मुख्य विषयवस्तु में जाएं

एवैस्कुलर नेक्रोसिस (ऑस्टियोनेक्रोसिस)

अवस्कुलर नेक्रोसिस क्या है?

अवस्कुलर नेक्रोसिस शब्द की व्याख्या करता हुआ एक चित्र। “A” का अर्थ है बिना, “vascular” का अर्थ है रक्तापूर्ति, और “necrosis” का अर्थ है कोशिकाओं या शरीर के ऊतकों की मृत्यु। अवस्कुलर नेक्रोसिस / ओस्टियोनेक्रोसिस का अर्थ हड्डी के ऊतक का नष्ट होना है जो खून की अपर्याप्त आपूर्ति के कारण होता है।

अवस्कुलर नेक्रोसिस, (जिसे AVN या ओस्टियोनेक्रोसिस भी कहा जाता है), वह स्थिति है जो तब होती है जब खून की कम आपूर्ति के कारण हड्डी के भाग नष्ट होने लगते हैं। AVN कुछ कैंसरों या कैंसर उपचारों के दुष्प्रभाव के रूप में हो सकता है। यह सिकल सेल बीमारी आदि रोगों के साथ भी हो सकता है।

AVN एक या कई हड्डियों को प्रभावित कर सकता है। AVN दर्द कर सकता है या जोड़ की कार्यक्षमता प्रभावित कर सकता है। AVN होने के कुछ सामान्य स्थान इस प्रकार हैं:

  • घुटने
  • कूल्हे
  • कंधे
  • टखने

दर्द प्रबंधन और शारीरिक चिकित्सा रोगियों को लक्षणों से निपटने में मदद कर सकते हैं। कुछ रोगियों में खून के प्रवाह को बेहतर बनाने के लिए और हड्डी के अंदर दबाव को कम करने के लिए सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है। यदि गंभीर क्षति या जॉइंट कोलैप्स है (जोड़ अपनी सामान्य एकसार आकृति खो चुका है), तो आपके बच्चे को अंततः जोड़ बदलवाने की ज़रूरत पड़ सकती है।

अवस्कुलर नेक्रोसिस के लक्षण

AVN की आरंभिक अवस्थाओं का पता लगाना कठिन हो सकता है। जब तक हड्डी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त न हो तब तक आपके बच्चे में दर्द या अन्य लक्षण नहीं दिखाई देते। लेकिन, AVN के बढ़ने पर उसे जोड़ों और हड्डियों में दर्द हो सकता है।

AVN के संकेतों और लक्षणों में निम्नलिखित शामिल हो सकते हैं:

  • लंगड़ापन या उसकी चाल (चलने के पैटर्न) में बदलाव
  • प्रभावित जोड़ का उपयोग नहीं करना
  • हिल-डुल सकने की रेंज घटना
  • दर्द जो आ और जा सकता है या स्थिर हो सकता है
  • जोड़ में अकड़न या “जकड़न”
  • सीढ़ी चढ़ने या उतरने में समस्याएं

दर्द और अक्षमता सामान्य तौर पर इन पर निर्भर करती है:

  • हड्डी के कौन से भाग प्रभावित हुए हैं
  • AVN की उपस्थिति कितनी है
  • क्षति कितनी तेज़ी से होती है
  • हड्डी कितनी अच्छी तरह खुद को ठीक कर लेती है

दर्द AVN की गंभीरता का अच्छा संकेतक हमेशा नहीं होता है। कुछ रोगियों में AVN से ग्रस्त छोटे भाग बहुत दर्दनाक हो सकते हैं। अन्य रोगियों में, संभव है कि AVN के बड़े भागों में बिल्कुल भी दर्द न हो। AVN से कई बार हड्डी नष्ट भी हो सकती है और दर्द अचानक बहुत अधिक बढ़ भी सकता है।

एवैस्कुलर नेक्रोसिस के कारण 

एवैस्कुलर नेक्रोसिस एक जटिल स्थिति है जो कई कारकों के कारण हो सकती है। AVN का प्रमुख कारण हड्डी में खून की आपूर्ति कम होना है।

जब रक्त वाहिकाएं बहुत छोटी हो जाती हैं या क्षतिग्रस्त हो जाती हैं या बंद हो जाती हैं, तब पोषक तत्व और ऑक्सीजन हड्डी तक नहीं पहुंच सकते। इसके होने पर, हड्डी की कोशिकाएँ मरने लगती हैं। हड्डी कमज़ोर हो जाती है और इससे हड्डी के धँसने (अपनी सामान्य आकृति खोने) की स्थिति हो सकती है।

आपकी देखभाल टीम आपके बच्चे का जोखिम समझने में आपकी मदद कर सकती है।

अच्छी रक्तापूर्ति के साथ स्वस्थ हड्डी और खराब रक्तापूर्ति के साथ अस्वस्थ हड्डी

अवस्कुलर नेक्रोसिस (जिसे AVN या ओस्टियोनेक्रोसिस भी कहा जाता है) तब होता है जब खून की आपूर्ति कम होने के कारण हड्डी के कुछ हिस्से कमज़ोर हो जाते हैं।

एवैस्कुलर नेक्रोसिस और बचपन का कैंसर

अवस्कुलर नेक्रोसिस (AVN) ल्यूकेमिया (खून का कैंसर) और लिंफोमा थेरेपी का एक सामान्य दुष्प्रभाव है। एक्यूट लिंफोब्लास्टिक ल्यूकेमिया (ALL) के लिए उपचार किए गए आधे बच्चों में कुछ मात्रा में AVN होता है। बोन मैरो ट्रांसप्लांट और विकीरण चिकित्सा से भी AVN का जोखिम बढ़ता है।

AVN किसी भी हड्डी में हो सकता है। कैंसर के बाल रोगियों में, यह सामान्य तौर पर लंबी हड्डियों के सिरों पर देखने को मिलता है। इस भाग को एपिफिसिस कहते हैं।

बड़े बच्चों और किशोरों में कैंसर के उपचार के दौरान AVN होने की अधिक संभावना होती है। यह 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों में कम पाया जाता है।

एवैस्कुलर नेक्रोसिस और सिकल सेल बीमारी

सामान्य लाल रक्त कोशिकाएँ गोल और लचीली होती हैं। सिकल सेल बीमारी से ग्रस्त लोगों में लाल रक्त कोशिकाएँ चिपचिपी और केले जैसी आकृति की होती हैं। ये कोशिकाएँ शरीर की छोटी रक्त वाहिकाओं में रक्तप्रवाह अवरुद्ध कर सकती हैं। हड्डी को रक्तापूर्ति देने वाली वाहिकाओं में रक्तप्रवाह अवरुद्ध होने पर, हड्डी को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती। रक्तप्रवाह की कमी से हड्डी का ऊतक मर सकता है।

एवैस्कुलर नेक्रोसिस से संबंधित कुछ अन्य जोखिम कारक हैं डायबिटीज़, HIV, ऑस्टियोपोरोसिस, चोट, और कुछ दवाएँ।

एवैस्कुलर नेक्रोसिस की पहचान

आपकी देखभाल टीम AVN का पता लगाने के लिए इमेजिंग परीक्षणों का उपयोग कर सकती है। इमेजिंग जांचों में शामिल होती हैं:

एक्स-रे में AVN की शुरुआती स्टेज (अवस्थाएँ) हमेशा नहीं दिखती हैं। लेकिन उनमें AVN की बाद वाली स्टेज अवश्य दिख जाती हैं। 

एवैस्कुलर नेक्रोसिस का उपचार

AVN का प्रबंधन दर्द के लक्षणों पर और हड्डी को हुई क्षति के स्तर पर निर्भर करता है। AVN के उपचार के मुख्य लक्ष्य हैं दर्द का नियंत्रण, जोड़ की कार्यक्षमता का बचाव, और क्षति बढ़ने की रोकथाम। 

आपके बच्चे की देखभाल टीम AVN के प्रबंधन में मदद के लिए एक देखभाल योजना बनाएगी। वह इन पर विचार करेगी:

  • आपके बच्चे की उम्र
  • आपके बच्चे के संपूर्ण स्वास्थ्य
  • अन्य रोगों के जो भी उपचार शेड्यूल हों
  • AVN के स्टेज (अवस्था)
  • प्रभावित हड्डियां और जोड़
  • दर्द की गंभीरता

AVN के प्रबंधन में मददगार कुछ तरीके इस प्रकार हैं:

  • फिज़िकल थैरेपी, हिल-डुल सकने की रेंज में सुधार के लिए
  • कोल्ड या हीट थेरेपी
  • दर्द और शोथ से राहत के लिए दवाएँ
  • प्रभावित जोड़ पर से वज़न कम करने के लिए चलने-फिरने में सहायक उपकरण या सहायक डिवाइस
  • आराम करना और जोड़ पर अतिरिक्त तनाव डालने वाली गतिविधियों से बचना

एवैस्कुलर नेक्रोसिस के लिए सर्जरी

कुछ रोगियों में खून के प्रवाह को बेहतर बनाने के लिए और हड्डी के अंदर दबाव को कम करने के लिए सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है। इन विकल्पों में ये शामिल हो सकते हैं:

कोर डीकंप्रेशन: कोर डीकंप्रेशन में हड्डी की अंदरूनी परत निकाल दी जाती है। इससे हड्डी के भीतर का दबाव घट सकता है और नई रक्त वाहिकाओं के बनने-बढ़ने के लिए खुला स्थान बन सकता है। कभी-कभी, प्रक्रिया की गति बढ़ाने के लिए अच्छी रक्त वाहिकाओं वाली स्वस्थ हड्डी का एक टुकड़ा इस स्थान में रख दिया जाता है। यह कार्यविधि AVN की सबसे शुरुआती स्टेज (अवस्थाओं) में सबसे अच्छे से काम करती है।

बोन ग्राफ़्ट: AVN के उपचार के लिए सर्जरी में क्षतिग्रस्त हड्डी को बदलने और उसके पुनःनिर्माण के लिए हड्डी उपरोप की प्रक्रिया शामिल हो सकती है। इसमें शरीर के अन्य भाग से या किसी डोनर से स्वस्थ हड्डी टिशू का प्रत्यारोपण शामिल है। कृत्रिम सामग्री का भी उपयोग किया जा सकता है। यदि कार्टिलेज क्षतिग्रस्त हो जाती है, तो उपरोप में हड्डी और कार्टिलेज दोनों शामिल हो सकते हैं। कुछ मामलों में, हड्डी ऊतक के साथ रक्त वाहिकाएं भी प्रत्यारोपित की जाती हैं। AVN में, हड्डी उपरोप का उपयोग अक्सर कोर डीकम्प्रेशन के साथ किया जाता है।

ऑस्टियॉटमी: ऑस्टियॉटमी में हड्डी का स्थान एडजस्ट करने के लिए उसका एक टुकड़ा निकाल लिया जाता है। इससे, अवरुद्ध रक्त वाहिकाओं वाले भाग को उसके बगल के स्वस्थ भाग से कम वज़न झेलना पड़ता है।

जोड़ बदलना/जॉइंट रिप्लेसमेंट (आर्थ्रोप्लास्टी): जोड़ बदलना/जॉइंट रिप्लेसमेंट में क्षतिग्रस्त हड्डी को हटाना और उसकी जगह एक कृत्रिम जोड़ लगाना शामिल है।

पूरक या एकीकृत उपचार

आपके बच्चों को पूरक पद्धतियों से मदद मिल सकती है, जैसे मालिश, एक्यूपंक्चर, बायोफ़ीडबैक, और शिथिलन तकनीकें।

ये पद्धतियाँ आपके बच्चे को इनमें मदद दे सकती हैं:

  • दर्द का प्रबंधन करना
  • तनाव घटाना
  • मांसपेशियों में तनाव घटाना
  • रक्त प्रवाह में सुधार

कोई भी नई थैरेपी आज़माने से पहले देखभाल टीम से बात करके यह सुनिश्चित करें कि वह आपके बच्चे के लिए सुरक्षित हो।

एवैस्कुलर नेक्रोसिस का फलानुमान

एवैस्कुलर नेक्रोसिस हल्की से गंभीर तक हो सकती है। यह दर्द कर सकती है और चलने-फिरने-हिलने-डुलने को तथा दैनिक गतिविधियाँ करने की योग्यता को प्रभावित कर सकती है। हड्डियों और जोड़ों को क्षति पहुंचने से जोड़ निपात और गठिया जैसी दीर्घकालिक समस्याएं हो सकती हैं।

एवैस्कुलर नेक्रोसिस के प्रबंधन में मददगार कुछ तरीके इस प्रकार हैं:

  • यदि आपके बच्चे के किसी जोड़ में दर्द हो या वह लंगड़ा रहा हो या यदि लक्षण बिगड़ने लगें तो अपनी देखभाल टीम को बताएँ।
  • दर्द और सूजन घटाने के लिए लिखे अनुसार दर्द की दवाएँ दें।
  • यदि आपके बच्चे की उपचार योजना में फिज़िकल थैरेपी शामिल है तो अपने बच्चे के फिज़िकल थैरेपिस्ट से मिले निर्देशों का पालन करें।
  • सुझाई गई जाँचें करवाएँ, इनमें, यदि आपकी देखभाल टीम ने सुझाया हो तो, किसी ऑर्थोपीडिक (हड्डी) सर्जन को दिखाना शामिल है।

अपनी देखभाल टीम से पूछे जाने वाले प्रश्न

  • मेरे बच्चे में एवैस्कुलर नेक्रोसिस का कितना जोखिम है?
  • हम दर्द और अन्य लक्षणों का प्रबंधन कैसे कर सकते हैं?
  • मेरे बच्चे को किस अनुवर्तन देखभाल की ज़रूरत होगी?
  • मेरे बच्चे की एवैस्कुलर नेक्रोसिस बिगड़ेगी, जस-की-तस रहेगी, या बेहतर होगी?
  • मेरे बच्चे को किन गतिविधियों से बचना चाहिए?

एवैस्कुलर नेक्रोसिस के बारे में मुख्य बिंदु

  • अवस्कुलर नेक्रोसिस (ओस्टियोनेक्रोसिस) तब होता है जब रक्त आपूर्ति कम होने के कारण हड्डी के कुछ हिस्से मर जाते हैं।
  • कुछ कैंसरों या रक्त विकारों से ग्रस्त या कुछ उपचार करवाने वाले बच्चों में एवैस्कुलर नेक्रोसिस होने का जोखिम होता है।
  • आपकी देखबाल टीम AVN के प्रबंधन की योजना बनाने में आपकी मदद कर सकती है। इसमें फिज़िकल थैरेपी, दवाएँ, आराम, और अन्य पद्धतियाँ शामिल हो सकती हैं।
  • कुछ रोगियों में खून के प्रवाह को बेहतर बनाने के लिए और हड्डी के अंदर दबाव को कम करने के लिए सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है।
  • यदि जोड़ की क्षति गंभीर है, तो आपके बच्चे को अंततः जोड़ बदलवाने की ज़रूरत पड़ सकती है।


समीक्षित: सितंबर 2024

संबंधित सामग्री