हड्डी का स्कैन क्या होता है?
हड्डी का स्कैन एक इमेजिंग जांच होती है। यह कैंसर सहित कई स्थितियों के कारण होने वाले नुकसान का पता लगाने के लिए हड्डियों के भीतर देखता है। यह इसे भी मॉनिटर करने में मदद कर सकता है कि कैंसर का उपचार कितना कारगर है।
हड्डी के स्कैन में हड्डी के असामान्य क्षेत्रों को ढूंढने में मदद के लिए ट्रेसर नामक बहुत कम मात्रा के रेडियोधर्मी पदार्थ (जिसे रेडियोट्रेसर या रेडियोफ़ार्मास्यूटिकल भी कहा जाता है) का उपयोग किया जाता है।
ट्रेसर में कम मात्रा में रेडियोधर्मी पदार्थ शामिल होता है। इसलिए हड्डी के स्कैन को न्यूक्लियर मेडिसिन कहा जाता है।
हड्डी का स्कैन कौन करता है?
यह जांच एक प्रमाणित न्यूक्लियर मेडिसिन टेक्नोलॉजिस्ट द्वारा की जाती है।
एक हड्डी स्कैन में क्या शामिल है?
- ट्रेसर लेना — सबसे पहले, आपके बच्चे को थोड़ी मात्रा में ट्रेसर दिया जाएगा। यह आमतौर पर आईवी के माध्यम से दिया जाता है। इंजेक्शन देने के बाद आईवी को निकाला जा सकता है।
- प्रतीक्षा अवधि — आपके बच्चे को, ट्रेसर को रक्तवाहिकाओं से होकर अपने लक्ष्य तक पहुंचने देने तक कम से कम 2 घंटे तक प्रतीक्षा करनी होगी। इस समय के दौरान, रोगी अपनी सामान्य गतिविधियों को जारी रख सकता है।
- स्कैन करवाना — ट्रेसर के अवशोषित हो जाने के बाद, आपका बच्चा हड्डी का स्कैन करवाने के लिए न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में वापस आएगा। कैमरे रोगी के आगे और पीछे की तरफ जाते हैं। यह विस्तृत तस्वीरें बनाने के लिए आपके बच्चे के शरीर के चारों ओर घूम सकता है।
गामा कैमरे, कंप्यूटर की सहायता से तस्वीरें बनाएंगे। हल्के या गहरे रंग के दिखाई देने वाले क्षेत्र असामान्यता होने का संकेत दे सकते हैं।
हड्डी के स्कैन से शरीर के कौन से अंग दिखाई देते हैं?
आमतौर, पर इस प्रक्रिया के दौरान पूरे शरीर को स्कैन किया जाता है। यदि परिणाम हड्डी की क्षति को दर्शाते हैं जो कैंसर के कारण हो सकती है, तो अधिक जांचों की आवश्यकता पड़ सकती है। इस जांच में ये शामिल हो सकते हैं:
हड्डी के स्कैन के बारे में मुझे अपने बच्चे के चिकित्सक से क्या प्रश्न पूछने चाहिए?
ये कुछ सामान्य प्रश्न हैं जिन्हें आप शायद पूछना चाहें:
- हड्डी का स्कैन कौन करेगा?
- क्या रेडियोलोजिस्ट या न्यूक्लियर मेडिसिन चिकित्सक बोर्ड से प्रमाणित हैं?
- क्या यह अस्पताल हड्डी के स्कैन करने के लिए अमेरिकन कॉलेज ऑफ़ रेडियोलॉजी या अन्य मान्यता प्राप्त एजेंसी द्वारा मान्यता प्राप्त है?
- हड्डी के स्कैन के दौरान क्या होगा?
- प्रक्रिया में कितना समय लगेगा?
- हड्डी के स्कैन करवाने के जोखिम और लाभ क्या हैं?
- हड्डी का स्कैन, कैंसर का कितना सही तरीके से पता लगा सकता है?
- मुझे परिणामों के बारे में कब और कैसे जानकारी मिलेगी?
- मुझे परिणामों के बारे में कौन समझाएगा?
- यदि हड्डी के स्कैन से कैंसर का प्रमाण मिलता है, तो मुझे कौन सी अन्य जांचें करवाने की ज़रूरत पड़ेगी?
मेरे बच्चे के हड्डी के स्कैन से पहले मुझे क्या करना चाहिए?
आपके बच्चे को हड्डी के स्कैन से पहले कुछ अलग करने की आवश्यकता नहीं होगी। लेकिन सुनिश्चित करें कि आप इमेजिंग सेंटर के सभी निर्देश का पालन ज़रूर करें।
- दवाएँ - आपको देखभाल टीम को उन सभी दवाओं के बारे में बताना चाहिए जो आपका बच्चा लेता है। बेरियम या बिस्मथ वाली दवाएं (जैसे Pepto-Bismol™) जांच के परिणामों को प्रभावित कर सकती हैं। आपके बच्चे को स्कैन से पहले इन दवाओं को लेने से बचना होगा।
- एलर्जी और अन्य चिकित्सीय स्थितियां — आपको अपने बच्चे की देखभाल टीम को किसी भी दवा से एलर्जी या अन्य चिकित्सीय स्थितियों के बारे में बताना चाहिए। देखभाल टीम को यह भी जानना होगा कि क्या रोगी गर्भवती हो सकती है।
- बीमा— आप यह पता लगाने के लिए अपने बीमा प्रदाता से संपर्क करना चाहेंगे कि आपकी योजना में कितना खर्च बीमा में कवर किया जाएगा और आपको कितनी राशि का भुगतान करना पड़ सकता है।
- प्रश्न पूछें — हड्डी के स्कैन के बारे में किसी भी चिंता के बारे में आपको अपनी देखभाल टीम से बात करनी चाहिए।
- सुनिश्चित करें कि आपका बच्चा समझ रहा है कि क्या हो रहा है — अपने बच्चे से इस बारे में बात करें कि उन्हें हड्डी के स्कैन की आवश्यकता क्यों है और इसमें क्या होगा। इसे सरल, आयु-उपयुक्त शब्दों में समझाएं। हो सकता है कि आप शिशु जीवन विशेषज्ञ या नर्स से परामर्श करना चाहें। या हो सकता है कि आप मदद के लिए न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग से बात करना चाहें।
हड्डी के स्कैन के बाद क्या होता है?
स्कैन के बाद आपका बच्चा वापस सामान्य गतिविधियां कर सकेगा। उन्हें कोई दुष्प्रभाव महसूस नहीं होने चाहिए।
देखभाल टीम आपके बच्चे को अगले 24-48 घंटों के दौरान कई गिलास पानी पीने के लिए कह सकती है ताकि शेष बचा हुआ ट्रेसर निकल जाए। आमतौर पर, यह 2 दिन बाद तक पूरी तरह निकल जाता है।
यद्यपि रेडियोधर्मिता की मात्रा बहुत कम होती है, फिर भी विशेषज्ञों द्वारा सलाह दी जाती है कि आप और आपका परिवार स्कैन के बाद ये सावधानियां बरतें:
- अगर आप गर्भवती हैं, तो आपको स्कैन के बाद कम से कम 24 घंटे तक अपने बच्चे से गले नहीं मिलना चाहिए। आपके बच्चे को अगले दिन तक शिशुओं और बच्चों से सीधे संपर्क से बचना चाहिए।
- अपने बच्चे के डायपर बदलने या शरीर के तरल पदार्थों को संभालने के बाद हमेशा हाथ धोएं।
- नियमित कूड़ेदान में रखने से पहले, गंदे डायपर 2 दिनों के लिए एक अलग कूड़ेदान में रखें। (ध्यान दें: कुछ लैंडफ़िल में रेडिएशन डिटेक्टर होते हैं जो कचरे से निकलने वाली रेडियोधर्मिता का पता चलने पर अलार्म बजा सकते हैं। यदि कचरा उठाने में 2 या उससे अधिक दिन बाकी हैं, तो डायपर को रेगुलर कूड़ेदान में डालना ठीक रहेगा।)
- यदि आप यात्रा कर रहे हैं, तो प्रक्रिया के कई दिनों बाद तक होमलैंड सिक्योरिटी द्वारा संरक्षित हवाई अड्डे, बॉर्डर क्रॉसिंग और अन्य स्थानों पर आपके बच्चे के जाने से रेडिएशन अलार्म सक्रिय हो सकता है। अगर आपका बच्चा उस दौरान इनमें से किसी एक क्षेत्र से गुजर सकता है, तो इसके बारे में देखभाल टीम को बताएं। टेक्नोलॉजिस्ट यात्रा अधिकारियों को देने के लिए हड्डी के स्कैन से संबंधित लिखित जानकारी दे सकते हैं।
आप हड्डी के स्कैन के परिणाम कैसे प्राप्त कर सकते हैं?
एक न्यूक्लियर मेडिसिन चिकित्सक स्कैन परिणामों की व्याख्या करेगा और उन्हें स्कैन का आदेश देने वाले चिकित्सक के साथ साझा करेगा। आपके बच्चे का प्राथमिक कैंसर विशेषज्ञ चिकित्सक परिणामों को आपके साथ साझा करेगा।