मुख्य विषयवस्तु में जाएं

अपने बच्चे की त्वचा की रक्षा कैसे करें

त्वचा शरीर की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और स्वस्थ वृद्धि तथा विकास में मदद देती है। त्वचा की देखभाल और रक्षा के आसान उपायों के साथ त्वचा की कई समस्याओं की रोकथाम की जा सकती है। 

त्वचा कैसे काम करती है

Skin anatomy showing epidermis, dermis, hypodermis

The skin acts as a protective barrier against germs, sun, temperature changes, and injury.

त्वचा शरीर का सबसे बड़ा अंग है। इसकी 3 मुख्य परतें होती हैं: 

  1. एपिडर्मिस: त्वचा की सबसे ऊपर वाली परत। यह परत शरीर के तरल पदार्थों को थामती है और अन्य तरल पदार्थों को बाहर रोके रखती है। इसमें मेलनिन भी होता है जो त्वचा को उसका रंग देता है।
  2. डर्मिस: त्वचा की बीच वाली परत। इस परत में कठोर संयोजी ऊतक, रोम कूप और स्वेद ग्रंथियाँ होती हैं।
  3. सबक्यूटेनुअस टिशू (हाइपोडर्मिस): त्वचा की सबसे नीचे वाली परत। यह परत वसा और संयोजी ऊतक से मिलकर बनती है जो गद्दे जैसा काम करते हैं।

त्वचा प्रतिरक्षा तंत्र का हिस्सा है। यह एक भौतिक बाधा है जो रोगाणुओं को शरीर में घुसकर संक्रमण करने से रोकती है। 

आपकी त्वचा कई महत्वपूर्ण तरीकों से शरीर की रक्षा करती है: 

  • तरल पदार्थों को शरीर के भीतर रोके रखती है जिससे पानी की कमी  की रोकथाम में मदद मिलती है
  • जब आपके शरीर का तापमान बढ़ता है तब आपको पसीना दिलाकर आपको ठंडा करती है
  • रक्त प्रवाह को एडजस्ट करके शरीर के तापमान का नियंत्रण करती है
  • ठंड, गर्मी, दबाव, खुजली और दर्द जैसी संवेदनाओं को महसूस करती है
  • आपकी हड्डियों और प्रतिरक्षा तंत्र को मज़बूत रखने के लिए धूप से विटामिन D बनाती है
  • आपके शरीर को ऊर्जा के उपयोग में मदद देने के लिए पानी और वसा का भंडारण करती है

शरीर के बढ़ने के साथ-साथ त्वचा कैसे बदलती है 

जब शिशु जन्म लेते हैं तब उनकी त्वचा पतली और कम विकसित होती है तथा आसानी से क्षतिग्रस्त हो सकती है। वह रोगाणुओं और संक्रमण के विरुद्ध वयस्क त्वचा जितनी अच्छी सुरक्षा नहीं दे सकती है। 

शुरुआती बचपन के दौरान आपके बच्चे की त्वचा:

  • साबुनों, लोशनों और सफ़ाई उत्पादों में मौजूद रसायनों के प्रति अधिक संवेदनशील होती है
  • धूप में अधिक आसानी से झुलस सकती है
  • त्वचा को छूने वाली चीज़ों, जैसे खुरदरे कपड़ों से, खरोंचने से और रगड़ने से अधिक आसानी से क्षतिग्रस्त हो सकती है
  • तापमान को इतने अच्छे से नियंत्रित नहीं करती है
  • आसानी से खुश्क हो जाती है
  • क्रीम और दवाओं को अधिक तेज़ी से सोखती है

 6 वर्ष का होते-होते, बच्चे की त्वचा मोटी और अधिक मज़बूत हो जाती है। लेकिन उसे तब भी देखभाल और सुरक्षा की ज़रूरत होती है।

अपने बच्चे की त्वचा की देखभाल कैसे करें 

त्वचा को साफ़ और नम रखें

नियमित रूप से नहलाना और शावर देना त्वचा की देखभाल का एक महत्वपूर्ण भाग हैं। लेकिन अत्यधिक धुलाई या कठोर साबुनों के उपयोग से त्वचा खुश्क हो सकती है। अपने बच्चे की त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए: 

  • अपने बच्चे को प्रतिदिन एक बार नहलाएँ या शावर दिलवाएँ।
  • गर्म पानी की बजाए गुनगुने पानी का उपयोग करें।
  • ऐसे सौम्य साबुन का उपयोग करें जो pH-संतुलित और सुगंध-मुक्त हो।
  • त्वचा को बहुत कठोरता से रगड़ने से बचें।
  • तौलिये की मदद से त्वचा को थपथपाकर सुखाएँ। त्वचा को तौलिये से रगड़ें नहीं।
  • त्वचा सूख जाने पर उस पर मॉइश्चुराइज़र लगाएँ। 
  • अपने बच्चे को ऐसे कपड़े पहनाएँ जो अधिक त्वचा को ढकते हों, जैसे लंबी आस्तीनों वाली शर्ट। इससे त्वचा को साफ़ रखने और उससे नमी की हानि रोकने में मदद मिलेगी।

त्वचा को धूप से सुरक्षित रखें। 

धूप त्वचा को क्षतिग्रस्त करके झुलसा सकती है। जब आपका बच्चा बाहर हो तो उसकी त्वचा की रक्षा के लिए:

  • SPF 30 या अधिक वाली सनस्क्रीन का उपयोग करें।
  • हर 2 घंटों पर सनस्क्रीन दोबारा लगाएँ।
  • तैरने या पसीना आने के बाद सनस्क्रीन दोबारा लगाएँ।
  • अपने बच्चे को लंबी आस्तीनों वाले कपड़े और हैट पहनाएँ। 
  • सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक धूप सबसे तेज़ होती है, इस दौरान उसे भीतर रखने की कोशिश करें।

त्वचा में बदलावों पर नज़र रखें

अपने बच्चे की त्वचा को बदलावों या समस्याओं के लिए नियमित रूप से जाँचें। इनमें शामिल है:

  • पपड़ीदार या खुरदरी त्वचा
  • दरारें या घाव
  • फफोले या लालिमा
  • त्वचा के रंग में परिवर्तन
  • दर्द, सुन्नपन, जलन या झुनझुनी
  • संक्रमण के संकेत, जैसे बुखार, सूजन, कोमलता या लालिमा या मवाद  

यदि आपके बच्चे की त्वचा में ऐसे कोई बदलाव हों जो बदतर हो जाएँ या ठीक न हों तो अपने स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता से संपर्क करें। 

अपने बच्चे के त्वचा समस्याओं के जोखिम को जानें

कुछ चिकित्सीय स्थितियाँ और उपचार त्वचा समस्याएँ पैदा कर सकते हैं। इनमें शामिल हैं एलर्जी, ऑटोइम्यून रोग, दीर्घकालिक अस्वस्थताएँ और कैंसर की दवाओं तथा उपचारों से साइड इफ़ेक्ट। अपने बच्चे के जोखिम के बारे में और किन चीज़ों पर नज़र रखनी है इस बारे में अपनी देखभाल टीम से बात करें।

कीमोथेरेपी और रेडिएशन

कीमोथैरेपी और विकीरण चिकित्सा से कुछ रोगियों में त्वचा समस्याएँ हो सकती हैं। आपके बच्चे की त्वचा संवेदनशील, खुश्क या लाल हो सकती है या उसमें खुजली व जलन हो सकती है। त्वचा पपड़ा सकती है या उसका रंग गहरा सकता है। 

त्वचा समस्याओं की रोकथाम में मदद के लिए:

  • अपने बच्चे की त्वचा साफ़ रखें। 
  • अपनी देखभाल टीम के निर्देशानुसार किसी मॉइश्चुराइज़र का उपयोग करें। 
  • केवल आपकी देखभाल टीम द्वारा स्वीकृत त्वचा देखभाल उत्पादों का उपयोग करें।
  • सनस्क्रीन और कपड़ों की मदद से अपने बच्चे की त्वचा को धूप से बचाएँ।
  • त्वचा को घिसने या रगड़ने से बचें।
  • त्वचा में ददोरों, पपड़ियों, दरारों या टूट-फूट पर या त्वचा के अन्य बदलावों पर नज़र रखें।

उपचार खत्म होने पर त्वचा के साइड इफ़ेक्ट अक्सर ठीक हो जाते हैं। लेकिन त्वचा लंबे समय तक संवेदनशील बनी रह सकती है। बचपन के कैंसर से जीत चुके कुछ लोग दीर्घकालिक त्वचा समस्याओं या जीवन में बाद में त्वचा कैंसर के जोखिम में हो सकते हैं। अपने बच्चे के जोख़िम के बारे में अपनी देखभाल टीम से बात करें।

स्टेरॉइड दवाएँ

स्टेरॉइड दवाओं का उपयोग कई कारणों से किया जाता है, जैसे सूजन घटाना और अन्य लक्षणों व साइड इफ़ेक्ट का उपचार करना। लेकिन स्टेरॉइड दवाएँ त्वचा को पतली तथा अधिक नाज़ुक बनाती हैं। इससे संक्रमण का जोखिम बढ़ता है और घाव भरने में देरी हो सकती है।

जब तक आपके बच्चे की स्टेरॉइड दवाएँ चल रही हैं उस दौरान त्वचा की रक्षा के लिए:

  • त्वचा को साफ़ और सूखा रखें।
  • देखभाल टीम के निर्देशानुसार मॉइश्चुराइज़र का उपयोग करें।
  • घाव होने या खरोंच लगने का कारण बन सकने वाली गतिविधियों से बचें। 

चिकित्सा उपकरण

चिकित्सा उपकरण, जैसे अंतःशिरा लाइनें, पोर्ट या बैंडेज, त्वचा में खुजली व जलन कर सकते हैं या दबाव-जन्य चोटों का कारण बन सकते हैं। त्वचा समस्याओं का जोखिम घटाने के लिए:

  • डिवाइस के आस-पास की त्वचा को लालिमा, सूजन या खुजली व जलन के लिए रोज़ाना जाँचें।
  • उस भाग को साफ़ और सूखा रखें।
  • त्वचा की सफ़ाई और रक्षा के लिए देखभाल टीम के निर्देशों का पालन करें।

दबाव से होने वाली चोटें

दबाव-जन्य चोटें (बेडसोर) तब लग सकती हैं जब बच्चा 1 ही स्थिति में बहुत लंबे समय तक रहता है। ये चोटें अक्सर ऐसे स्थानों में विकसित होती हैं जहाँ त्वचा हड्डी के बहुत पास होती है, जैसे कमर, कूल्हों या एड़ियों पर। त्वचा को दबाने वाले चिकित्सा उपकरण से भी दबाव-जन्य चोटें लग सकती हैं।

अपने बच्चे की त्वचा की रक्षा के तरीकों के बारे में अपने स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता से बात करें। त्वचा की देखभाल के बारे में और आपके बच्चे के लिए कौनसे उत्पाद सुरक्षित हैं इस बारे में हमेशा अपनी देखभाल टीम से मिले निर्देशों का पालन करें।

आपकी देखभाल टीम से पूछने के लिए प्रश्न

  • मुझे मेरे बच्चे के लिए किस प्रकार के साबुन या मॉइश्चुराइज़र का उपयोग करना चाहिए?
  • मुझे मेरे बच्चे की त्वचा पर कितने अंतराल पर मॉइश्चुराइज़र लगाना चाहिए?
  • मेरे बच्चे के लिए कौनसी सनस्क्रीन सबसे अच्छी है?
  • मेरे बच्चे के उपचार के दौरान हमें किन त्वचा देखभाल उत्पादों से बचना चाहिए?
  • मुझे त्वचा समस्याओं के किन संकेतों पर नज़र रखनी चाहिए?

अपने बच्चे की त्वचा की रक्षा के तरीके के बारे में मुख्य बिंदु

  • त्वचा एक बाधा के बतौर काम करती है और शरीर को नमी, ठंड, धूप और रोगाणुओं से बचाती है।
  • बच्चों की त्वचा पतली और अधिक संवेदनशील होती है, इसलिए वह आसानी से खुश्क हो सकती है, धूप से झुलस सकती है या क्षतिग्रस्त हो सकती है और इसलिए उसे अतिरिक्त देखभाल की ज़रूरत होती है।
  • कुछ चिकित्सा स्थितियाँ और उपचार, जैसे कीमो, रेडिएशन या स्टेरॉइड दवाएँ, त्वचा समस्याएँ पैदा कर सकते हैं, इसलिए त्वचा की देखभाल के लिए अपनी देखभाल टीम से मिले निर्देशों का पालन करना महत्वपूर्ण है।
  • अपने बच्चे की त्वचा को हल्के, सुगंध-मुक्त साबुन से साफ़ करें और खुश्की से बचाने के लिए किसी मॉइश्चुराइज़र का उपयोग करें। धूप से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए सनस्क्रीन और रक्षात्मक कपड़ों का उपयोग करें।
  • खुजली, जलन, खुश्की, लालिमा या संक्रमण के संकेतों के लिए अपने बच्चे की त्वचा को नियमित रूप से जाँचें ताकि समस्याओं को शुरू में ही पकड़कर उनका समाधान किया जा सके।
  • अपने बच्चे की खास ज़रूरतों हेतु सर्वोत्तम त्वचा देखभाल उत्पाद चुनने के लिए अपनी देखभाल टीम के साथ काम करें।


टुगेदर by St. Jude™ द्वाराऑनलाइन संसाधन इस लेख में उल्लिखित किसी भी ब्रांडेड उत्पाद या संगठन का समर्थन नहीं करता है।


समीक्षित: अगस्त 2025

संबंधित सामग्री