मुख्य विषयवस्तु में जाएं

रक्त आधान (ब्लड ट्रांसफ्यूजन)

ब्लड ट्रांसफ़्यूजन (रक्ताधान/रक्त चढ़ाना) क्या होता है?

रक्त उत्पाद ट्रांसफ़्यूजन पा रहे बच्चे का चित्र

रक्त उत्पाद ट्रांसफ़्यूज़न (आधान) एक कार्यविधि है जिसमें किसी शिरा के ज़रिए रक्त या रक्त के घटक दिए जाते हैं।

ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न (रक्ताधान/रक्त चढ़ाना) एक कार्यविधि है जिसमें रोगी को किसी शिरा के ज़रिए संपूर्ण रक्त या रक्त उत्पाद (रक्त के भाग) दिए जाते हैं। यदि आपके बच्चे का शरीर पर्याप्त रक्त कोशिकाएँ नहीं बना सकता है तो उसे ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न की ज़रूरत पड़ सकती है।

रक्त कोशिकाएँ बोन मैरो में बनती हैं, और बोन मैरो हड्डियों के केंद्र में होती है। कुछ रोग और उपचार रक्त या बोन मैरो को प्रभावित करके रक्त कोशिकाओं की संख्या घटा सकते हैं। इनमें शामिल है:

किसी विशिष्ट चिकित्सीय समस्या के उपचार के लिए आपके बच्चे को 1 या अधिक ट्रांसफ़्यूज़न की ज़रूरत पड़ सकती है। या फिर, किसी रोग के कारण होने वाली मध्यम से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम के लिए आपके बच्चे को लंबे समय तक बारंबार (दीर्घकालिक) ट्रांसफ़्यूज़न की ज़रूरत पड़ सकती है।

रक्त के घटक

रक्त कई भागों से मिलकर बनता है। रक्त उत्पाद बनाने के लिए इन भागों को रक्त से अलग किया जाता है। रक्त के भागों में ये शामिल हैं:

  • लाल रक्त कोशिकाओंमें आयरन से समृद्ध एक प्रोटीन होता है जिसे हीमोग्लोबिन कहते हैं। हीमोग्लोबिन ऑक्सीजन को फेफड़ों से शरीर के अंगों व ऊतकों तक ले जाता है। लाल रक्त कोशिकाएँ शरीर को अपशिष्ट उत्पादों से छुटकारा पाने में भी मदद देती हैं।
  • प्लेटलेटरक्त को थक्का जमाने में मदद देकर रक्तस्राव की रोकथाम करती हैं।
  • सफ़ेद रक्त कोशिकाएँ संक्रमणों से लड़ती हैं और रोगाणुओं के विरुद्ध सुरक्षा देती हैं।
  • प्लाज़्मा रक्त का द्रव भाग है। इसमें पानी, प्रोटीन और ऐसे पदार्थ होते हैं जो रक्त को थक्का जमाने में मदद देते हैं।

रक्त आधान के प्रकार

रक्त को आम तौर पर उसके भागों में अलग किया जाता है, ताकि आपके बच्चे को केवल वे रक्त उत्पाद दिए जा सकें जिनकी उसे ज़रूरत है। रक्त कोशिकाएँ किसी दाता से या रोगी से ली जा सकती हैं। 

लाल रक्त कोशिका का आधान

यदि आपके बच्चे को एनीमियाहै यानी उसकी लाल रक्त कोशिकाओं की संख्या कम है, तो उसे इस प्रकार के ट्रांसफ़्यूज़न की ज़रूरत हो सकती है। यदि आपके बच्चे में उनके पूरे शरीर में ऑक्सीजन पहुँचाने लायक पर्याप्त हीमोग्लोबिन नहीं है तो भी उसे लाल रक्त कोशिकाओं की ज़रूरत हो सकती है।

प्लेटलेट आधान

यदि आपके बच्चे में प्लेटलेट की संख्या कम है (इस स्थिति को थ्रॉम्बोसाइटोपीनिया कहते हैं) तो उसे इस प्रकार के ट्रांसफ़्यूज़न की ज़रूरत हो सकती है। प्लेटलेट ट्रांसफ़्यूज़न रक्तस्राव की रोकथाम या के उपचार में मदद कर सकता है।

सफ़ेद रक्त कोशिका ट्रांसफ़्यूज़न (ग्रेनुलोसाइट ट्रांसफ़्यूज़न)

यदि आपके बच्चे को कोई गंभीर संक्रमण है और एंटीबायोटिक दवाओं से उसमें लाभ नहीं मिल रहा है तो उसे इस ट्रांसफ़्यूज़न की ज़रूरत हो सकती है। ग्रैनुलोसाइट्स सफेद रक्त कोशिका का प्रकार है जिसे आधान किया जाता है।

प्लाज़्मा आधान

यदि आपके बच्चे को बहुत अधिक रक्तस्राव होता है, तो आपका स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता प्लाज़्मा ट्रांसफ़्यूजन का आदेश दे सकता है। प्लाज़्मा में कोएगुलेशन फ़ैक्टर नामक प्रोटीन होते हैं जो रक्त को थक्का जमाकर रक्तस्राव रोकने में मदद देते हैं।

लाल रक्त कोशिका ट्रांसफ़्यूज़न और प्लेटलेट ट्रांसफ़्यूज़न सबसे आम प्रकार के रक्त उत्पाद ट्रांसफ़्यूज़न हैं।

ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न से पहले क्या उम्मीद करें

ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न से पहले, आपके बच्चे का ब्लड टाइप (रक्त वर्ग) जाँचने के लिए और उसके रक्त में एंटीबॉडी तलाशने के लिए उसके रक्त परीक्षण किए जा सकते हैं। 

  • ब्लड टाइप: ब्लड ग्रुप (रक्त वर्ग) मुख्य रूप से 4 होते हैं: A, B, AB और O। रक्त में Rh फ़ैक्टर नामक एक प्रोटीन भी हो सकता है जो उपस्थित (Rh पॉज़िटिव या +) या अनुपस्थित (Rh नेगेटिव या -) हो सकता है। परिणामों के आधार पर आपके बच्चे का ब्लड टाइप A+, A-, B+, B-, AB+, AB-, O+ या O- हो सकता है। आपके बच्चे के रक्त का मिलान संगत रक्त उत्पादों से कराने के लिए आपके बच्चे का ब्लड टाइप जानना महत्वपूर्ण है।
  • एंटीबॉडी: एंटीबॉडी ऐसे प्रोटीन होते हैं जिन्हें प्रतिरक्षा तंत्र शरीर को बाहरी पदार्थों की पहचान करके उनसे लड़ने में मदद देने के लिए बनाता है। कुछ मामलों में, आपके बच्चे के रक्त में मौजूद एंटीबॉडी दाता रक्त कोशिकाओं पर हमला कर सकते हैं। 

ब्लड टाइप और एंटीबॉडी के परीक्षणों से यह सुनिश्चित करने में मदद मिलती है कि ट्रांसफ़्यूज़न सुरक्षित हो और उसमें उन्हीं रक्त उत्पादों का उपयोग हो जो आपके बच्चे के लिए सही हैं।

टाइप एंड स्क्रीन परीक्षण

टाइप एंड स्क्रीन एक रक्त परीक्षण है जो आपके बच्चे के ब्लड टाइप का पता लगाता है और एंटीबॉडी के लिए स्क्रीनिंग यानी जाँच करता है। उपचार के दौरान कुछ लोगों के रक्त में एंटीबॉडी विकसित हो जाते हैं। जो भी एंटीबॉडी होंगे उनका पता टाइप एंड स्क्रीन परीक्षण से चल जाता है। यदि कुछ विशिष्ट एंटीबॉडी पाए जाते हैं, तो कुछ विशिष्ट रक्त उत्पादों का उपयोग करना आवश्यक होता है।

टाइप एंड स्क्रीन परीक्षण नमूना एकत्रण से केवल 3 दिनों तक मान्य होता है। 

ABO वेरिफ़िकेशन

ABO वेरिफ़िकेशन एक रक्त परीक्षण है जिसकी ज़रूरत आपके बच्चे के ब्लड टाइप के सत्यापन के लिए होती है। जब आपके बच्चे को पहली बार किसी ट्रांसफ़्यूज़न की ज़रूरत पड़ती है, तो ब्लड टाइप सही हो यह सुनिश्चित करने के लिए यह परीक्षण दो बार किया जाता है।

ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न के दौरान क्या उम्मीद करें

अधिकांश ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न अस्पतालों में, अक्सर इन्फ़्यूज़न सेंटर में, सर्जरी के दौरान या रोगी के सिरहाने किए जाते हैं।

कुछ ट्रांसफ़्यूज़न से पहले, आपके बच्चे का ब्लड टाइप जाँचने के लिए एक रक्त परीक्षण किया जाता है। इसे “टाइप एंड स्क्रीन” कहते हैं।

ट्रांसफ़्यूज़न के दौरान, आपके बच्चे को एक छोटी-सी ट्यूब (कैथेटर) जो उसके शरीर की एक शिरा में जाती है, के ज़रिए रक्त कोशिकाएँ मिलती हैं। ट्रांसफ़्यूज़न में कितना समय लगेगा यह बात ट्रांसफ़्यूज़न के प्रकार पर, रक्त उत्पाद की मात्रा पर और आपके बच्चे के वज़न पर निर्भर करती है।

जब आपके बच्चे के ट्रांसफ़्यूज़न का समय होगा तब:

  • नर्स आपके बच्चे के जीवन संकेतों की जाँच करेगी, इन संकेतों में रक्तचाप, हृदयगति और शरीर का तापमान शामिल हैं।
  • स्टाफ़ रक्त उत्पाद की जाँच करके सुनिश्चित करेगा कि वह सही हो।
  • यदि आपके बच्चे को  सेंट्रल लाइन (कैथेटर) लगी हुई है, तो उसे इसी डिवाइस के ज़रिए ट्रांसफ़्यूज़न दिया जा सकता है। यदि नहीं, तो आपके बच्चे को इसे किसी शिरा में IV द्वारा दिया जाएगा।
  • नर्स रक्त उत्पाद के बैग को एक IV पंप से जोड़ेगी, यह पंप रक्त उत्पाद के प्रवाह को नियंत्रित करता है।
  • स्टाफ़ यह देखने के लिए आपके बच्चे पर सावधानीपूर्वक नज़र रखेगा कि कहीं उसमें रक्त उत्पाद से किसी प्रतिक्रिया के लक्षण तो नहीं हैं।
  • नर्स ट्रांसफ़्यूज़न के दौरान और उसके बाद आपके बच्चे के जीवन संकेतों की बार-बार जाँच करेगी।
  • यदि आपके बच्चे को कोई IV लगाया गया था, तो नर्स उसे निकाल देगी।
  • नर्स आपको बताएगी कि ट्रांसफ़्यूज़न के बाद आपको किन संकेतों और लक्षणों पर नज़र रखनी है और अपने बच्चे की देखभाल कैसे करनी है।

ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न के जोखिम

अधिकांश मामलों में, जो भी दुष्प्रभाव होते हैं वे आम तौर पर हल्के और अस्थायी होते हैं। दुर्लभ या अज्ञात दुष्प्रभाव का जोखिम हमेशा होता है।

ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न के ज़रिए रोग या संक्रमण की प्राप्ति हो सकती है, लेकिन ऐसा होना दुर्लभ है। रक्त दाता स्वस्थ हों यह सुनिश्चित करने के लिए रक्त दाताओं की स्क्रीनिंग हेतु सुरक्षा उपाय लागू रखे जाते हैं। दान में प्राप्त रक्त की गहन जाँच होने के बाद ही वह किसी रोगी को ट्रांसफ़्यूज़न के ज़रिए दिया जाता है।

ब्लड ट्रांसफ़्यूजन प्रतिक्रिया

कुछ रोगियों में आधान के प्रति प्रतिक्रिया हो सकती है। आम तौर पर, इनसे हल्के लक्षण होते हैं, जैसे बुखार या त्वचा पर ददोरा। दुर्लभ मामलों में, गंभीर प्रतिक्रिया हो सकती है। कुछ स्थितियों में, प्रतिक्रिया का उपचार किया जा सकता है और आधान जारी रह सकता है। अन्य मामलों में, देखभाल टीम आधान को रोक देगी।

ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न प्रतिक्रिया के लक्षणों में ये शामिल हो सकते हैं:

  • ज्वर
  • ठंड लगना
  • त्वचा पर लाल चकत्ते, खुजली, पित्ती
  • लाल त्वचा
  • चेहरे, आंखों और मुंह के पास सूजन
  • सांस लेने में कठिनाई
  • जी मिचलाना या उल्टी होना
  • चक्कर आना या बेहोशी छाना
  • नाड़ी या रक्त चाप में परिवर्तन

हीमोलिटिक ट्रांसफ़्यूज़न प्रतिक्रिया

एक रोगी को ऐसा रक्त उत्पाद प्राप्त करना चाहिए जो उनके रक्त प्रकार के साथ काम करता है। यदि रक्त उत्पाद का रोगी के ब्लड टाइप से सही मिलान नहीं हुआ है, तो शरीर दाता रक्त पर हमला करके रोगी को अस्वस्थ कर सकता है।

दुर्लभ मामलों में, गंभीर हीमोलिटिक ट्रांसफ़्यूज़न प्रतिक्रिया हो सकती है। यह प्रतिक्रिया तब होती है जब दान में प्राप्त उत्पाद रोगी के ब्लड टाइप से मेल नहीं खाता है या उसके साथ काम नहीं करता है। रोगी का शरीर चढ़ाई गईं रक्त कोशिकाओं पर हमला करता है, जिससे ऐसे पदार्थ निकलते हैं जो गुर्दों को नुकसान पहुँचा सकते हैं। इस प्रतिक्रिया के पहले संकेत पर आधान को रोक दिया जाएगा।

हेमोलिटिक प्रतिक्रिया के लक्षणों में शामिल हो सकते हैं:

  • ज्वर
  • ठंड लगना
  • पीठ का दर्द
  • फ़्लैंक (साइड में, पसलियों और कमर के बीच में) दर्द
  • रक्तचाप कम होना
  • गहरे रंग का मूत्र

रक्त उत्पाद ट्रांसफ़्यूज़न प्रतिक्रिया के लक्षण

यदि आपके बच्चे को रक्त या रक्त उत्पाद चढ़ाए गए हैं, तो संभावित ट्रांसफ़्यूज़न प्रतिक्रिया के इन लक्षणों पर नज़र रखें।

 

ट्रांसफ़्यूज़न के बाद के पहले 24 घंटों के दौरान:

  • बुख़ार और कंपकंपी
  • त्वचा पर लाल चकत्ते
  • सांस लेने में कठिनाई
  • जी मिचलाना और/या उल्टी होना
  • चक्कर महसूस होना या बेहोशी
 

ट्रांसफ़्यूज़न के बाद अधिकतम 2 सप्ताह तक:

  • नया बुखार या ठंड लगना
  • लाल या कत्थई मूत्र
  • मूत्र कम आना या बिल्कुल नहीं आना
  • थकान और कमजोरी
  • आँखों का पीलापन
  • आसानी से घाव होना या रक्तस्राव होना
 

यदि आपको इनमें से कोई भी संकेत या लक्षण दिखे तो तुरंत अपनी देखभाल टीम को सूचना दें।

 

रक्त उत्पादों की सुरक्षा

रक्त उत्पाद अक्सर स्वयंसेवक रक्त दाताओं द्वारा दान किए जाते हैं। कभी-कभी किसी रोगी विशेष को उसका कोई दोस्त या स्वजन रक्तदान करता है। कुछ स्थितियों में, रोगी के रक्त का उपयोग किया जा सकता है।

ब्लड बैंक यह सुनिश्चित करने के उपाय करते हैं कि रक्त सुरक्षित हो:

  • संभावित रक्त दाताओं को जोखिम कारकों के बारे में विशिष्ट प्रश्न पूछे जाते हैं जो दान किए गए रक्त की सुरक्षा को प्रभावित कर सकते हैं। अगर जोखिम कारक पाए जाते हैं तो उन्हें दान करने की अनुमति नहीं है।
  • ब्लड बैंक यह सुनिश्चित करने के लिए कि वे रोगी के रक्त के साथ संगत हैं, प्रकार का मिलान करते हैं।
  • दान में प्राप्त रक्त को कई प्रकार के संक्रमणों के लिए जाँचा जाता है। अगर रक्त इन संक्रमणों में से किसी के लिए सकारात्मक है, तो रक्त का उपयोग नहीं किया जाता है।
  • कुछ एंटीबॉडी के लिए खून की जाँच भी की जा सकती है।

यदि आपके पास ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न के बारे में प्रश्न हों, जिनमें जोखिमों और लाभों से संबंधित प्रश्न शामिल हैं, तो अपनी देखभाल टीम से बात करें। 

ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न के बारे में मुख्य बिंदु

  • यदि आपके बच्चे का शरीर पर्याप्त रक्त कोशिकाएँ नहीं बना सकता है तो उसे किसी रक्त उत्पाद ट्रांसफ़्यूज़न की ज़रूरत पड़ सकती है।
  • रक्त उत्पाद ट्रांसफ़्यूज़न के प्रकारों में लाल रक्त कोशिकाएं, प्लेटलेट, सफ़ेद रक्त कोशिकाएँ और प्लाज़्मा शामिल हैं।
  • कुछ रोगियों को दीर्घकालिक ट्रांसफ़्यूज़न की ज़रूरत होती है जिन्हें नियमित अंतराल पर दोहराया जाता है।
  • हानिकारक प्रतिक्रियाओं से बचने के लिए यह आवश्यक है कि दाता का रक्त आपके बच्चे के रक्त से सुसंगत हो।
  • सावधान सुरक्षा उपाय ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न के जोखिमों को घटाने में मदद देते हैं।


समीक्षित: जुलाई 2025

संबंधित सामग्री