कभी-कभी आपके बच्चे को कुछ कार्यविधियों, स्कैन या परीक्षणों से पहले खाना-पीना रोकना पड़ता है।
किसी परीक्षण से पहले कुछ भी न खाने या पीने को उपवास (फ़ास्टिंग) कहते हैं। आप इसे NPO भी कहलाते सुन सकते हैं, जो एक लैटिन वाक्यांश का संक्षिप्तीकरण है, जिसका अर्थ है “मुंह से कुछ भी नहीं”।"
अपनी देखभाल टीम द्वारा दिए गए उपवास के दिशा-निर्देशों या 'एनपीओ' (NPO - मुंह से कुछ भी नहीं लेने) के निर्देशों का सदैव पालन करें।
इस बात के कई कारण हैं कि क्यों आपके बच्चे को किसी कार्यविधि या परीक्षण से पहले उपवास रखना पड़ सकता है:
जब बच्चे भूखे या प्यासे होते हैं तो उन्हें खाने या पीने से रोकना कठिन होता है। लेकिन उपवास के दिशानिर्देश आपके बच्चे को सुरक्षित रखने के लिए ही बनाए गए हैं। उनका पालन करना महत्वपूर्ण है। उपवास दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने से आपके बच्चे की कार्यविधि में विलंब हो सकता है। यदि आपके पास उपवास या NPO निर्देशों के बारे में कोई प्रश्न हों तो अपनी देखभाल टीम से बात करें।
उपवास के कुछ सामान्य निर्देश नीचे दिए जा रहे हैं। ये उन बच्चों पर भी लागू हैं जो मुँह से खा-पी सकते हैं और उन पर भी जिनके फ़ीडिंग ट्यूब लगी है। परीक्षण के प्रकार के आधार पर उपवास दिशानिर्देश अलग-अलग हो सकते हैं, इसलिए हमेशा अपनी देखभाल टीम के निर्देशों का पालन करें।
| NPO जनरल एनेस्थीसिया या IV सिडेशन के लिए उपवास दिशानिर्देश | |
|---|---|
| कार्यविधि से 1 घंटा पहले | अपने बच्चे को पारदर्शी द्रव* और CT कॉन्ट्रास्ट देना रोक दें। |
| कार्यविधि से 3 घंटा पहले | अपने बच्चे को माँ का दूध देना रोक दें। |
| कार्यविधि से 6 घंटे पहले | अपने बच्चे को इन्फ़ैन्ट फ़ॉर्मुला, Ensure® Clear या (गैर-मानव) दूध देना रोक दें। |
| कार्यविधि से 8 घंटे पहले | अपने बच्चे को ठोस खाद्य पदार्थ, ट्यूब (एंटेरल) फ़ीड, Ensure® या वे द्रव जो अनुमोदित पारदर्शी द्रव* नहीं हैं, देना रोक दें। |
*अनुमोदित पारदर्शी द्रवों में ये शामिल हैं:
कृपया ध्यान दें कि Ensure® Clear पोषण पेय और इसी प्रकार के अन्य उत्पाद अनुमोदित पारदर्शी द्रव नहीं हैं।
परीक्षण के प्रकार और आपके बच्चे की चिकित्सीय ज़रूरतों के आधार पर आपकी देखभाल टीम अन्य निर्देश भी दे सकती है।
जनरल एनेस्थीसिया वाली सुबह अपने बच्चे को वे सारी दवाएँ दें जो वह सामान्यतः लेता है, तब के सिवाय जब आपके बच्चे की देखभाल टीम उन्हें न देने को कहे।
यदि आपके बच्चे का PET स्कैन होना है, तो स्कैन से कम-से-कम 4 घंटे पहले से लेकर स्कैन तक उसे पानी या शुगर-फ़्री फ़्लेवर्ड पानी के अलावा कुछ भी खाना या पीना नहीं चाहिए। अन्य खाद्य और पेय पदार्थों में मौजूद शक्कर परीक्षण में हस्तक्षेप कर सकती है। यदि आपके बच्चे को स्कैन के साथ जनरल एनेस्थीसिया दिया जाएगा तो आपको अतिरिक्त NPO निर्देश दिए जा सकते हैं।
आम तौर पर, दवा को अनुमोदित पारदर्शी द्रव के एक घूँट से लेने से आपके बच्चे की कार्यविधि में विलंब नहीं होगा। किसी अन्य द्रव या ठोस खाद्य पदार्थ, जैसे दही या एपलसॉस, के साथ दवा लेने पर जनरल एनेस्थीसिया में विलंब होगा।
कार्यविधि या आपके बच्चे की चिकित्सीय ज़रूरतों के आधार पर आपकी देखभाल टीम उपवास के लिए अन्य निर्देश भी दे सकती है। हमेशा अपनी देखभाल टीम द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।
—
टुगेदर by St. Jude™ ऑनलाइन संसाधन इस लेख में उल्लिखित किसी भी ब्रांडेड उत्पाद का समर्थन नहीं करता है।
—
समीक्षित: नवंबर 2024
आपके बच्चे को रोग-पहचान और उपचार के लिए विभिन्न कार्यविधियों की ज़रूरत हो सकती है। जानें कि इन कार्यविधियों से पहले, के दौरान और बाद में क्या उम्मीद करनी है।
एनेस्थीसिया (बेहोशी की दवा) ऐसी दवाओं के उपयोग की प्रक्रिया है जिसमें चिकितसीय परीक्षण और प्रक्रियाओं के दौरान चेतना में बदलाव कर दर्द की संवेदनाओं को रोक दिया जाता है। बच्चों में एनेस्थीसिया के बारे में पढ़ें।
गंभीर अस्वस्थता से ग्रस्त बच्चों के लिए स्वस्थ खान-पान, विशेष आहार और पोषण सहायता महत्वपूर्ण थैरेपी हैं। नैदानिक पोषण के बारे में अधिक जानें।