घाव एक ऐसी चोट है जो शरीर की त्वचा या ऊतक को नुकसान पहुँचाती है। घाव त्वचा की सतह पर, त्वचा के नीचे, या दोनों ही जगहों पर हो सकते हैं।
घाव की अच्छी देखभाल संक्रमण रोकने, घाव भरना तेज़ करने और अन्य समस्याओं, जैसे निशान, ऊतक क्षति, दर्द और चलने-फिरने में कठिनाई, को घटाने में मदद देती है।
अपने बच्चे की त्वचा की नियमित जाँच करें और किसी भी बदलाव या समस्या की सूचना अपनी देखभाल टीम को दें।
घाव कई तरह के होते हैं और उनके अलग-अलग कारण होते हैं। इनमें शामिल है:
- अपघर्षण (खरोंच): इसमें त्वचा की ऊपरी परत खुरच कर निकल जाती है
- कट: नुकीली/पैनी चीज़ों या सर्जरी के कारण त्वचा में दरारें/टूट-फूट
- विदार: कुंद चीज़ों या त्वचा के फटने से हुए दाँतेदार घाव
- जलना:गर्मी, रसायनों, या रेडिएशन से लगने वाली चोटें
- छिद्रण: छोटा व गहरा छेद करने वाली किसी नुकीली चीज़ से हुआ घाव
- दबाव-जन्य चोटें (बेडसोर या प्रेशर सोर): लंबे समय तक दबाव के कारण और रक्त प्रवाह में कमी के कारण होने वाले घाव या ऊतक क्षति, जो एक ही स्थिति में बहुत लंबे समय तक रहने या त्वचा पर दबाव डालने वाले चिकित्सा उपकरणों के कारण हो सकती है।
कैंसर या अन्य गंभीर बीमारी से ग्रस्त बच्चों के घाव
कुछ चिकित्सीय स्थितियाँ और उपचार आपके बच्चे को घाव होने की संभावना बढ़ा सकते हैं। या उनके घाव धीरे भर सकते हैं अथवा अधिक गंभीर हो सकते हैं। आपके बच्चे के लिए जोखिम बढ़ाने वाले कारकों में ये शामिल हैं:
- चिकित्सीय स्थितियाँ, जैसे कैंसर, डायबिटीज़, प्रतिरक्षा तंत्र के विकार, या अन्य दीर्घकालिक रोग
- कीमोथेरेपी, विकीरण चिकित्सा, स्टीरॉइड दवाएँ और अन्य उपचार
- न्यूट्रोपीनिया या कमज़ोर प्रतिरक्षा तंत्र
- कोई चिकित्सा उपकरण, जैसे फ़ीडिंग ट्यूब, सेंट्रल लाइन, ऑर्थोटिक्स, या अन्य उपकरण, लगा होना
- पूरी तरह से बिस्तर पर आराम या सीमित गतिशीलता
- बार-बार सर्जरी या कार्यविधियाँ
अपनी देखभाल टीम से इस बारे में बात करें किअपने बच्चे की त्वचा को बचाने में मदद कैसे दें और संक्रमण को कैसे रोकें।
कुछ घावों को विकसित होने में कई दिन लग सकते हैं। अन्य तेज़ी से विकसित हो सकते हैं। आपके बच्चे की त्वचा में जो भी बदलाव हों उनके बारे में अपनी देखभाल टीम को ज़रूर बताएँ।
घावों के संकेतों और लक्षणों मे निम्नलिखित शामिल हैं:
- पपड़ीदार, परतदार, फटी या टूटी हुई त्वचा
- पपड़ी या घाव
- छाले या उभरी हुई त्वचा
- रक्तस्राव, जिसमें अंगुलियों के जोड़ों, कोहनियों या अन्य जोड़ों की त्वचा की सिलवटों में रक्तस्राव शामिल है
- द्रव या मवाद निकलना
- चकत्ता या खुजली
- सूजन या गर्माहट
- दर्द, कोमलता, जलन, सुन्नता, या झुनझुनी
- त्वचा के रंग में बदलाव, जैसे लालिमा, बैंगनी रंग का नील पड़ना, या रंग बदलना
गहरी रंगतों वाली त्वचाओं पर नील या घाव अलग दिख सकते हैं। जैसे, वे ऐसी जगहों के रूप में दिखाई दे सकते हैं जो आस-पास की त्वचा की तुलना में गहरी या हल्की होती हैं।
घाव भरने की प्रक्रिया चरणों या अवस्थाओं की श्रृंखला से गुज़रती है। सामान्य तौर पर इनमें शामिल हैं:
- रक्तस्राव और थक्का जमना: रक्त वाहिकाओं के कसने और रक्त के थक्के बनने से रक्त का प्रवाह धीमा हो जाता है। प्लेटलेट रक्त में सक्रिय हो जाती हैं और रक्तस्राव को धीमा करने और रोकने के लिए एक साथ चिपक जाती हैं।
- सूजन: सफेद रक्त कोशिकाएं मृत कोशिकाओं, कीटाणुओं और मलबे को हटाने के लिए घाव तक पहुँचती हैं। प्रतिरक्षा कोशिकाएँ भी घाव को भरने और संक्रमण को रोकने में मदद करने के लिए नए ऊतकों के विकास का संकेत देने के पदार्थ छोड़ती हैं।
- त्वचा की मरम्मत और नए ऊतक की वृद्धि: नई रक्त वाहिकाएँ, कोलेजन और त्वचा कोशिकाएँ विकसित होने लगती हैं। घाव को बंद करने के लिए उसके किनारे एक-दूसरे की ओर खिंचने लगते हैं।
- दृढ़ीकरण: जैसे-जैसे घाव भरता है, ऊतक और दृढ़ होता जाता है। घाव का निशान बन सकता है। निशान इस बात पर निर्भर करता है कि घाव कितना गहरा है। आपके बच्चे की उम्र बढ़ने के साथ-साथ निशानों का आकार घट सकता है या वे हल्के पड़ सकते हैं।
घाव भरने में लगने वाला समय इस बात पर निर्भर करता है कि घाव किस प्रकार का है, वह कितना बड़ा और गहरा है, और वह आपके बच्चे के शरीर के किस हिस्से पर है। ठीक होना आपके बच्चे की चिकित्सीय स्थिति, उपचारों और उसके प्रतिरक्षा तंत्र के काम करने के तरीके पर भी निर्भर करता है।
कुछ चिकित्सीय स्थितियाँ और उपचार के कारण घाव देरी से भर सकते हैं या घाव धीरे-धीरे या अधूरे भर सकते हैं। घाव भरने की प्रक्रिया के दौरान क्या उम्मीद की जाए, इस बारे में अपनी स्वास्थ्य देखभाल टीम से बात करें।
अधिकांश घाव उचित देखभाल करने पर समय के साथ ठीक हो जाते हैं। लेकिन हर घाव अलग होता है। आपका स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता घाव के प्रकार और आपके बच्चे की स्वास्थ्य ज़रूरतों के आधार पर सबसे अच्छा उपचार चुनेगा।
आपके बच्चे के घाव का उपचार करने के लिए, आपकी देखभाल टीम सामान्य तौर पर इन चरणों का पालन करेगी:
- घाव की जाँच: आपकी देखभाल टीम घाव के प्रकार और उसकी तीव्रता का पता लगाएगी। वह आपके बच्चे के स्वास्थ्य और चिकित्सा इतिहास, घाव कितने समय से है, और आपने उसका उपचार कैसे किया है, इन सब चीज़ों के बारे में प्रश्न पूछ सकती है।
- घाव की सफ़ाई: आपकी देखभाल टीम उस जगह को साबुन और पानी, स्टेराइल सलाइन, या एंटीसेप्टिक सलूशन से साफ़ करेगी। कुछ मामलों में, घाव से मृत ऊतक, गंदगी या कचरा हटाने के लिए डीब्राइडमेंट किया जा सकता है।
- घाव बंद करना: यदि ज़रूरत पड़ी, तो घाव को टाँकों, स्टेपल, त्वचा ग्लू या चिपकने वाली स्ट्रिप्स से बंद किया जाएगा। कुछ घावों को ठीक होने के लिए खुला छोड़ा जा सकता है।
- दवाएँ देना: आपकी देखभाल टीम दर्द के लिए या संक्रमण को रोकने या उसका उपचार करने के लिए दवाएँ दे सकती है। वह घाव को जल्दी भरने के लिए उस पर ऑइंटमेंट या अन्य दवा लगा सकती है।
- ड्रेसिंग लगाना: आपकी देखभाल टीम घाव को रोगाणुओं से बचाने और उसे ठीक करने में मदद के लिए उस पर बैंडेज या स्टेराइल ड्रेसिंग का उपयोग कर सकती है।
- घाव की देखभाल के निर्देश देना: आपकी देखभाल टीम आपको बताएगी कि आपको बच्चे के घाव की देखभाल कैसे करनी है और किस तरह की अनुवर्तन देखभाल की ज़रूरत है।
आपकी देखभाल टीम किसी अन्य उपचार का उपयोग कर सकती है, जैसे नेगेटिव प्रेशर वुंड थैरेपी (वुंड वैक)।
घर पर घावों की देखभाल कैसे करें
आपकी देखभाल टीम आपको सिखाएगी कि अपने बच्चे के घावों की देखभाल कैसे करें। रोगी की देखभाल का कोई भी काम करने से पहले और बाद में हमेशा अपने हाथ साबुन और पानी से धोएँ या हैंड सैनिटाइज़र का उपयोग करें।
अपनी देखभाल टीम से परामर्श किए बिना घाव पर कोई भी ऑइंटमेंट, पाउडर या अन्य दवा न लगाएँ।
घर पर घावों की देखभाल के लिए यहाँ कुछ आसान सुझाव दिए गए हैं:
- घाव को साफ़ और सूखा रखें:अपनी देखभाल टीम के बताए अनुसार जगह को साफ़ करें। छोटे-मोटे घावों को सामान्य तौर पर हल्के साबुन और पानी से साफ़ किया जा सकता है। घावों पर हाइड्रोजन परॉक्साइड या रबिंग एल्कोहॉल का उपयोग न करें। केवल देखभाल टीम द्वारा सुझाए गए उत्पादों का उपयोग करें।
- घाव की सुरक्षा करें: यदि सलाह दी जाए तो घाव को बैंडेज या ड्रेसिंग से ढककर रखें।
- निर्देशानुसार ड्रेसिंग बदलें: आपकी देखभाल टीम आपको बताएगी कि बैंडेज या ड्रेसिंग कब-कब बदलनी है। यदि ड्रेसिंग गीली, गंदी, या ढीली हो जाए तो उसे बदल दें।
- दवाओं के लिए निर्देशों का पालन करें: यदि देखभाल टीम एंटीबायोटिक दवाएँ लिखे तो उन्हें दें। सुनिश्चित करें कि आपका बच्चा सभी खुराक ले, भले ही घाव ठीक हो गया हो। घाव पर बताए अनुसार ऑइंटमेंट या क्रीम लगाएँ। केवल देखभाल टीम द्वारा स्वीकृत उत्पादों का ही उपयोग करें।
- प्रभावित जगह को उत्तेजित करने से बचें: अपने बच्चे को खरोंचने/कुरेदने या नोचने से बचने में मदद दें, क्योंकि इनसेठीक होने की प्रक्रिया धीमा हो सकती है और संक्रमण का जोखिम बढ़ सकता है।
- गतिविधि प्रतिबंधों का पालन करें: अपनी देखभाल टीम से पूछें कि घाव ठीक होने तक आपके बच्चे को किन गतिविधियों से बचना चाहिए, जैसे तैराकी या खेलकूद।
- दर्द का प्रबंधन: अपने बच्चे को आराम देने के लिए, उसे चिकित्सक द्वारा लिखी या सुझाई गई दर्द की दवा दें। यदि आपके बच्चे का दर्द बढ़ जाए या घाव भरते समय भी ठीक न हो, तो अपनी देखभाल टीम को बताएँ।
- संक्रमण के संकेतों पर नज़र रखें: यदि आपको लालिमा, सूजन, गर्माहट, मवाद, बदबू का पता चले, या आपके बच्चे को बुखार या ठंड लगकर कंपकंपी छूटे तो अपनी देखभाल टीम को कॉल करें।
यदि आप इस बात को लेकर अनिश्चित हैं कि अपने बच्चे के घाव की देखभाल कैसे करें, तो किसी स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता से संपर्क करें।
अपनी देखभाल करने वाली टीम को कॉल कब करें
यदि आपको इनमें से कुछ भी दिखे तो अपनी देखभाल टीम से संपर्क करें:
- कोई नया घाव या त्वचा में बदलाव
- घाव के चारों ओर दर्द का बढ़ना, लालिमा, गर्माहट या सूजन
- घाव से स्राव, मवाद, या बदबू (पीला या हरा)
- बुखार, ठंड लगकर कंपकंपी छूटना, या उबकाई
- घाव में गंदगी या कचरा
- चिकित्सा उपकरण (कैथेटर, फ़ीडिंग ट्यूब) के आस-पास दर्द, लालिमा, सूजन, गर्माहट या स्राव
आपकी देखभाल टीम से पूछने के लिए प्रश्न