मुख्य विषयवस्तु में जाएं

दुष्प्रभावों का सामना करना

दुष्प्रभाव क्या हैं?

अपनी माँ को गले लगाता हुआ बचपन में होने वाले कैंसर से पीड़ित रोगी

दुष्प्रभाव के बारे में अपनी देखभाल टीम से बात करें। वह आपको यह जानने में मदद कर सकती है कि किन दुष्प्रभाव पर नज़र रखनी है, और उनके प्रबंधन की योजना बनाने में मदद दे सकती है।

दुष्प्रभाव ऐसे अनचाहे प्रभाव हैं जो कोई दवा या उपचार लेने पर हो सकते हैं। उपचार खत्म होने पर अधिकतर दुष्प्रभाव ठीक हो जाते हैं। लेकिन कभी-कभी, दवाएँ और उपचार दीर्घस्थायी बदलाव कर सकते हैं। इन्हें लंबे समय तक रहने वाले दुष्प्रभाव या देरी से होने वाले प्रभाव कहा जाता है।

दुष्प्रभावों का पहले से अनुमान लगाना कठिन होता है। कुछ रोगियों को हल्के दुष्प्रभाव हो सकते हैं। अन्य रोगियों को गंभीर दुष्प्रभाव हो सकते हैं। एक ही रोगी पर उपचार के एक से दूसरे कोर्स तक अलग-अलग दुष्प्रभाव हो सकते हैं।

दुष्प्रभावों के साथ जीना, शारीरिक और भावनात्मक दोनों रूप से ही मुश्किल होता है। स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता इस प्रकार उपचारों की योजना बनाते हैं कि बीमारी का प्रभावी ढंग से इलाज करते हुए दुष्प्रभावों को यथासंभव सीमित रखा जा सके। आपकी देखभाल टीम दुष्प्रभावों के लिए आपको तैयार करने और यदि वे हों तो उनका प्रबंधन करने में मदद कर सकती है।

सामान्य दुष्प्रभाव

आपके बच्चे को हो सकने वाले दुष्प्रभाव उसे मिलने वाली दवाओं और उपचारों पर निर्भर करते हैं। हर बच्चा अलग ढंग से प्रतिक्रिया देता है। आप जिन दुष्प्रभाव की उम्मीद कर सकते हैं उनके बारे में आपकी देखभाल टीम आपसे बात करेगी।

कुछ सामान्य दुष्प्रभाव इस प्रकार हैं:

दुष्प्रभाव का प्रबंधन कैसे करें

प्रत्येक उपचार अलग होता है। अपनी देखभाल टीम को अपने बच्चे के लक्षणों के बारे में बताना महत्वपूर्ण है। अपने बच्चे के दुष्प्रभाव का रिकॉर्ड रखना मददगार हो सकता है। पता लगाने की कोशिश करें कि आपके बच्चे के लक्षण किन चीज़ों से बेहतर और किन चीज़ों से बदतर होते हैं। 

निम्नलिखित पर नज़र रखने के लिए किसी जर्नल या मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है:

  • लक्षण और उनकी गंभीरता
  • उनके होने का समय 
  • क्या चीज़ मदद कर सकती है

दुष्प्रभाव के प्रबंधन में मदद के लिए, अपने बच्चे को ये चीज़ें करने के लिए प्रेरित करें:

  • पौष्टिक भोजन खाएं
  • शारीरिक रूप से सक्रिय रहें
  • नींद की उचित दिनचर्या का पालन करना 
  • अपने लक्षणों के बारे में बात करना 

आप एक ऐसा सुरक्षित और सहायक परिवेश बनाने में मदद दे सकते हैं जहाँ आपका बच्चा अपने एहसासों के बारे में बात करने में सहज महसूस करता हो। अन्य बच्चों और परिवारों से बात करने से आपको दुष्प्रभावों को प्रबंधित करने के लिए अन्य सुझाव और सहायता मिल सकती है। इससे यह जानने में मदद मिल सकती है कि दूसरे लोग भी इसी परिस्थिति—से गुज़र रहे हैं—या गुज़र चुके हैं। 

आपकी देखभाल टीम दुष्प्रभाव से राहत में मदद के लिए आपके बच्चे के उपचारों को एडजस्ट कर सकती है या दवाएँ अथवा अन्य उपचार प्रिस्क्राइब कर सकती है। आपके बच्चे की मुलाकात प्रशामक (पैलिएटिव) देखभाल या दर्द विशेषज्ञों से हो सकती है। टीम के ये सदस्य दुष्प्रभाव का प्रबंधन करने और आराम प्रदान करने के लिए बाकी की देखभाल टीम के साथ काम करते हैं। समाजसेवी, मानसिक स्वास्थ्य प्रदाता, बाल-जीवन विशेषज्ञ और चैपलेन (पादरी)/धर्मगुरु भी मदद कर सकते हैं।

दवाओं के साथ-साथ, आपका बच्चा सामना करने की रणनीतियों का भी उपयोग कर सकता है, जैसे:

  • बायोफ़ीडबैक
  • मसाज थेरेपी
  • संगीत थेरेपी 
  • कला थेरेपी
  • विश्राम

हालांकि, इसमें समस्या को हल करने और योजना बनाने की आवश्यकता हो सकती है, किंतु इससे दुष्प्रभावों पर बेहतर नियंत्रण रखना संभव होता है।

अपनी देखभाल टीम से पूछे जाने वाले प्रश्न

  • इस उपचार के सबसे आम दुष्प्रभाव क्या हैं?
  • ये दुष्प्रभाव आम तौर पर कब तक रहते हैं?
  • क्या ऐसे कोई गंभीर या दुर्लभ दुष्प्रभाव हैं जिन पर मुझे नज़र रखनी चाहिए?
  • मैं मेरे बच्चे को दुष्प्रभाव के प्रबंधन में मदद कैसे दूँ? 
  • यदि मुझे दुष्प्रभाव दिखें तो मुझे क्या करना चाहिए?

दुष्प्रभाव का सामना करने के बारे में मुख्य बिंदु

  • दुष्प्रभाव ऐसे अनचाहे प्रभाव हैं जो किसी दवा या अन्य उपचार के साथ होते हैं। 
  • दवाएँ और उपचार विभिन्न प्रकार के दुष्प्रभाव करते हैं और वे अलग-अलग व्यक्ति में अलग-अलग हो सकते हैं।
  • कुछ रोगियों को हल्के दुष्प्रभाव हो सकते हैं। अन्य रोगियों को गंभीर दुष्प्रभाव हो सकते हैं।
  • दुष्प्रभाव अस्थायी हो सकते हैं और उपचार समाप्त होने के बाद जल्द ही खत्म हो सकते हैं, या फिर वे उपचार के बाद कई महीनों या वर्षों तक बने रह सकते हैं।
  • किन दुष्प्रभाव की उम्मीद करनी है और यदि वे हों तो क्या करना है इस बारे में अपनी देखभाल टीम से बात करें।


समीक्षित: सितंबर 2024

संबंधित सामग्री