मुख्य विषयवस्तु में जाएं

कैंसर ग्रस्त बच्चों में थकान

कैंसर और कैंसर के उपचारों में थकान एक सामान्य दुष्प्रभाव है। थकान से सामान्य कार्य या सामान्य गतिविधियां करना मुश्किल हो सकता है। यह स्कूल या काम, संबंधों और भावनात्मक और शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। कुछ कैंसर रोगियों में, उपचार खत्म होने के बाद भी थकान बनी रहती है।

कैंसर से संबंधित थकान क्या है?

कैंसर-संबंधी थकान का अर्थ ऊर्जा की कमी, थकान, या अत्यधिक थकावट होने के एहसास से है। कैंसर में थकान हर रोज की थकान से अलग है। यह आम तौर पर निरंतर बनी रहती है और नींद या आराम से ठीक नहीं होती है।

मरीजों और परिवारों के लिए, थकान कैंसर और कैंसर के उपचार के तनावपूर्ण दुष्प्रभावों में से एक हो सकती है। थकान के संभावित कारणों का पता लगाने और उनसे निपटने की योजना बनाने के लिए, देखभाल टीम के साथ मिलकर काम करना ज़रूरी है।

एक कैंसर रोगी बच्चा स्टफ़्ड एनिमल के साथ सो रहा है।

कैंसर-संबंधी थकान कम ऊर्जा, थकान या थकावट का ऐसा एहसास है जो लगातार बना रहता है, जिसका कोई अन्य कारण नहीं होता और जो आराम करने से बेहतर नहीं होता।

कैंसर ग्रस्त बच्चों में थकान के लक्षण

थकान के संकेत और लक्षण अलग-अलग हो सकते हैं। बच्चों में थकान के कुछ आम लक्षण इस प्रकार हैं:

  • थकान महसूस करना
  • कमज़ोरी
  • ऊर्जा की कमी
  • सोचने में या किसी कार्य पर ध्यान लगाने में समस्याएँ
  • बोरियत, प्रेरणा का अभाव, या रुचि की हानि
  • चिड़चिड़ापन, रोना या नखरेबाज़ी
  • चिपकू हो जाना या ध्यान चाहना
  • अस्वस्थता के लक्षणों में वृद्धि
  • सोने या खाने-पीने के पैटर्नों में बदलाव

यदि आपके बच्चे की ऊर्जा, मूड, या सतर्कता में अचानक या चरम बदलाव हों तो चिकित्सीय देखभाल प्राप्त करें। ये बदलाव किसी ऐसी गंभीर चिकित्सीय समस्या का संकेत हो सकते हैं जिसके लिए उपचार ज़रूरी है।

बचपन में होने वाले कैंसर में थकान के कारण

कई कारक बचपन के कैंसर के दौरान और उसके बाद निढालता का कारण बन सकते हैं। इनमें उपचार, कैंसर के अपने प्रभाव और अन्य शारीरिक, व्यवहारिक और भावनात्मक कारक शामिल हैं।

कीमोथेरेपी और थकान

कीमोथेरेपी के दौरान निढालता आती-जाती रह सकती है। आमतौर पर कीमो उपचार के बाद के दिनों में थकान सबसे खराब होती है जब रक्त कोशिकाओं की संख्या सबसे कम होती है। अगले उपचार तक ऊर्जा के स्तर धीरे-धीरे बढ़ सकते हैं।  टारगेटेड थेरेपी और इम्यूनोथेरेपी से उपचार के कारण भी निढालता हो सकती है।

विकीरण चिकित्सा और थकान

विकीरण चिकित्सा लेने वाले मरीजों को भी थकान की समस्या हो सकती है। रेडिएशन से होने वाली थकान समय के साथ-साथ बदतर होती जाती है। इसमें आमतौर पर उपचार ख़त्म होने के बाद सुधार आ जाता है। दिमाग में रेडिएशन के कारण थकान होने की अधिक संभावना होती है।

कैंसर के दौरान निढालता में योगदान कर सकने वाले कुछ अन्य कारक इस प्रकार हैं:

  • कुछ दवाएँ, जैसेकॉर्टीकोस्टेरॉयड्स, दर्द की दवाएँ, और उबकाई-रोधी दवाएँ
  • निम्न लाल रक्त कोशिकाएं (खून की कमी)
  • संक्रमण और बीमारी
  • हृदय, फेफड़े या गुर्दे की समस्या
  • हार्मोन में बदलाव
  • दिमाग या तंत्रिका तंत्र में बदलाव
  • दर्द
  • तनाव, एंग्ज़ाइटी, या डिप्रेशन
  • नींद की समस्याएँ
  • धूप से कम संपर्क
  • कम शारीरिक गतिविधि या खराब शारीरिक फ़िटनेस
  • शरीर में पानी की कमी (निर्जलीकरण)
  • खराब पोषण या कैलोरी अथवा पोषक तत्वों की ज़रूरत पूरी न होना

कैंसर-संबंधी निढालता के प्रबंधन के तरीके

कैंसर के दौरान “बिल्कुल ऊर्जा नहीं” जैसा महसूस होना सामान्य बात है। इसे बेहतर हो जाना चाहिए।

कैंसर की थकान से निपटने के उपायों में ये शामिल हैं:

  • स्वस्थ्य नींद की आदतें: कैंसर के दौरान, विशेष रूप से अस्पताल में भर्ती के दौरान, नींद की समस्याएँ होना आम है। नियमित नींद का शेड्यूल, सुबह की प्राकृतिक रोशनी का संपर्क और नींद के लिए आरामदायक वातावरण नींद में सुधार कर सकता है और थकान को कम कर सकता है।
  • कसरत और शारीरिक गतिविधि: यहां तक कि कम मात्रा में शारीरिक गतिविधि भी ऊर्जा बढ़ाने और थकान को कम करने में मदद कर सकती है। कसरत से ताकत और तंदरुस्ती भी बेहतर होती है, जिससे दैनिक कार्यों को करना आसान होता है। थकान के कारण कसरत करना मुश्किल हो सकता है। लेकिन तब भी जब कसरत करना कठिन लगता है, तो थोड़ी देर के लिए कुछ कसरत करने की कोशिश करना ज़रूरी होता है। संभव है कि कोई ऑक्युपेशनल थैरेपिस्ट या फिज़िकल थैरेपिस्ट मदद कर पाए।
  • अच्छा पोषण: वजन कम होना और मांसपेशियों में कमी थकान का कारण बन सकती है। कैंसर के दौरान पर्याप्त कैलोरी और तरल पदार्थ ले पाना कठिन हो सकता है। यह शरीर की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने की क्षमता को प्रभावित कर सकता है। स्वस्थ खान-पान की आदतें और नैदानिक पोषण सहायता आपके बच्चे को आवश्यक पोषक तत्व प्राप्त करने में मदद कर सकती हैं।
  • सायकोथेरेपी: मानसिक स्वास्थ्य के विशेषज्ञ यह जानने में मदद कर सकते हैं कि थकान डिप्रेशन, चिंता या तनाव के कारण तो नहीं है। टॉक थेरेपी या परामर्श से निढालता का सामना करने की रणनीतियाँ मिल सकती हैं। आध्यात्मिक सहायता के लिए, किसी चैपलेन (पादरी)/धर्मगुरू से बात करें।
  • प्रकाश उपचार: प्रप्राकृतिक रोशनी के संपर्क में रहना, खासकर सुबह के समय, स्वस्थ नींद को बढ़ावा दे सकता है और आपके बच्चे को कम थका हुआ महसूस करने में मदद कर सकता है। खासकर अस्पताल में रहने के दौरान, प्राकृतिक रोशनी लेना मुश्किल हो सकता है। ब्राइट लाइट थेरेपी शरीर की आंतरिक घड़ी को विनियमित करने में मदद करने के लिए निश्चित समय पर एक नियंत्रित प्रकाश स्रोत का उपयोग करती है।
  • पूरक और सहायक थेरेपी: म्यूज़िक थेरेपी, आर्ट थेरेपी, शिथिलन तकनीकें, मसाज थेरेपी, और अरोमाथेरेपी इत्यादि थेरेपी से निढालता में मदद मिल सकती है। आपके बच्चे की देखभाल टीम आपको उपयोगी तकनीकें ढूँढने में मदद दे सकती है।

कैंसर-संबंधी निढालता: परिवारों के लिए सलाह

  • अपने बच्चे की थकान के बारे में अपनी देखभाल टीम से बात करें।
  • लक्षणों का रिकॉर्ड रखें। थकान कब होती है, कब ज़्यादा होती है, किससे थकान में राहत मिलती है और संबंधित कारक जैसे दर्द, तनाव और नींद की समस्याओं के बारे में लिखकर रखें।
  • सुनिश्चित करें कि आपका बच्चा नींद का एकसमान शेड्यूल और प्रति दिन एक जैसी दिनचर्या बनाए रखे।
  • दिन में धूप का संपर्क बढ़ाएँ।
  • अपने बच्चे की योग्यता के अनुसार शारीरिक गतिविधियों की योजना बनाएँ। थोड़े-से व्यायाम से भी मदद मिल सकती है।
  • सुनिश्चित करें कि आपका बच्चा आराम का समय निकाले और अत्यधिक थकान से बचे।
  • सुनिश्चित करें कि आपका बच्चा स्वस्थ भोजन और स्नैक नियमित रूप से खाए और पर्याप्त तरल पदार्थ पिए।

कैंसर-संबंधी निढालता के लिए मदद कब माँगें

कैंसर उपचार के साथ निढालता सामान्य है और इसका यह अर्थ नहीं है कि रोग बिगड़ रहा है या यह कि उपचार काम नहीं कर रहा है। फिर भी, आप चाहें तो अपने बच्चे के देखभाल प्रदाताओं से मदद माँग सकते हैं।

थकान का उपचार करने का पहला चरण है, समस्या और संभावित कारणों के बारे में अधिक जानें। इसमें, इस बारे में विवरण साझा करना शामिल है कि निढालता कब शुरू हुई, वह कितनी देर रहती है, वह दैनिक गतिविधियों को कैसे प्रभावित करती है, और क्या चीज़ें उसे बेहतर या बदतर बनाती हैं।

पिछला चिकित्सा इतिहास, शारीरिक परीक्षा और प्रयोगशाला परीक्षण आपकी देखभाल टीम को अंतर्निहित कारणों का पता लगाने में मदद करते हैं। नींद की आदतों, शारीरिक गतिवधि, और खान-पान की आदतों की जानकारी भी उपयोगी हो सकती है।

कैंसर से जुड़ी थकान के आकलन में ये शामिल किए जा सकते हैं:

  • मरीज और घरवालों का साक्षात्कार
  • दवाइयों की समीक्षा
  • चिकित्सकीय इतिहास और शारीरिक परीक्षा
  • खून की जाँचें
  • नींद और गतिविधि की डायरी

अपनी देखभाल टीम से पूछे जाने वाले प्रश्न

  • मेरे बच्चे को किन कारकों के कारण निढालता हो रही हो सकती है?
  • मुझे किन चीज़ों को ट्रैक करने और देखभाल टीम को सूचित करने की ज़रूरत है?
  • मेरे बच्चे को अधिक ऊर्जा पाने के लिए क्या खाना व पीना चाहिए?
  • मेरे बच्चे को प्रति दिन कितनी नींद और कितना आराम लेना चाहिए?
  • मेरे बच्चे को किस प्रकार के व्यायाम करने चाहिए, और कितने?
  • क्या ऐसी दवाएँ या उपचार हैं जो मेरे बच्चे की निढालता में मदद दे सकते हैं?

कैंसर-संबंधी निढालता के बारे में मुख्य बिंदु

  • कैंसर और कैंसर के उपचारों में कैंसर संबंधी थकान एक सामान्य दुष्प्रभाव है।
  • बचपन की कैंसर-संबंधी निढालता कई कारकों के कारण हो सकती है।
  • नींद की स्वस्थ आदतें, नियमित शारीरिक गतिविधि, अच्छा पोषण, और धूप से संपर्क निढालता घटाने में मदद कर सकते हैं।
  • आपकी देखभाल टीम आपके बच्चे की ज़रूरतों के आधार पर निढालता का सामना करने की योजना बनाने में मदद कर सकती है।

अधिक जानकारी प्राप्त करें


समीक्षित: सितंबर 2023

संबंधित सामग्री