मुख्य विषयवस्तु में जाएं

डिफ़रेंशिएटेड थायराइड कैंसर

डिफ़रेंशिएटेड थायराइड कैंसर क्या होता है?

विशिष्ट रूप से थायराइड ग्रंथि को दर्शाते हुए और लेबल किए हुए अंगों के लेओवर के साथ एक वयस्क महिला के शरीर का ग्राफ़िक।

थायराइड ग्रंथि गर्दन के सामने वाले हिस्से में, गले के निचले भाग में होती है। इसमें 2 पालियाँ होती हैं: 1 दायीं और दूसरा बायीं ओर। थाइरॉइड ग्रंथि में पुटकीय कोशिकाएँ होती हैं जो हॉर्मोन बनाती हैं। छोटी-छोटी पैराथाइरॉड ग्रंथियाँ थाइरॉइड ग्रंथि के पीछे स्थित होती हैं।

डिफ़रेंशियेटेड थाइरॉइड कैंसर (DTC) एक प्रकार का थाइरॉइड कैंसर है। थायरॉयड ग्रंथि गर्दन के सामने वाले हिस्से में, गले के ठीक नीचे स्थित होती है। यह शरीर के कार्यों को नियंत्रित करने वाले हॉर्मोन बनाती है।

DTC बच्चों में थाइरॉइड कैंसर का सबसे सामान्य प्रकार हैं।

DTC 2 प्रकार के होते हैं:

  • पैपिलरी थाइरॉइड कैंसर: अक्सर थाइरॉइड ग्रंथि में छोटे-छोटे पिंडों (जिन्हें नॉड्यूल या ग्रंथिका कहते हैं) के रूप में प्रकट होता है। ये पिंड असामान्य कोशिकाओं से मिलकर बने होते हैं और थाइरॉइड के 1 या दोनों भागों (लोब/पालि) में बन सकते हैं। जब तक चिकित्सक यह कैंसर ढूँढ पाए, यह अक्सर गर्दन में आस-पास मौजूद लिम्फ नोड (लसीका आसंधियों) तक फैल चुका होता है।

  • फ़ॉलिकुलर थाइरॉइड कैंसर: थाइरॉइड ग्रंथि की पुटकीय कोशिकाओं में शुरू होता है। ये कोशिकाएँ चयापचय के नियंत्रण के लिए हॉर्मोन बनाती हैं। पुटकीय थाइरॉइड कैंसर सामान्य तौर पर गर्दन के भीतर सीमित रहता है। लेकिन कभी-कभी यह फेफड़ों और हड्डियों तक फैल सकता है।

बच्चों में थाइरॉइड कैंसर के लगभग 90% (हर 10 में से 9) मामले पैपिलरी थाइरॉइड कैंसर के होते हैं।

थाइरॉइड ग्रंथि आपके भोजन में मौजूद आयोडीन से हॉर्मोन बनाती है। आयोडीन एक खनिज है जो आपके शरीर को स्वस्थ रहने के लिए चाहिए होता है। आपकी थाइरॉइड ग्रंथि आपके चयापचय, ऊर्जा स्तरों, और वृद्धि को नियंत्रित करने वाले हॉर्मोन बनाने के लिए आयोडीन का उपयोग करती है। डिफ़रेंशियेटेड (विभेदित) थाइरॉइड कैंसर आयोडीन सोख सकते हैं। यह रेडियोधर्मी आयोडीन से स्क्रीनिंग और उपचार करने के लिए महत्वपूर्ण है।

कैंसर को निकालने के लिए सर्जरी प्रमुख उपचार है। इंटरमीडिएट- (मध्यवर्ती) और हाई-रिस्क DTC से ग्रस्त रोगियों को आयोडीन के एक विशेष रूप, जिसे I-131 रेडियोधर्मी आयोडीन कहते हैं, से उपचार दिया जा सकता है। इस प्रकार के आयोडीन से ऊर्जा की एक छोटी-सी मात्रा निकलती है। यह उपचार, जो भी बची-खुची कैंसर कोशिकाएँ हों उन्हें निशाना बनाकर नष्ट करने में मदद देता है।

डिफ़रेंशियेटेड (विभेदित) थाइरॉइड कैंसर के ठीक होने की संभावना बहुत अच्छी है, उत्तरजीविता दर 95% से अधिक है।

डिफ़रेंशिएटेड थायराइड कैंसर के लक्षण

DTC के संकेतों और लक्षणों मे निम्नलिखित शामिल हैं:

  • थाइरॉइड ग्रंथि में एक पिंड (नॉड्यूल)
  • गले में लिम्फ नोड यानी लसीका आसंधियों में सूजन
  • सांस की समस्याएं
  • निगलने में समस्याएँ या निगलते समय दर्द
  • कर्कशता

यह ज़रूरी नहीं कि थाइरॉइड कैंसर में कोई लक्षण दिखे ही। चिकित्सकों को इसका पता किसी नियमित शारीरिक परीक्षा के दौरान चल सकता है।

डिफरेंशियेटेड थाइरॉइड कैंसर के जोखिम कारक

डिफ़रेंशिएटेड थायराइड कैंसर ज़्यादातर बड़े बच्चों और किशोरों में होता है। किशोरों में इसके होने की संभावना छोटे बच्चों से 10 गुना होती है। ये कैंसर पुरुषों की तुलना में महिलाओं में अधिक पाए जाते हैं।

जीन बदलाव और थाइरॉइड कैंसर का जोखिम

DTC रोगियों में अक्सर एक ऐसा जीन बदलाव (उत्परिवर्तन) मौजूद होता है जो थाइरॉइड कैंसर का कारण बन सकता है। बच्चे को यह उत्परिवर्तन माता या पिता से मिला हो सकता है। या फिर आपका बच्चा आपके परिवार में इस जीन बदलाव वाला पहला व्यक्ति हो सकता है।

परिवारों में ऐसे आनुवंशिक विकार  हो सकते हैं जो उनका कैंसर जोखिम बढ़ाते हैं। माता-पिता से ये स्थितियाँ उनके बच्चों में पहुँच सकती हैं।  

डिफ़रेंशिएटेड थायराइड कैंसर से जुड़े आनुवंशिक सिंड्रोम में शामिल हैं:

  • पारिवारिक एडिनोमेटस पॉलीपोसिस (FAP)
  • PTEN हमर्टोमा ट्यूमर सिंड्रोम
  • DICER1 सिंड्रोम 
  • कार्ने कॉम्प्लेक्स

आपकी देखभाल टीम आनुवंशिक परामर्श और आनुवंशिक परीक्षण सुझा सकती है।

आयनाइज़िंग रेडिएशन (आयनकारी विकिरण) और थाइरॉइड कैंसर का जोखिम

रेडिएशन की अधिक मात्रा से संपर्क व्यक्ति में कैंसर का जोखिम बढ़ा सकता है। कैंसर का जोखिम तब अधिक होता है जब:

  • किसी रोगी को चिकित्सीय उपचार के भाग के रूप में रेडिएशन मिलता है
  • कोई व्यक्ति छोटी उम्र में रेडिएशन की अधिक मात्रा के संपर्क में आता है 
  • रेडिएशन की बड़ी मात्राओं से पर्यावरणीय संपर्क होता है, जैसे नाभिकीय दुर्घटनाओं से या कुछ कार्यस्थलीय स्थितियों से

रेडिएशन सुरक्षा के बारे में अधिक जानें।

डिफ़रेंशिएटेड थायराइड कैंसर रोग की पहचान करना

डिफ़रेंशियेटेड थाइरॉइड कैंसर की पहचान के लिए चिकित्सक विभिन्न प्रकारों के परीक्षणों का उपयोग करते हैं। जांच में ये शामिल हो सकते हैं:

  • वंशानुगत कैंसर जोखिम और अन्य जोखिम कारकों की जाँच के लिए शारीरिक परीक्षा और व्यक्ति तथा उसके परिवार का स्वास्थ्य इतिहास
  • लैब परीक्षण
    • उन हॉर्मोनों के लिए रक्त परीक्षण जो दिखाते हैं कि थाइरॉइड ग्रंथि कितनी अच्छी तरह काम कर रही है, जैसे थाइरॉइड स्टीमुलेटिंग हॉर्मोन (TSH), T3, और फ़्री T4 (थाइरॉक्सिन)
    • ट्यूमर मार्कर, जिनमें थाइरोग्लोबुलिन (Tg) आदि प्रोटीन शामिल हैं, की तलाश के लिए रक्त परीक्षण। ये परीक्षण यह पता लगाने में मदद कर सकते हैं कि क्या सर्जरी के बाद थाइरॉइड कैंसर का कोई अंश बच गया है या क्या कैंसर वापस आ गया है।
    • कैंसर का जोखिम बढ़ा सकने वाले जीन बदलावों (उत्परिवर्तनों) को ढूँढने के लिए आनुवंशिक परीक्षण
  • इमेजिंग परीक्षण, ट्यूमर ढूँढने के लिए, उसका आकार मापने के लिए, और यह देखने के लिए कि क्या कैंसर फैल चुका है। चिकित्सक रोग की पहचान और उपचार के अगले चरणों की योजना बनाने के लिए इन विवरण का उपयोग करते हैं।
  • ट्यूमर से प्राप्त सैंपल की बायोप्सी, यह देखने के लिए कि क्या कैंसर कोशिकाएँ मौजूद हैं। एक पतली सुई के द्वारा नमूना निकालने की प्रक्रिया से चिकित्सक एक पतली सुई का उपयोग कर उसे त्वचा में डालकर थायराइड ऊतक का एक नमूना लेते हैं।

डिफ़रेंशिएटेड थायराइड कैंसर के स्तर

कैंसर का स्तर (अवस्था) नॉड्यूल की विशेषताओं पर और इस बात पर निर्भर करती है कि क्या कैंसर शरीर के अन्य भागों तक फैल चुका है। स्तर (अवस्थाएँ) इस प्रकार हैं:

  • स्तर 1: गर्दन के बाहर कोई भी कैंसर नहीं मिला है।
  • स्तर 2: कैंसर गर्दन के बाहर दूरस्थ स्थानों तक फैल चुका है।

स्टेज (अवस्था) से चिकित्सकों को रोगियों को सर्जरी के बाद जोखिम समूहों में वर्गीकृत करने में मदद मिलती है।

जोखिम समूह बीमारी का फैलना
निम्न जोखिम कैंसर केवल थायराइड ग्रंथि में है और लसीका ग्रंथियों तक बहुत कम या बिल्कुल नहीं फैला है।
ध्यवर्ती जोखिम कुछ कैंसर आसपास की लसिका ग्रंथियों में फैल गया है।
उच्च जोखिम कैंसर आस-पास के लिम्फ नोड (लसीका आसंधियों), थाइरॉइड से बाहर के ऊतकों, या शरीर के अन्य भागों, जैसे फेफड़ों, तक फैल चुका है।

डिफ़रेंशिएटेड थायराइड कैंसर का उपचार

विशेषज्ञों की एक टीम आपके बच्चे के कैंसर का मूल्यांकन, उपचार, और निगरानी करेगी। यह टीम देखभाल व उपचार की ज़रूरत और उपचार के दुष्प्रभाव से संभावित नुकसान के बीच संतुलन साधेगी। 

डिफ़रेंशियेटेड थाइरॉइड कैंसर के उपचार की शुरुआत लगभग हमेशा ही सर्जरी से होती है, लेकिन इसमें थाइरॉइड हॉर्मोन थैरेपी, रेडियोधर्मी आयोडीन से उपचार, टाइरोसिन काइनेज़ इनहिबिटर, री-डिफ़रेंशियेशन थैरेपी और/या क्लिनिकल परीक्षण भी शामिल हो सकते हैं।

डिफ़रेंशिएटेड थायराइड कैंसर के लिए पूर्वानुमान

बाल रोगियों में DTC की उत्तरजीविता दर 95% से अधिक है।

10 वर्ष से छोटे बच्चों में, और जिन रोगियों में कैंसर अपनी पहचान होने से पहले लिम्फ नोड (लसीका आसंधियों) तक फैल चुका है उनमें, कैंसर के वापस आने (पुनरावर्तन) की संभावना अधिक होती है। दोबारा होने के जोखिम के बावजूद, उनके जीवित रहने की संभावना अच्छी होती है।

रोग के पूर्वानुमान को प्रभावित करने वाले कारकों में निम्नलिखित शामिल हैं:

  • रोगी को कितनी शुरुआती सर्जरी की ज़रूरत पड़ी थी
  • कैंसर फेफड़े या हड्डियों जैसे अन्य भागों तक फैली है या नहीं
  • अन्य कैंसरों का जोखिम बढ़ाने वाले जीन उत्परिवर्तन या आनुवंशिक सिंड्रोम

आपके बच्चे के मामले के बारे में जानकारी का सबसे अच्छा स्रोत आपके बच्चे की केयर टीम ही है।

डिफ़रेंशियेटेड थाइरॉइड कैंसर के रोगियों के लिए सहायता

उपचार के बाद, आपके बच्चे को विशेषज्ञों की एक टीम द्वारा आजीवन निगरानी और फ़ॉलो-अप देखभाल की ज़रूरत होगी। यह देखभाल महत्वपूर्ण है क्योंकि:

  • कैंसर के वापस आने का जोखिम मौजूद है
  • हॉर्मोन संबंधी कार्यक्षमता प्रभावित है
  • जीन बदलाव अन्य स्वास्थ्य समस्याओं या कैंसरों का जोखिम बढ़ा सकते हैं

रोग के दुबारा होने और फॉलो-अप देखभाल के लिए निगरानी करना

देखभाल टीम निगरानी के लिए परीक्षणों की बारंबारता और प्रकार सुझाएगी, जो आपके बच्चे की ज़रूरतों पर निर्भर करेंगे।

फ़ॉलो-अप देखभाल में ये शामिल हो सकते हैं:

  • थायराइड और लसिका ग्रंथियों की जांच के लिए नियमित शारीरिक परीक्षा
  • गर्दन और थाइरॉइड की अल्ट्रासाउंड इमेजिंग
  • सर्जरी के बाद TSH दमन और हॉर्मोन रिप्लेसमेंट थैरेपी (लीवोथाइरॉक्सिन)
  • ब्लड थायरोग्लोबुलिन और उसके एंटीबॉडी की निगरानी करना

थाइरॉइड कैंसर उपचार के वर्षों बाद वापस आ सकता है। यदि वह वापस आता है तो नियमित निगरानी से चिकित्सकों को उसे जल्द पकड़ने में मदद मिलती है।

थायराइड और गर्दन की सर्जरी के बाद मनोसामाजिक देखभाल

देखभाल टीम के मनोविज्ञान, सामाजिक कार्य, और अन्य क्षेत्रों के सदस्य आपके बच्चे को सामना करने और जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद दे सकते हैं। बाल-जीवन स्टाफ़ भी निम्नलिखित आदि चिंताओं में सहायता कर सकता है:

  • प्रति दिन दवाएँ लेने में समस्याएँ
  • सर्जरी के निशानों के कारण शारीरिक छवि संबंधी चिंताएँ
  • गर्दन की गतिशीलता और उसे हिलाने के विभिन्न स्तरों में सहायता करने के लिए सर्जरी के बाद उन्हें शारीरिक चिकित्सा की भी ज़रूरत पड़ सकती है।
  • आनुवंशिक स्थितियों और भविष्य में कैंसर होने के जोखिम के बारे में चिंता
  • उनकी रोग-पहचान उनके भावी बच्चों को कैसे प्रभावित कर सकती है

परिवारों के लिए थायराइड कैंसर रोग की पहचान किए जाने की प्रक्रिया के अनुकूल ढलना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। हालांकि रोग का पूर्वानुमान लगाना सामान्य तौर पर अच्छा होता है, फिर भी बीमारी के लिए दवाओं और निगरानी करने से आजीवन प्रबंधन की आवश्यकता होती है। जब आपका बच्चा किशोर से वयस्क बन रहा होता है और आत्मनिर्भरता हासिल कर रहा होता है तब उसे अधिक सहायता की ज़रूरत हो सकती है। उन रोगियों के लिए समायोजन संबंधित चुनौतियां और भी अधिक हो सकती हैं जिन्हें थायराइड कैंसर दूसरे कैंसर के रूप में होता है।

थेरेपी के देर से दिखाई देने वाले प्रभाव

चिकित्सक यह सुझाव देते हैं कि जिन रोगियों को रेडियोधर्मी आयोडीन थैरेपी मिली है उनका, उपचार के संभावित दीर्घकालिक और विलंबित प्रभावों के लिए, फ़ॉलो-अप किया जाए। दीर्घकालिक प्रभाव वे दुष्प्रभाव हैं जो उपचार के दौरान या उसके कुछ ही समय बाद शुरू हो जाते हैं और लंबे समय तक बने रहते हैं। विलंबित प्रभाव उपचार के वे दुष्प्रभाव हैं जो महीनों या वर्षों बाद होते हैं। 

फ़ॉलो-अप देखभाल में इनके लिए जाँच हेतु अपॉइंटमेंट शामिल हो सकते हैं:

  • मुँह सूखने के कारण लार ग्रंथियों की समस्याएँ और दाँतों का क्षय
  • प्रजनन अंगों और जनन क्षमता पर पड़ने वाले प्रभाव
  • जिन रोगियों में रोग ने फेफड़ों को प्रभावित किया था उनमें फेफड़ों की कार्यक्षमता
  • बाद में होने वाले अन्य कैंसर (दूसरा प्राइमरी कैंसर)

कैंसर के बाद स्वास्थ्य

सभी कैंसर विजेताओं को स्वस्थ जीवनशैली जीनी चाहिए और किसी ऐसे स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता जो कैंसर उत्तरजीविता से संबंधित समस्याओं से परिचित हो, से नियमित शारीरिक परीक्षा और स्क्रीनिंग करवानी चाहिए।

आपकी देखभाल टीम एक उत्तरजीविता देखभाल योजना तैयार कर सकती है। यह योजना आपके बच्चे के उपचार, चिकित्सीय चिंताओं, और उसकी ज़रूरत की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग का एक संपूर्ण रिकॉर्ड होती है।

अपनी देखभाल टीम से पूछे जाने वाले प्रश्न

  • मेरे बच्चे के डिफ़रेंशियेटेड थाइरॉइड कैंसर का प्रकार और स्टेज (अवस्था) क्या है?
  • क्या यह थाइरॉइड कैंसर किसी आनुवंशिक स्थिति से संबंधित है?
  • क्या मेरे बच्चे या परिवार को आनुवंशिक परीक्षणों और आनुवंशिक परामर्श की ज़रूरत है?
  • इस थाइरॉइड कैंसर के लिए मेरे बच्चे के उपचार विकल्प क्या हैं?
  • इन उपचारों के क्या संभावित दुष्प्रभाव हो सकते हैं?
  • यदि मेरे बच्चे को सर्जरी की ज़रूरत है तो, क्या सर्जन इस कैंसर से ग्रस्त बाल रोगियों की ऐसी सर्जरी करते हैं?
  • दीर्घकालिक निगरानी और फॉलो-अप के लिए मेरे बच्चे को किन परीक्षणों की आवश्यकता है?

डिफरेंशियेटेड थायरॉयड कैंसर के मुख्य बिंदु

  • डिफरेंशियेटेड थायरॉयड कैंसर (DTCs) बच्चों में होने वाले थायरॉयड कैंसर का सबसे सामान्य प्रकार है।
  • डिफ़रेंशियेटेड थाइरॉइड कैंसर के प्रकारों में पैपिलरी थाइरॉइड कैंसर और फ़ॉलिकुलर (पुटकीय) थाइरॉइड कैंसर शामिल हैं।
  • इस कैंसर की पहचान के लिए चिकित्सक लैब परीक्षण, इमेजिंग अध्ययनों, और ट्यूमर बायोप्सी का आदेश दे सकते हैं।
  • उपचारों में सर्जरी, थाइरॉइड हॉर्मोन थैरेपी, रेडियोधर्मी आयोडीन से उपचार, या टारगेटेड थैरेपी शामिल हो सकती हैं।
  • डिफ़रेंशियेटेड थाइरॉइड कैंसर से ग्रस्त अधिकांश बच्चों के ठीक होने की अच्छी संभावना होती है, तब भी जब रोग फैल चुका हो या उपचार के बाद वापस आ गया हो।
  • उपचार के बाद, रोगियों को आजीवन निगरानी और फ़ॉलो-अप देखभाल की ज़रूरत होती है।


टुगेदर by St. Jude™ ऑनलाइन संसाधन इस लेख में उल्लिखित किसी भी ब्रांडेड उत्पाद या संगठन का समर्थन नहीं करता है। 


समीक्षित: मई 2025

संबंधित सामग्री