घर पर कीमोथेरेपी और खतरनाक दवाओं का सुरक्षित रख-रखाव
कुछ खतरनाक दवाएँ (जिनमें मुखीय कीमोथेरेपी शामिल है) घर पर दी जा सकती हैं। लेकिन खतरनाक दवाओं की हैंडलिंग और भंडारण के सुरक्षा निर्देशों का पालन महत्वपूर्ण है।
घर में लाई गईं सभी खतरनाक दवाएँ मरीजों, देखभालकर्ताओं और गृहस्थी के सदस्यों के लिए एक संभावित जोखिम होती हैं। दवाएं कई बार त्वचा के माध्यम से अवशोषित हो सकती हैं या फेफड़ों के जरिए साँस में जा सकती हैं। परिवार के सदस्य भी खाने-पीने की चीज़ों के ज़रिए या घर में रोज़मर्रा की सतहों को छूने के द्वारा खतरनाक दवाओं के संपर्क में आ सकते हैं।
गर्भवती महिलाओं और स्तनपान करवा रही महिलाओं को खतरनाक दवाओं से किसी भी प्रकार के संपर्क से बचना चाहिए।
खतरनाक दवाओं के लिए सुरक्षा रिमाइंडर
ये आसान चरण, मरीज, उसके परिवार के सदस्यों और देखभालकर्ताओं को नुकसान से बचा सकते हैं।
दवा के लेबलों को पढ़ें तथा खुराक से संबंधित निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
खतरनाक दवाओं को हैंडल करने से पहले और बाद में अच्छी तरह से हाथ धो लें।
निर्देशानुसार, दस्ताने, मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरण पहनें।
दवा के संपर्क में आने वाली सतहों को अच्छे से साफ़ करें और वस्तुओं को अच्छे से धोएँ।
दवाओं को खाने-पीने की चीज़ों से या गृहस्थी के सदस्यों द्वारा उपयोग होने वाली वस्तुओं से दूर रखें।
दवाओं को बच्चों, पालतू जानवरों की पहुंच तथा भोजन से दूर सुरक्षित रूप से स्टोर करें।
दवाओं और संदूषित वस्तुओं का निपटान उचित ढंग से करें।
सभी देखभालकर्ताओं और गृहस्थी के सदस्यों को दवा सुरक्षा के बारे में शिक्षित करें।
खतरनाक दवाओं को कैसे हैंडल करें
दवाओं के रख-रखाव और उन्हें देने के लिए हमेशा अपनी देखभाल टीम के निर्देशों का पालन करें अपनी त्वचा या आँखों से संपर्क से बचने की सावधानी बरतें और खतरनाक दवाओं में साँस न लें। कुछ सामान्य सुरक्षा सुझाव इस प्रकार हैं:
हाथ धोएँ और खतरनाक दवाएँ हैंडल करने से पहले और बाद में सतहें साफ़ करें।
निर्देशानुसार सुरक्षा उपकरण (दस्ताने, मास्क, और/या चश्मा) पहनें।
मरीज को दवा देते समय दवा को अपने हाथ में न लें, इसकी बजाय उसे एक छोटे कप में गोलियां डालकर दवा दें।
दवा के साथ दी गईं सिरिंजों, ड्रॉपरों या एप्लिकेटरों का उपयोग करें। जब तक आपका प्रदाता निर्देश न दे, उनका दोबारा उपयोग कभी न करें।
जब तक आपका फार्मासिस्ट या देखभाल टीम निर्देश न दे, कीमोथेरेपी के टैबलेट या कैप्सूल को कुचलने, तोड़ने या चबाने से बचें।
जिस स्थान में खतरनाक दवाओं को हैंडल किया जाता है वहीं खाने-पीने की चीज़ें या फ़ॉर्मुला दूध तैयार करने से बचें।
दस्ताने
दस्ताने, देखभालकर्ताओं को त्वचा के माध्यम से दवाओं के संपर्क में आने से सुरक्षा प्रदान करते हैं। जब भी मरीज के अलावा कोई अन्य व्यक्ति खतरनाक दवा की हैंडलिंग करे, तो दस्ताने पहने जाने चाहिए। मरीजों को अपनी दवा लेते समय दस्ताने पहनने की आवश्यकता नहीं होती है।
डिस्पोज़ेबल नाइट्राइल दस्ताने पहनें। लेटैक्स के दस्तानों का उपयोग न करें।
फटे हुए या छेद वाले दस्तानों का उपयोग न करें।
दवा हैंडल करने के बाद, दस्तानों को उल्टा करते हुए उतारें। उन्हें फेंक दें। उनका दोबारा उपयोग न करें।
दस्ताने उतारने के बाद, हाथों को गुनगुने साबुनी पानी से अच्छी तरह धोएँ।
यदि मरीज दस्ताने नहीं पहनते हैं, तो भी उन्हें दवा हैंडल करने से पहले और बाद में अपने हाथों को धोना चाहिए ताकि टैबलेट या कैप्सूल से निकला पाउडर यहाँ-वहाँ न फैले।
चेहरे का मास्क
यदि आपके चिकित्सक या फॉर्मासिस्ट ने मास्क पहनने का निर्देश दिया है, तो ही मास्क पहनें। डिस्पोजेबल मास्क देखभाल करने वालों (केयरगिवर्स) को खतरनाक दवाओं को सांस के जरिए अंदर लेने से बचाते हैं। गोलियों को टुकड़े करते समय या पीसते समय मास्क का उपयोग करना पड़ सकता है।
आँखों की सुरक्षा
सुरक्षा गॉगल या चश्मा आँखों की सुरक्षा कर सकता है, विशेष रूप से द्रव दवाएँ हैंडल करते समय। अगर दवा के बिखरने या उछलने की कोई संभावना हो, तो आंखों की सुरक्षा बहुत ज़रूरी हो जाती है।
खतरनाक दवाओं को कैसे काटें या कुचलें
जब तक कहा न जाए, खतरनाक दवाओं को काटने, कुचलने या तोड़ने से बचें। इससे हवा में खतरनाक कण मुक्त हो सकते हैं।
दवा विशेष के निर्देशों का पालन करें। कुछ टैबलेट (जैसे मर्केप्टोप्यूरीन) को टैबलेट कटर से तोड़ने की ज़रूरत हो सकती है। कुछ जेल कैप्सूल (जैसे कि आइसोट्रेटियोनिन)को कैंची का उपयोग करके टुकड़े करना पड़ सकता है।
अगर आप कीमोथेरेपी की दवा के लिए टेबलेट कटर, कैंची या टेबलेट क्रशर का उपयोग कर रहे हैं, तो इन उपकरणों को किसी दूसरी दवा के लिए काम में न लें, न ही इनका कोई और उपयोग करें।
दवाओं को टेबल या काउंटर जैसी किसी उंची सतह पर तैयार करें। सुनिश्चित करें कि स्थान साफ़ हो और चीज़ें यहाँ-वहाँ बिखरी न हों।
छत के पंखों या वेंट के आस-पास खतरनाक दवाओं को काटने या कुचलने से बचें। इससे दवा उड़ नहीं पाएगी।
खतरनाक दवाओं को काटने या पीसने से पहले, काम करने की जगह को डिस्पोज़ेबल प्लास्टिक से कवर कर दें। इससे सतह को साफ़ करना आसान रहेगा तथा इस पर दवा बिखर नहीं पाएगी।
कार्य सतह को अच्छे से साफ़ करें।
खतरनाक दवाओं के बिखराव या छलकाव को कैसे साफ़ करें
बिखराव या छलकाव के स्थान को चारों ओर से अवरुद्ध कर दें।
बच्चों और पालतू पशुओं को दूर रखें।
सफ़ाई के लिए 2 जोड़े दस्ताने पहनें।
अगर तरल दवा बिखर गई है तो तरल को सोखने के लिए सोखने वाले पेपर टॉवल का इस्तेमाल करें। बिखरी हुई जगह पर बाहर से अंदर की ओर सफाई करें। पेपर टॉवेल को प्लास्टिक बैग में रखें और फेंकने से पहले सील कर दें।
किसी घरेलू सफ़ाई उत्पाद की मदद से स्थान को 3 बार साफ़ करें। इससे यह सुनिश्चित होता है कि सतह पर दवा बिल्कुल भी बाकी न रहे।
इस स्थान को पानी से धो दें।
संदूषित कपड़े उतारें, उन्हें प्लास्टिक के बैग में रखें और सील कर दें। इन कपड़ों को अलग से जल्द-से-जल्द धोएँ। दोबारा उपयोग से पहले एक बार फिर धोएँ। संदूषित वस्तुओं को हमेशा अन्य कपड़ों से अलग धोएँ।
यदि खतरनाक दवा आपकी आँखों में पड़ जाए तो: अपनी आँखों को ठंडे बहते पानी से कम-से-कम 15 मिनटों तक धोएँ। और निर्देशों के लिए अपने स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता से संपर्क करें।
यदि खतरनाक दवा आपकी त्वचा पर पड़ जाए तो: स्थान को साफ़ पानी से अच्छे से धोएँ। उसके बाद साबुन व पानी से 10 मिनटों तक धोएँ। यदि आपको लालिमा या खुजली व जलन दिखे तो अपने स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता से संपर्क करें।
शारीरिक तरल पदार्थों को कैसे हैंडल करें
आपके बच्चे द्वारा खतरनाक दवा ली जाने के बाद 48 घंटों तक उसके सभी शारीरिक तरल पदार्थों में वह दवा हो सकती है। यदि ज़रूरत हो तो अस्पताल से घर ले जाने के लिए दस्ताने माँगना न भूलें।
48 घंटे बीत जाने तक इन सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें:
अपने बच्चे की उल्टी, रक्त (खून), मूत्र (पेशाब), या मल (पॉटी) का रख-रखाव करते समय दस्ताने और सुरक्षात्मक कपड़े पहनें।
अपने बच्चे के गंदे कपड़ों को संभालते समय दस्ताने पहनें।
यदि शारीरिक तरल पदार्थों के छींटे पड़ने का खतरा हो तो फेस शील्ड या गॉगल पहनें।
अपने बच्चे का डायपर बदलते समय दस्ताने और फेस शील्ड या चश्मा पहनें। आप उपयोग हो चुके डाइपर अपने सामान्य कूड़े में डाल सकते हैं, लेकिन उनसे खुद का संपर्क सीमित करने की कोशिश करें।
पुरुषों को बैठकर शौचालय का उपयोग करना चाहिए।
शौचालय फ़्लश करते समय शौचालय का ढक्कन नीचे कर दें।
यदि आपके बच्चे के शरीर का कोई तरल पदार्थ आपकी त्वचा को छूता है, तो त्वचा को साबुन और पानी से अच्छी तरह धो लें।
यदि आपके बच्चे के शरीर का कोई तरल पदार्थ आपकी आंखों में चला जाए, तो पलक खुली रखते हुए 15 मिनट तक पानी से धोएं। फिर, अपने व्यक्तिगत स्वास्थ्य सेवा प्रदाता को कॉल करें और बताएं कि क्या हुआ है।
कीमोथेरेपी और अन्य खतरनाक दवाएँ गृहस्थी के सदस्यों के लिए एक गंभीर सुरक्षा जोखिम हो सकती हैं। संदूषण और भूलवश उपयोग की रोकथाम के उपाय करें। पर्यावरणीय हानि और दूसरों को जोखिम की रोकथाम के लिए, संदूषित वस्तुओं और उपयोग नहीं हुईं दवाओं का ठीक प्रकार से निपटान करें।
खतरनाक दवाओं का सुरक्षित भंडारण
सुनिश्चित करें कि दवा के लिए जो भी विशेष भंडारण निर्देश हों उन्हें आप जानते हों।
दवाओं को किसी सुरक्षित स्थान पर रखें। दवाओं को बच्चों, पालतू पशुओं या गृहस्थी के सदस्यों की पहुँच से दूर किसी तालाबंद कैबिनेट या बॉक्स में रखें।
दवाओं को एक सूखे और ठंडे स्थान पर सूर्य के प्रकाश, गर्मी और नमी से दूर स्टोर करें।
दवाओं को उनके मूल कंटेनरों में रखें और लेबलों को सही-सलामत रखें।
खतरनाक दवाओं पर चेतावनी लेबल लगाएँ ताकि उन्हें आसानी से पहचाना जा सके।
खतरनाक दवाओं को घरेलू वस्तुओं से दूर और गैर-खतरनाक दवाओं से अलग रखें।
खतरनाक दवाओं को एक से दूसरी जगह भेजते समय उन्हें किसी सीलबंद प्लास्टिक बैग या अलग कंटेनर के भीतर उनके मूल, लेबल-लगे कंटेनर में रखें। उन्हें वाहनों में लंबे समय तक रखने या गर्मी के संपर्क में लाने से बचें।
खतरनाक दवाओं का सुरक्षित निपटान
निपटान के विशिष्ट निर्देशों के लिए दवा के साथ आए पर्चे को पढ़ें।
फ़्लश न करें या नालियों में न बहाएँ। खतरनाक दवाओं को शौचालय या सिंक में कभी न डालें। इससे जल प्रणालियाँ संदूषित हो सकती हैं।
उपयोग नहीं हुईं दवाओं को किसी सीलबंद कंटेनर में रखकर निर्देशानुसार उनका निपटान करें।
दवा वापसी कार्यक्रमों का उपयोग करें। कई फार्मेसी और अस्पताल दवाओं के लिए वापसी (टेक-बैक) सेवा पेश करते हैं।
अपनी स्वास्थ्य देखभाल टीम से पूछे जाने वाले प्रश्न
यदि मैं गर्भवती हूँ या स्तनपान करा रही हूँ तो क्या मैं मेरे बच्चे को यह दवा दे सकती हूँ?
मैं भाई-बहनों और अन्य स्वजनों से संपर्क को कैसे घटाऊँ?
क्या मुझे यह दवा हैंडल करते समय दस्ताने या सुरक्षा का अन्य साज़ोसामान पहनने की ज़रूरत है?
दवा देने के लिए मुझे किन सामानों की ज़रूरत होगी? क्या उनका दोबारा उपयोग किया जा सकता है?
उल्टी, मल या डाइपर साफ़ करते समय हमें क्या सावधानियाँ बरतनी चाहिए?
क्या मैं दवाओं और संबंधित सामानों को सामान्य कूड़े में फेंक सकता/ती हूँ?
यदि गलती से कुछ बिखर/छलक जाए तो मैं किसे कॉल करूँ?
क्या मेरे बच्चे का अन्य लोगों के आस-पास होना सुरक्षित है?
खतरनाक दवाओं की सुरक्षित हैंडलिंग के बारे में मुख्य बिंदु
हमेशा दवा के लेबलों को पढ़ें तथा खुराक से संबंधित निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
खतरनाक दवाओं के सुरक्षित भंडारण, हैंडलिंग और देने का तरीका जानें।
आपके बच्चे द्वारा दवा ली जाने के बाद वह 48 घंटों तक उसके शरीर और शारीरिक तरल पदार्थों में बनी रह सकती है। निर्देशानुसार सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें।
सुनिश्चित करें कि घर में हर कोई जोखिमों को समझता हो और दवाओं की उचित हैंडलिंग व निपटान के निर्देश जानता हो।
यदि आपके बच्चे की दवाओं के लिए आवश्यक सुरक्षा कदमों के बारे में आपके कोई प्रश्न हैं, तो अपनी देखभाल टीम से बात करें।
मरीज़ों और उनके देखभालकर्ताओं के लिए दवाओं का प्रबंधन करना एक बहुत बड़ी चुनौती हो सकती है। जानें कि कैसे परिवार दवाओं को ट्रैक कर सकते हैं और उन्हें सुरक्षित ढंग से प्रबंधित कर सकते हैं।
दवाओं का सुरक्षित भंडारण और निपटान मरीजों, देखभाल करने वालों (केयरगिवर्स) और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा करता है। जानें कि उपयोग नहीं हुईं या एक्सपायर हो चुकी दवाओं को कैसे स्टोर करें और उनसे छुटकारा कैसे पाएँ।