मुख्य विषयवस्तु में जाएं

एपीड्यूरल एनेस्थीसिया (बेहोशी की दवा)

एपिड्यूरल एनेस्थीसिया क्या होता है?

एपीड्यूरल एनेस्थीसिया  (बेहोशी की दवा)

देखभाल टीम मेरु दंड की दीवार और मेरु रज्जु के बाहरी आवरण के बीच के स्थान, जिसे एपिड्यूरल स्पेस कहते हैं, में एपिड्यूरल एनेस्थीसिया की दवा इंजेक्ट करती है।

एपिड्यूरल एनेस्थीसिया, जिसे अक्सर केवल एपिड्यूरल कहते हैं, मेरु रज्जु के चारों ओर मौजूद एपिड्यूरल स्पेस में एनेस्थीसिया की दवा देने की कार्यविधि है। एपीड्यूरल स्पेस रीढ़ की हड्डी की नली की दीवार और रीढ़ की हड्डी के आवरण के बीच का तरल पदार्थ से भरा क्षेत्र है।

एपिड्यूरल का उपयोग दर्द से राहत के लिए या शरीर के किसी स्थान विशेष को सुन्न करने के लिए किया जाता है। इसका उपयोग कुछ सर्जिकल कार्यविधियों के दौरान या के बाद में दर्द से राहत देने के लिए किया जा सकता है।

एक बेहोशी का चिकित्सक या सर्टिफ़ाइड रजिस्टर्ड नर्स एनेस्थेटिस्ट (CRNA) एपिड्यूरल कार्यविधि करेगी। ये स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता दर्द से राहत की दवाएँ देने में विशेषज्ञ होते हैं। कुछ एपिड्यूरल दर्द से अल्पकालिक राहत के लिए 1 इंजेक्शन (शॉट) के रूप में दिए जाते हैं। अधिकांश एपिड्यूरल में कैथेटर नामक एक छोटी-सी ट्यूब का उपयोग किया जाता है ताकि दवाएँ लंबे समय तक दी जा सकें।

आपका प्रदाता आपके बच्चे की उम्र, शरीर के आकार, कार्यविधि के प्रकार और चिकित्सीय ज़रूरतों के आधार पर तय करता है कि उसे दर्द की कितनी दवा की ज़रूरत है।

एपिड्यूरल एनेस्थीसिया के लाभ

एपिड्यूरल का लक्ष्य दर्द को घटाना या उसकी रोकथाम करना होता है। इससे आपके बच्चे को अधिक गहराई से साँस लेने, अधिक आसानी से सीधे बैठने या चलने-फिरने/हिलने-डुलने और बेहतर नींद लेने में मदद मिल सकती है, जिससे उसकी रिकवरी तेज़ हो सकती है।

एपिड्यूरल दवाएँ अन्य प्रकार की दवाओं जैसे कुछ दुष्प्रभाव के बिना दर्द का नियंत्रण कर सकती हैं। एपिड्यूरल ओपिऑइड दवाओं की ज़रूरी मात्रा घटा सकता है, जिससे संभावित कब्ज़ का जोखिम घट जाता है।

एपिड्यूरल एनेस्थीसिया के साथ आपका बच्चा अधिक सतर्क और कम मदहोश रह सकता है। एक गोली के रूप में या नसों की (IV) लाइन के माध्यम से दी जाने वाली दर्द की दवा से आपके बच्चे को नींद आ सकती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि कुछ दवा दिमाग में चली जाती है। एपिड्यूरल एनेस्थीसिया के साथ दिमाग में कम दवा जाती है।

एपिड्यूरल एनेस्थीसिया के साथ क्या उम्मीद करें

एपिड्यूरल एनेस्थीसिया पा रहे बच्चे का चित्र

एक नीडल की मदद से एक छोटी-सी ट्यूब (एपिड्यूरल कैथेटर) को लक्ष्य स्थान तक भेजा जाता है। उसके बाद नीडल निकाल ली जाती है। दवा कैथेटर से होकर भीतर जाती है।

आपका बच्चा कार्यविधि की मेज़ पर पेट के बल या करवट से लेटेगा। एनेस्थीसिया प्रदाता कमर/पीठ के उस स्थान को साफ़ और सुन्न करेगा जहाँ एपिड्यूरल दिया जाएगा।

स्थान के सुन्न हो जाने पर, एक पतली नीडल की मदद से एक छोटी-सी ट्यूब, जिसे एपिड्यूरल कैथेटर कहते हैं, घुसाई जाएगी। कैथेटर (नली) को जगह पर छोड़कर सुई को निकाल दिया जाता है। यह लगभग एक मछली पकड़ने की डोरी के आकार का होता है।

कैथेटर (नली) का दूसरा सिरा एक पंप से जोड़ा जाता है। पंप दर्द की दवा प्रदान करता है। दवा नसों द्वारा दिमाग को भेजे गए दर्द संदेशों को रोकती है। आपके बच्चे को मिलने वाली दर्द की दवा की मात्रा ज़रूरत के अनुसार बदली जा सकती है।

कैथेटर को टेप की मदद से फ़िक्स किया जाएगा। कार्यविधि के बाद अधिकांश बच्चे एपिड्यूरल कैथेटर या दवाओं को महसूस नहीं कर सकते हैं।

एपिड्यूरल एनेस्थीसिया के संभावित दुष्प्रभाव

एपिड्यूरल आम तौर पर सुरक्षित होते हैं, लेकिन दर्द के प्रबंधन के लिए दी गई दवा से दुष्प्रभाव हो सकते हैं।

एपिड्यूरल के सबसे आम दुष्प्रभाव हैं:

  • सुन्नपन, झुनझुनी और टांगों, पैरों या नितंबों में कमजोरी
  • खुजली
  • मूत्रत्याग (पेशाब करने) में समस्याएँ
  • जी मिचलाना या उल्टी होना
  • उनींदापन या ऊँघ महसूस होना
  • धीरे-धीरे सांस लेना
  • एपिड्यूरल कैथेटर को उसके स्थान पर थामे रखने वाले टेप के कारण त्वचा में लालिमा या खुजली व जलन
  • एपिड्यूरल स्थल पर हल्का दर्द या कोमलता। यह कुछ दिनों बाद चला जाता है।

दुर्लभ और अधिक गंभीर दुष्प्रभाव हो सकते हैं। इनमें शामिल है:

  • संक्रमण
  • दर्द
  • रक्तचाप में कमी होना
  • सिरदर्द
  • तंत्रिका समस्याएँ
  • रक्तस्राव होना। यदि रक्तस्राव होता है तो वह तंत्रिकाओं और मेरु रज्जु पर दबाव डाल सकता है, जिससे क्षति हो सकती है।

एक छोटा सा जोखिम है कि एपीड्यूरल कैथेटर (नली) लगाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सुई एपीड्यूरल स्पेस के बजाय स्पाइनल स्पेस में जा सकती है। यदि ऐसा होता है, तो आपके बच्चे को कुछ दिनों तक सिरदर्द हो सकता है। कैथेटर के आसपास संक्रमण या रक्तस्राव का बहुत कम जोखिम होता है। लेकिन कुछ दुर्लभ स्थितियों में यह नस की क्षति का कारण बन सकता है।

इन समस्याओं के शुरुआती संकेतों के लिए आपकी देखभाल टीम आपके बच्चे पर नज़र रखेगी। जो भी दुष्प्रभाव या दर्द हो उसके बारे में अपनी देखभाल टीम को बताएँ।

एपीड्यूरल एनेस्थीसिया (सुन्न करने की दवा) के बाद

आपकी देखभाल टीम निम्न का आकलन करेगी:

  • आपके बच्चे के दर्द का स्तर
  • सांस और ऑक्सीजन का स्तर
  • ड्रेसिंग पर मौजूद टेप त्वचा से कैसे चिपकता है
  • पम्प (इन्फ़्यूजन) सिस्टम के सभी हिस्सो के कनेक्शन

एपिड्यूरल के साथ कभी-कभी ब्रेकथ्रू दर्द (अचानक तीव्र और अस्थायी दर्द) हो सकता है। यदि आपका बच्चा पर्याप्त बड़ा हो गया है, तो देखभाल टीम उसे दर्द के स्तर का वर्णन करने के लिए दर्द के पैमाने का उपयोग करने के लिए कहेगी।

कभी-कभी, देखभाल टीम आपके बच्चे को अपने पैर हिलाने के लिए कहेगी। यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि दवाएं और कैथेटर (नली) कोई गंभीर दुष्प्रभाव पैदा नहीं करते हैं। एपीड्यूरल के माध्यम से दर्द की दवा देने का एक लक्ष्य यह है कि बच्चे अपने पैरों को हिला सकें। यदि देखभाल टीम कहती है कि यह ठीक है तो आपका बच्चा किसी की मदद से बिस्तर से उठ सकता है। जब आपका बच्चा पहली बार बिस्तर से उठता है तो कृपया किसी नर्स या शारीरिक चिकित्सक को बुलाएँ।

एपीड्यूरल कैथेटर (नली) के ऊपर एक साफ़ ड्रेसिंग होगी। आपको ड्रेसिंग बदलने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। यदि ड्रेसिंग ढीली हो जाए तो अपनी देखभाल टीम को बताएँ।

जब तक एपिड्यूरल लगा हुआ है तब तक आपके बच्चे को एक फ़ोली कैथेटर लगा रहेगा। अधिकतर, एपीड्यूरल कैथेटर (नली) 2–5 दिनों तक यथा स्थिति में रहेगा। उस समय, आपका बच्चा दर्द की अन्य दवाएं मुंह से या आईवी से ले सकता है।

कैथेटर निकालने में आमतौर पर बहुत कम दर्द होता है। टेप को आसानी से हटाने के लिए दर्द निवारण विशेषज्ञ एडहेसिव रिमूवर का उपयोग करेगी। कैथेटर (नली) हटा दिए जाने के बाद, साइट पर एक खुद चिपकने वाली बैंडेज लगा दी जाएगी। बैंडेज का 1 दिन के लिए अपने स्थान पर रहना ज़रूरी है।

अपनी देखभाल करने वाली टीम को कॉल कब करें

यदि आपके एपीड्यूरल के बारे में प्रश्न या चिंताएं हैं, तो कृपया अपनी देखभाल टीम से बात करें। अपनी देखभाल टीम को सूचित करें यदि:

  • आपके बच्चे को दर्द हो रहा हो
  • एपीड्यूरल कैथेटर (नली) बाहर आ जाती हो या पंप ट्यूबिंग से डिस्कनेक्ट हो जाए
  • ड्रेसिंग (आवरण) ढीली हो
  • आपको ड्रेसिंग के नीचे तरल जमा होते दिखाई दे
  • आपका बच्चा बहुत अधिक नींद में हो या उसे जगाना मुश्किल हो
  • आपके बच्चे की साँस सामान्य से तेज़ या धीमी हो जाए
  • आपका बच्चा खुजली की शिकायत करे
  • आपके बच्चे को उबकाइयाँ आएँ
  • आपका बच्चा मुड़ना या उठना चाहता हो
  • आपके पास प्रश्न या चिंताएं हों

अपनी देखभाल टीम से पूछे जाने वाले प्रश्न

  • एपीड्यूरल एनेस्थीसिया के जोखिम क्या हैं?
  • किन दवाओं का उपयोग होगा?
  • एपिड्यूरल एनेस्थीसिया के विकल्प क्या हैं?
  • एपिड्यूरल कब तक चलेगा?
  • क्या एपिड्यूरल हटाने में दर्द होता है?
  • क्या एपिड्यूरल लगाए जाने के दौरान मैं मेरे बच्चे को थामे रख सकता/ती हूँ?
  • क्या मेरा बच्चा एपिड्यूरल लगा होने के दौरान फिज़िकल थैरेपी में हिस्सा ले सकता है?
  • यदि एपिड्यूरल बाहर निकल आए तो क्या होगा?
  • मेरा बच्चा अपनी सामान्य गतिविधियों पर कब लौट सकता है?
  • मुझे किन समस्याओं पर नज़र रखनी चाहिए?

एपिड्यूरल एनेस्थीसिया के बारे में मुख्य बिंदु

  • एपिड्यूरल एनेस्थीसिया मेरु रज्जु के चारों ओर मौजूद एपिड्यूरल स्पेस में एनेस्थीसिया की दवा देने की कार्यविधि है।
  • एपिड्यूरल का उपयोग दर्द से राहत के लिए या शरीर के किसी स्थान विशेष को अस्थायी तौर पर सुन्न करने के लिए किया जाता है।
  • अधिकांश एपिड्यूरल में एक एपिड्यूरल कैथेटर का उपयोग होता है जो 2-5 दिनों तक लगा रहता है।
  • आपका एनेस्थीसिया प्रदाता आपके बच्चे की उम्र, शरीर के आकार, कार्यविधि के प्रकार और चिकित्सीय ज़रूरतों के आधार पर तय करेगा कि उसे दर्द की कितनी दवा की ज़रूरत है।
  • यदि आपके बच्चे को दर्द, बुखार, सिर दर्द या अन्य लक्षण हों तो अपनी देखभाल टीम को बताएँ।


समीक्षित: जनवरी 2024

संबंधित सामग्री