चे को एक प्रबल चुंबकीय क्षेत्र के अंदर रखा जाएगा। फिर रेडियो तरंगें मशीन से भेजी और प्राप्त की जाती हैं। ये सिग्नल शरीर के स्कैन किए गए हिस्से की डिजिटल तस्वीरें बनाते हैं। 

MRI स्कैन के लिए कैसी तैयारी करें

बाल जीवन विशेषज्ञ और दो MRI टेक्नोलॉजिस्ट के साथ अपने पैर का MRI कराती एक रोगी।

सामान्य MRI स्कैन में 20-90 मिनट का समय लगता है। यह शरीर के जांच वाले अंग पर निर्भर करता है।

प्रत्येक केंद्र की अपनी प्रक्रियाएं होती हैं। क्या उम्मीद करनी है और अपने अपॉइंटमेंट के लिए तैयारी कैसे करनी है इस बारे में अपनी देखभाल टीम से बात करें।

अपने बच्चे से स्थिर रहने के बारे में बात करें: यह महत्वपूर्ण है कि आपके बच्चे को पता हो कि क्या उम्मीद करनी है और यह कि वह समझता हो कि उसे परीक्षण के दौरान बिना हिले-डुले लेटना होगा। कोई बाल-जीवन विशेषज्ञ या देखभाल टीम का अन्य सदस्य शिथिलन की तकनीकों के साथ आपके बच्चे की मदद कर सकता है। कुछ केंद्रों में दिखावटी MRI स्कैनर भी हो सकता है जहाँ आपका बच्चा MRI स्कैन करवाने से पहले उसे करवाने का अभ्यास कर सकता है। 

सहज बनाने वाली वस्तुएँ: कुछ केंद्र आपके बच्चे को उसके साथ उसे सहज बनाने वाली कोई वस्तु, जैसे स्टफ़्ड एनिमल या कंबल, लाने की अनुमति देंगे, वहीं कुछ केंद्र यह अनुमति नहीं देंगे। अपनी देखभाल टीम से पूछें कि क्या आपका बच्चा उसे सहज बनाने वाली कोई वस्तु अपॉइंटमेंट में ला सकता है।

स्कैन से पहले खान-पान: स्कैन से पहले आपका बच्चा क्या खा-पी सकता है इस बारे में अपनी देखभाल टीम के निर्देशों का पालन करें। यदि आपके बच्चे को जनरल एनेस्थीसिया (बेहोशी की दवा) दी जानी है, तो परीक्षण से कई घंटे पहले उन्हें कुछ भी खाना या पीना नहीं चाहिए। आपको अपने बच्चे की केयर टीम से इस बारे में अधिक विशिष्ट निर्देश प्राप्त होंगे।

अपने अपॉइंटमेंट के लिए चेक-इन करना:कुछ मिनट पहले पहुँचना सुनिश्चित करें। आप अपने बच्चे के साथ पंजीकरण डेस्क पर चेक-इन करें। उसके बाद आपके बच्चे का नाम पुकारे जाने का इंतिज़ार करें।

देखभाल टीम को यह बताना सुनिश्चित करें कि यदि आपके बच्चे को:

  • छोटे स्थानों पर असहज महसूस होता है
  • स्थिर रहने में मुश्किल होती है या उसकी व्यवहार संबंधी कुछ ज़रूरते हैं 
  • उसके गर्भवती होने की संभावना है
  • कंट्रास्ट एजेंट्स या आयोडीन से एलर्जी है
  • मधुमेह/डायबीटीज़ या गुर्दे से संबंधित समस्याएं हैं

क्या पहनें: सुनिश्चित करें कि आपका बच्चा ढीले-ढाले व आरामदायक कपड़े पहने। कुछ देखभाल केंद्र आपके बच्चे लिए उसके कपड़े बदलकर MRI-सुरक्षित गाउन, पैंट और मोज़े पहनना आवश्यक करेंगे। आप और आपके बच्चे, दोनों को ऐसे कपड़ों और एक्सेसरीज़ से बचना चाहिए जिनमें धातु हो। इनमें शामिल हैं:

  • बेल्ट
  • ज़िपर्स
  • स्नैप्स
  • रिवेट्स
  • बटन
  • बालों की एक्सेसरीज़
  • ग्लिटर
  • घड़ी
  • आभूषण
  • गैर-स्थायी रिटेनर
  • चश्मे 
ब्रेसिज़ में लगे मेटल डिवाइस के साथ MRI कराने पर पूरी तस्वीर पर चमकदार और गहरे रंग की लाइनें (तीर) और एक काली छाया (मुड़े हुए तीर) दिखाई देती हैं जो मुख्य क्षेत्र को ढक लेती हैं।

इस MRI में, रोगी के धातु के ब्रेस तस्वीर के आर-पार चमकीली और अंधेरी लाइनें बनने का कारण बनते हैं। इससे, स्कैन किए जा रहे स्थान को देखना कठिन हो जाता है।

धातु और MRI

स्टाफ़ आपसे एक फ़ॉर्म भरने को कहेगा जिसमें आपके बच्चे के शरीर में या उसके कपड़ों पर मौजूद किसी भी धातु के बारे में पूछा जाता है। MRI में तस्वीरें लेने के लिए एक शक्तिशाली चुंबक का उपयोग होता है, इसलिए स्कैन से पहले आपके बच्चे को जो भी धातु हो उसे हटाना होगा। यदि आपके बच्चे में कोई चिकित्सीय इंप्लांट लगा हो तो अपनी देखभाल टीम को बताएँ। आपकी देखभाल टीम आपको बताएगी कि आपका बच्चा MRI स्कैन के लिए पात्र है या नहीं।

अगर ये चीजें स्कैन किए जा रहे क्षेत्र के करीब हों तो तस्वीर की गुणवत्ता खराब हो सकती है:

  • धातु की स्पाइनल रॉड
  • हड्डी या जोड़ की मरम्मत के लिए उपयोग की गई प्लेट, पिन, स्क्रू या धातु की जाली
  • जोड़ का प्रतिस्थापन या कृत्रिम अंग
  • धातु के आभूषण, जिनमें शरीर के अंगों को छिदवाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले गहने भी शामिल हैं
  • कुछ टैटू या टैटू वाला आईलाइनर (त्वचा में जलन या सूजन की संभावना भी है)
  • मेकअप, नेल पॉलिश या अन्य सौंदर्य प्रसाधन जिनमें धातु होती है
  • डेंटल फ़िलिंग, ऑर्थोडोंटिक ब्रेस (केंद्र स्कैन से पहले आर्च वायर हटाना आवश्यक कर सकता है) और रिटेनर

उपचार केंद्र पर मेटल डिटेक्टर

मेटल डिटेक्टर स्कैन के बाद कैंसर से पीड़ित बच्चे के पिता MRI टेक्नोलॉजिस्ट को फ़ोन देते हुए।

MRI क्षेत्र में प्रवेश करने वाले किसी भी व्यक्ति को मेटल डिटेक्टर से गुजरना होगा जो कि अधिकांश हवाई अड्डों की तुलना में अधिक संवेदनशील होता है।

जांच के पहले, आपके बच्चे को अस्पताल का गाउन पहनने के लिए कहा जाएगा। इसके बाद, आपको और आपके बच्चे को एक मेटल डिटेक्टर से होकर गुजरना होगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आपके पास धातु की कोई वस्तु नहीं है।

आपको इन वस्तुओं को निकालना होगा:

  • पर्स, वॉलेट, मनी क्लिप, क्रेडिट कार्ड, चुंबकीय स्ट्रिप्स वाले कार्ड
  • फ़ोन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
  • श्रवण यंत्र या कान की मशीन
  • धातु के गहने, घड़ियां
  • पेन, पेपर क्लिप, चाबियां, सिक्के
  • हेयर बैरेट, हेयरपिन
  • ऐसे कपड़े जिनमें धातु ज़िपर, बटन, स्नैप, हुक, अंदर की ओर वायर या धातु के धागे लगे होते हैं
  • जूते, बेल्ट के बक्कल, सेफ़्टी पिन्स
  • दवा पैच

यदि डिटेक्टर दिखाता है कि आपके शरीर पर धातु है, तो आपको संभवतः धातु को निकालना होगा और जांच फिर से की जाएगी। यदि इसे हटाया नहीं जा सकता है, तो आपको तब तक क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी जब तक कि कोई सुरक्षा विशेषज्ञ यह न कहे कि आप "MRI के लिए सुरक्षित” हैं।

एनेस्थीसिया के साथ MRI स्कैन

आपके बच्चे को MRI स्कैन के दौरान बिना हिले-डुले रहना होगा ताकि तस्वीरें धुँधली न आएँ। कुछ मामलों में, आपके बच्चे को MRI स्कैन के लिए सिडेशन (शांतिकर) दवाएँ या जनरल एनेस्थीसिया दिया जा सकता है।

  • सिडेशन में व्यक्ति को शिथिल या उनींदा करने वाली दवाओं का उपयोग किया जाता है।
  • समान्य एनेस्थीसिया  (बेहोशी की दवा) देने से चेतना पूरी तरह खत्म हो जाती है, जैसे गहरी नींद।

एनेस्थीसिया अधिकांश रोगियों के लिए सुरक्षित होता है। लेकिन स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता बच्चों में जनरल एनेस्थीसिया के उपयोग को सीमित रखने की कोशिश करते हैं। अपने बच्चे के लिए विकल्पों के बारे में अपनी देखभाल टीम से बात करें। इमेजिंग परीक्षणों के दौरान आपके बच्चे को स्थिर रहने में मदद देने के अन्य तरीके भी हो सकते हैं।

MRI जांच के दौरान क्या अपेक्षित है

हर केंद्र अलग होता है। लेकिन आम तौर पर, आपके बच्चे के MRI अपॉइंटमेंट में ये चीज़ें शामिल रहने की संभावना है:

  • अपॉइंटमेंट तब शुरू होता है जब आप और आपका बच्चा केंद्र में चेक इन करते हैं। अधिकांश केंद्र आपको समय से पहले आने को कहेंगे।
  • जब जांच का समय होता है, तो एक MRI टेक्नोलॉजिस्ट या नर्स, आपको MRI मशीन के कमरे में ले जाएंगे।
  • आप देखेंगे कि MRI मशीन बीच में एक सुरंग के साथ एक बड़े डोनट की तरह दिखती है। इसमें एक गद्देदार मेज (कभी-कभी एक बिस्तर कहा जाता है) होती है जो सुरंग के अंदर और बाहर स्लाइड करती है।
  • आपका बच्चा जांच के लिए मेज पर लेटेगा और जब तक MRI चलती है, तब तक उसे स्थिर ही रहना चाहिए। देखभाल टीम आपके बच्चे पर सुरक्षा बेल्ट लगा सकती है। जांच के दौरान हिलने-डुलने से तस्वीर धुंधली हो जाएगी। यानी जांच दोबारा करनी होगी। 
  • एक बाल-जीवन विशेषज्ञ शिथिलन की तकनीकों पर आपके बच्चे के साथ काम कर सकता है। आपका बच्चा म्यूज़िक भी सुन सकता है या विशेष चश्मे से कोई फ़िल्म देख सकता है। 
  • यदि आपके बच्चे को स्थिर रहने में समस्या होती है, तो देखभाल टीम आपके बच्चे को शिथिल होने में मदद देने के लिए सिडेशन (शांतिकर) दवाएँ सुझा सकता है।
  • MRI परीक्षण में दर्द नहीं होता है, लेकिन शोर होता है। तस्वीरें लिए जाने के दौरान सारे समय तेज़ शोर होगा। शोर अवरुद्ध करने और श्रवण-शक्ति की रक्षा के लिए आपके बच्चे को इअरप्लग या शोर घटाने वाले हेडफोन दिए जाएँगे। आपके बच्चे को एक पिचकू-बॉल भी दी जाएगी ताकि यदि उसे स्कैन के दौरान कुछ चाहिए हो तो (इशारे से बताने के लिए) उसका उपयोग कर सके।
  • जांच के दौरान, टेक्नोलॉजिस्ट दूसरे कमरे में चले जाएंगे। वे आपके बच्चे को देख सकेंगे, सुन सकेंगे और उससे बात कर सकेंगे। आपका बच्चा एक 2-वे इंटरकॉम के माध्यम से टेक्नोलॉजिस्ट से बात कर सकता है। हर चिकित्सा केंद्र की अलग-अलग नीतियां हैं, लेकिन आमतौर पर माता-पिता को टेक्नोलॉजिस्ट के साथ बगल के कमरे में रहने की अनुमति होती है।
  • सामान्य MRI स्कैन में 60-90 मिनट का समय लगता है, यह शरीर के स्कैन किए जाने वाले अंग पर निर्भर करता है।

MRI स्कैन के बाद

स्कैन पूरा हो जाने पर टेक्नॉलजिस्ट सुरक्षा बेल्ट खोल देगा और IV, यदि उपयोग किया गया हो, को अलग कर देगा। उसके बाद आपका बच्चा टेबल से उतर सकता है और वहां से जा सकता है। 

यदि आपके बच्चे को सिडेशन या जनरल एनेस्थेसिया नहीं दिया गया था तो वह अपनी सामान्य गतिविधियाँ बहाल कर सकता है। यदि आपके बच्चे को ये दवाएँ दी गई थीं, तो उसे पहले उनसे रिकवर होना होगा। 

रेडियॉलजिस्ट नामक एक चिकित्सक आपके बच्चे की देखभाल टीम के लिए परिणामों की रिपोर्ट तैयार करेगा। रिपोर्ट में कुछ दिन लग सकते हैं।

आपका स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता MRI स्कैन के परिणामों पर आपसे बात करेगा। 

MRI स्कैन के संभावित जोखिम

MRI के आम तौर पर कोई भी दुष्प्रभाव नहीं होते हैं। न्यूनतम दुष्प्रभावों में निम्नलिखित शामिल हो सकते हैं: 

  • यदि कानों की सुरक्षा का उपयोग नहीं किया गया है तो सुनने से संबंधित समस्याएँ
  • तंग व बंद स्थानों में होने की असुविधा
  • रेडियो तरंगों के कारण शरीर का तापमान बढ़ना

कॉन्ट्रास्ट के दुष्प्रभाव

यदि MRI स्कैन के लिए किसी कॉन्ट्रास्ट एजेंट का उपयोग किया गया है, तो आपके बच्चे को मामूली दुष्प्रभाव हो सकते हैं। इनमें शामिल है:

  • जहाँ IV घुसाया गया था वहाँ स्थानीय दर्द
  • सिरदर्द
  • चक्कर महसूस होना
  • गर्माहट या तमतमाहट महसूस होना
  • मुँह में अजीब स्वाद
  • जी मिचलाना या उल्टी होना
  • एलर्जिक प्रतिक्रियाएँ (पित्ती, आँखों में खुजली)

यदि आपके पास MRI के दुष्प्रभाव या सुरक्षा के बारे में कोई प्रश्न हों तो अपने बच्चे की देखभाल टीम से बात करें। इमेजिंग परीक्षणों के प्रकारों के बारे में और जानें।

अपनी देखभाल टीम से पूछे जाने वाले प्रश्न

  • MRI स्कैन की ज़रूरत क्यों है?
  • परिणामों का उपयोग कैसे होगा?
  • स्कैन में कितना समय लगेगा?
  • क्या मेरे बच्चे को परीक्षण से पहले खाना-पीना रोकने की ज़रूरत होगी?
  • क्या मेरा बच्चा स्कैन के दौरान म्यूज़िक सुन सकता है या फ़िल्में देख सकता है?
  • क्या स्कैन के दौरान कमरे में कोई देखभालकर्ता रुक सकता है?
  • क्या मेरे बच्चे को सिडेशन (शांतिकर) दवाएँ या जनरल एनेस्थीसिया दिया जाएगा?
  • MRI के जोखिम या दुष्प्रभाव क्या हैं?
  • हमें MRI परिणाम कब और कैसे मिलेंगे?

MRI स्कैनों के बारे में मुख्य बिंदु

  • एक MRI स्कैन में शरीर के अंदर की विस्तृत तस्वीरें बनाने के लिए एक बड़े चुंबक, रेडियो तरंगों और कंप्यूटर का उपयोग किया जाता है।
  • MRI परीक्षण सुरक्षित और दर्दरहित होते हैं। इनमें 60–90 मिनट का समय लग सकता है।
  • MRI जांचों में रेडिएशन शामिल नहीं है।
  • स्कैन के लिए आपके बच्चे को बिना हिले-डुले रहना होगा ताकि स्पष्ट तस्वीरें मिल सकें।
  • अपने बच्चे की देखभाल टीम के किसी भी निर्देश का ठीक से पालन करें।
  • यदि MRI जांच के बारे में आपके कोई प्रश्न हैं, तो अपने बच्चे की देखभाल टीम से पूछें।


टुगेदर by St. Jude ऑनलाइन संसाधन इस लेख में उल्लिखित किसी भी ब्रांडेड उत्पाद का समर्थन नहीं करता है।


समीक्षित: जनवरी 2024

संबंधित सामग्री