मुख्य विषयवस्तु में जाएं

बोन मैरो हार्वेस्ट

बोन मैरो हार्वेस्ट क्या है?

बोन मैरो हार्वेस्ट बोन मैरो से स्टेम सेल एकत्र करने के लिए उपयोग होने वाली एक कार्यविधि है। स्टेम सेल (जिन्हें प्रोजेनिटर (प्रजनक) कोशिकाएँ या हिमेटोपॉइटिक स्टेम कोशिकाएँ भी कहते हैं) वे कोशिकाएँ होती हैं जो विकसित होकर अन्य प्रकार की कोशिकाओं, जैसे रक्त कोशिकाओं, में बदल सकती हैं।  

ट्रांसप्लांट हेतु स्टेम सेल बोन मैरो से या रक्त से ली जा सकती हैं। बोन मैरो अधिकांश हड्डियों के भीतर मौजूद नर्म, स्पंज जैसा ऊतक होती है। ट्रांसप्लांट के लिए उपयोग होने वाली बोन मैरो आम तौर पर कूल्हे की हड्डी से ली जाती है।

  • ऑटोलोगस ट्रांसप्लांट में रोगी की खुद की स्टेम कोशिकाओं का उपयोग होता है।
  • एलोजेनिक ट्रांसप्लांट में किसी अन्य व्यक्ति (डोनर/दाता) से एकत्र स्टेम सेल का उपयोग होता है।

बोन मैरो हार्वेस्ट के लिए तैयारी कैसे करें

कार्यविधि से पहले, चिकित्सा स्टाफ़ आपको समझाएगा कि क्या उम्मीद करें और आपके जो भी प्रश्न हों उनके उत्तर देगा। अधिकांश मामलों में, डोनर से यह करने को कहा जाएगा:

  • सहमति फ़ॉर्म पर हस्ताक्षर करें।
  • बोन मैरो हार्वेस्ट से पहले लैब परीक्षण और शारीरिक परीक्षा करवाएँ।
  • कार्यविधि से पहले वाली रात को, देखभाल टीम द्वारा दिए गए डिसइन्फ़ेक्टेंट क्लींज़र का उपयोग करके नहाएँ। त्वचा सूख जाने पर, डिसइन्फ़ेक्टेंट वाइप्स की मदद से बोन मैरो हार्वेस्ट कलेक्शन के स्थान को साफ़ करें।
  • एनेस्थीसिया से पहले भोजन या पेय लेना कब बंद करना है, इस बारे में उपवास (मुंह से कुछ भी नहीं) संबंधी दिशा-निर्देशों या निर्देशों का पालन करें
बोन मैरो को एक सिरिंज से जुड़ी एक खोखली नीडल का उपयोग करके एकत्र किया जाता है।

बोन मैरो को एक सिरिंज से जुड़ी एक खोखली नीडल का उपयोग करके एकत्र किया जाता है।

बोन मैरो हार्वेस्ट के दौरान क्या उम्मीद करें

बोन मैरो हार्वेस्ट आम तौर पर किसी ऑपरेशन रूम में जनरल एनेस्थीज़िया के प्रभाव में किया जाता है; जनरल एनेस्थीज़िया व्यक्ति को पूरी तरह बेहोश कर देता है, मानो गहरी नींद की तरह। चिकित्सा स्टाफ़ दर्द नियंत्रण के लिए एनेस्थीज़िया के अन्य रूपों का उपयोग कर सकता है।

एक पतली व खोखली नीडल की मदद से बोन मैरो निकाली जाती है। यह प्रक्रिया बोन मैरो एस्पिरेशन (चूषण) से मिलती-जुलती होती है। एक देखभाल प्रदाता कलेक्शन नीडल को त्वचा से होकर कूल्हे की हड्डी के पिछले भाग में घुसाते हुए बोन मैरो में पहुँचा देता है। कभी-कभी देखभाल प्रदाता को कूल्हे की हड्डी के अगले भाग का भी उपयोग करना पड़ सकता है। 

अधिकांश मामलों में 2-4 स्थलों का उपयोग किया जाता है। नीडल कई बार घुसाई जाती है, तब तक जब तक पर्याप्त मैरो एकत्र न हो जाए। मैरो हार्वेस्ट करने की प्रक्रिया में आम तौर पर लगभग एक घंटे का समय लगता है।

एकत्रण के बाद, प्राप्त बोन मैरो को एक लैबोरेटरी में प्रोसेस किया जाता है। बोन मैरो से प्राप्त स्टेम सेल रोगी को उसी दिन दी जा सकती हैं या बाद में उपयोग के लिए सहेजकर रखी जा सकती हैं। बोन मैरो से प्राप्त स्टेम सेल को एक प्रिज़रवेटिव में मिलाकर ज़रूरत पड़ने तक फ़्रीज़ किया जा सकता है।

बोन मैरो हार्वेस्ट के बाद क्या उम्मीद करें

कार्यविधि के बाद, डोनर को एनेस्थीज़िया से रिकवर होने के लिए एक रिकवरी एरिया में पहुँचा दिया जाएगा।

स्टाफ़ कमर पर एक विशाल ड्रेसिंग लगाएगा जिसे प्रेशर ड्रेसिंग कहते हैं। यह ड्रेसिंग सूजन, रक्तस्राव और नील पड़ना घटाने में मदद देती है। इस ड्रेसिंग के नीचे, हर हार्वेस्ट स्थल पर पतली, चिपकने वाली बैंडेज (Steri-Strips™) लगाई जाएँगी।

संभव है कि डोनर को हार्वेस्ट कार्यविधि वाले दिन ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाए। चिकित्सा स्टाफ़ इस बारे में निर्देश देगा कि हार्वेस्ट स्थलों की देखभाल कैसे करनी है। 

कार्यविधि के बाद वाले दिन, डोनर लैब परीक्षणों और एक आकलन के लिए क्लिनिक लौटेगा। एक नर्स ड्रेसिंग हटाएगी, हार्वेस्ट स्थलों को संक्रमण के संकेतों के लिए जाँचेगी, और स्थलों की देखभाल के निर्देश देगी।

बोन मैरो हार्वेस्ट के संभावित दुष्प्रभाव

बोन मैरो हार्वेस्ट से अल्पकालिक दुष्प्रभाव हो सकते हैं। दुष्प्रभावों में निम्नलिखित शामिल हो सकते हैं:

  • हार्वेस्ट स्थलों के आस-पास दर्द, निरंतर हल्का दर्द, दुखन, या कड़ापन
  • नील पड़ना या सूजन
  • थकान या थकन से चूर होना 
  • एनेस्थीज़िया के कारण उबकाई, उल्टियाँ, या चक्कर आना

अधिकांश दुष्प्रभाव हल्के होते हैं और कुछ दिनों में खत्म हो जाते हैं। अधिक गंभीर समस्याएँ दुर्लभ हैं, लेकिन वे हो सकती हैं।

घर पर हार्वेस्ट स्थलों की देखभाल

एक देखभाल प्रदाता आपको सिखाएगा कि बोन मैरो हार्वेस्ट से हुए घावों की देखभाल कैसे करनी है। हमेशा अपनी देखभाल टीम द्वारा दिए गए विशिष्ट निर्देशों का पालन करें।

  • हार्वेस्ट स्थलों को निर्देशानुसार साफ़ करें।
    • हर स्थल को 7 दिनों तक प्रति दिन 2 बार, प्रदान किए गए बीटाडिन के फ़ाहों से साफ़ करें। बीटाडिन (Betadine) एक एंटीसेप्टिक है जो रोगाणुओं को मारने में और संक्रमणों की रोकथाम करने में मदद देता है। 
    • हर स्थल पर पूरे पैक (3 फ़ाहों) का उपयोग करें।
    • स्थल को फ़ाहा गोल-गोल घुमाते हुए साफ़ करें। केंद्र से शुरू करते हुए बाहर की ओर जाएँ।
    • बीटाडिन को सूखने दें। सफ़ाई के बाद पोंछें नहीं।
  • आप शावर ले सकते हैं। लेकिन कार्यविधि के बाद कम-से-कम 1 सप्ताह तक टब में न नहाएँ, तैराकी न करें, या पानी में न बैठें।  
  • सुझावित के अनुसार दर्द की दवाएँ लें।  
  • Steri-Strips™ समय आने पर अपने-आप गिर जाएँगी। इसमें आम तौर पर 1 से 2 सप्ताह लगते हैं।

अपनी देखभाल टीम से कब संपर्क करें

घाव भरने में संक्रमण या अन्य समस्याओं के संकेतों पर नजर रखें। डिजिटल थर्मोमीटर से शरीर के तापमान पर नज़र रखें। यदि ऐसा हो तो अपने क्लिनिक को कॉल करें या अस्पताल लौटें:

  • 100.4°F (38.0°C) या अधिक का बुखार या शरीर का तापमान
  • जहाँ नीडल घुसाई गई थी उन स्थलों से रिसाव
  • दर्द का बढ़ना, जो सुझाई गई दर्द की दवा से कम नहीं होता है 
  • जी मिचलाना या उल्टी होना
  • स्थिति में और कोई बदलाव

बोन मैरो हार्वेस्ट के बारे में मुख्य बिंदु

  • बोन मैरो हार्वेस्ट, बोन मैरो से स्टेम सेल एकत्र करने की एक कार्यविधि है।
  •  एक पतली व खोखली नीडल की मदद से बोन मैरो एकत्र किया जाता है।
  •  बोन मैरो हार्वेस्ट के लिए सबसे आम एकत्रण स्थल कूल्हे की हड्डी का पिछला भाग है।
  •  बोन मैरो हार्वेस्ट के बाद, आपको कुछ दुष्प्रभाव हो सकते हैं, जैसे कड़ापन, दुखन, नील पड़ना, या सूजन। 
  •  संक्रमण या अन्य समस्याओं की रोकथाम के लिए कार्यविधि के बाद की देखभाल के निर्देशों का पालन करें।


समीक्षित: अगस्त 2025

संबंधित सामग्री