मुख्य विषयवस्तु में जाएं

अपने स्कूली उम्र के बच्चे की सहायता कैसे करें

एक नया निदान या चिकित्सा परिवेश तनावपूर्ण हो सकता है। गंभीर अस्वस्थता बच्चे के जीवन के कई पहलुओं, जैसे स्कूल, गतिविधियों और सामाजिक संबंधों, को बाधित कर सकती है। लेकिन आपका बच्चा और परिवार समय के साथ एडजस्ट कर लेंगे। आपके बच्चे के भावनात्मक, व्यवहार-संबंधी और सामाजिक विकास में सहायता देने के कुछ तरीके यहाँ बताए जा रहे हैं।

एक पिता स्टफ़्ड एनिमल थामे उसकी बेटी को देखकर मुस्कुरा रहा है

गंभीर अस्वस्थता आपके बच्चे के जीवन के कई पहलुओं को बाधित कर सकती है, लेकिन ऐसी कई चीज़ें हैं जो आप मदद के लिए कर सकते हैं।

एक जैसी दिनचर्या बनाए रखें

कोई एकसमान दिनचर्या तय कर दें ताकि आपके बच्चे को पता हो कि क्या उम्मीद करनी है। इससे जीवन को अधिक “सामान्य” और कम तनावपूर्ण महसूस करने में मदद मिल सकती है।

  • जब संभव हो तब सुबह, भोजन के समय और सोने जाने के समय की नियमित दिनचर्या बनाकर रखें। जब आपका बच्चा भर्ती न हो और जब वह भर्ती हो, दोनों ही मामलों में इन दिनचर्याओं को बनाए रखने की कोशिश करें।
  • अपने बच्चे की चिकित्सा टीम के साथ काम करके, जब संभव हो तब नियमित अपॉइंटमेंट शेड्यूल बनाकर रखने की कोशिश करें।
  • अपने बच्चे के साथ दिनचर्या की समीक्षा करें। इस से यह जानने से मदद मिलती है कि क्या उम्मीद करनी है।
  • दिनचर्या पर टिके रहने के छोटे-छोटे तरीके ढूँढें, जैसे स्नैक का समय, कोई पसंदीदा शो देखना, लंच के बाद छोटी-सी सैर, कोई गेम खेलना या कोई किताब पढ़ना।

स्वास्थ्यकर नींद को बढ़ावा दें

शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए नींद महत्वपूर्ण है। सोने का स्वास्थ्यकर माहौल, शेड्यूल और दिनचर्या बनाएँ। 

  • अपने बच्चे को हर रात लगभग एक ही समय पर सुलाएँ और हर सुबह लगभग एक ही समय पर जगाएँ (वीकेंड पर भी)।
  • सोने के समय का ऐसा रिलैक्स करने वाला रुटीन बनाएँ जो 30 मिनट से छोटा हो, जैसे कोई कहानी पढ़ना।
  • सोने के समय से कम-से-कम 1 घंटा पहले स्क्रीनें बंद कर दें। उपकरणों से निकलने वाला तेज़ प्रकाश आपके बच्चे को जगाए रख सकता है।
  • सुनिश्चित करें कि सोने का माहौल आरामदेह, शांत और अंधेरा हो।
  • बिस्तर का उपयोग केवल सोने के लिए करें। बिस्तर पर वीडियो गेम, खिलौनों से खेलना या स्क्रीन पर समय बिताना जैसी गतिविधियों से बचें।
  • दिन में, पर्दे खोल दें या यदि आपका बच्चा बाहर समय बिता सकता हो तो उसे ऐसा करने दें। धूप शरीर को रात में बेहतर नींद लेने के लिए रीसेट होने में मदद देती है। 
  • यदि आपका बच्चा झपकी लेना चाहता हो तो सुनिश्चित करें कि वह बहुत लंबी न हो या दिन में बहुत बाद में न हो।
  • कैफ़ीन वाले पेयों, जैसे सॉफ़्ट ड्रिंक या एनर्जी ड्रिंक, के सेवन से बचें, विशेष रूप से दोपहर में। 

दवाओं और अन्य उपचारों के निर्देशों का पालन करें

शेड्यूल, दवाओं और अन्य चिकित्सा कार्यों का प्रबंधन कठिन हो सकता है। दवाएँ सही डोज़ में और सही समय पर लेना भी महत्वपूर्ण है। आपको आपके बच्चे की चिकित्सा देखभाल के साथ-साथ चलने में कुछ टूल और रणनीतियाँ मदद दे सकते हैं।

  • सुनिश्चित करें कि आप चिकित्सा टीम के निर्देशों को समझते हों। बेहिचक प्रश्न पूछें और यदि ज़रूरी हो तो लिखित जानकारी माँगें।
  • यदि आपको चिकित्सा योजना के पालन में समस्याएँ हो रही हों तो अपनी चिकित्सा टीम को बताएँ। आप दोनों साथ मिलकर समस्या का समाधान कर सकते हैं।
  • अपने बच्चे की दवाओं को संभालने के लिए पिल बॉक्स का उपयोग करें।
  • लिखित या इलेक्ट्रॉनिक कैलेंडरों और रिमाइंडरों का उपयोग करें। आप आपके फोन में रिमाइंडर सेट कर सकते हैं या किसी ऐप का उपयोग कर सकते हैं। दवा प्रबंधन के लिए कुछ ऐप हैं MyMed Schedule, MyTherapy, MedCoach: Medication Tracker, mango CARE, Medisafe Medication Management, और Pill Reminder। 
  • यदि आपका बच्चा दवा लेना न चाहता हो तो किसी “यदि-तो” रणनीति का उपयोग करें। जैसे: यदि तुम दवा लेते हो, तो अपने टैबलेट या खिलौने संग खेल सकते हो।
  • यदि आपका बच्चा गोलियाँ निगल न पा रहा हो तो देखभाल टीम से बात करें। आपके बच्चे को गोलियाँ निगलना सिखाने के तरीके मौजूद हैं।
  • स्कूली उम्र के बच्चे ठीक होने के लिए दवाओं और उपचारों की ज़रूरत को समझते हैं। वे उनकी दवाओं और उपचारों के बारे में प्रश्न पूछ सकते हैं। उनके प्रश्नों के आसान और ईमानदार उत्तर दें। यदि ज़रूरी हो तो अपने बच्चे की चिकित्सा टीम से सलाह माँगें।

दर्द का प्रबंधन करना और आराम को बढ़ावा देना

कुछ आसान रणनीतियाँ आपके बच्चे को दर्द का प्रबंधन करने, बेचैनी घटाने और कार्यविधियों के दौरान अधिक सहज होने में अक्सर मदद कर सकती हैं।  दर्द से राहत के विकल्पों के बारे में अपने बच्चे की टीम से बात करें।

  • अपने बच्चे के दर्द के बारे में बात करें, लेकिन उसे कम करके बताए बिना। यदि किसी चिकित्सीय कार्यविधि में दर्द हो सकता है तो इसके बारे में ईमानदार रहें। यदि दर्द होने की संभावना है तो यह न कहें कि दर्द नहीं होगा।
  • सुई चुभने से पहले सुन्न करने वाली क्रीम, दर्द से राहत देने वाले डिवाइस (जैसे Buzzy®) या अन्य विकल्पों के उपयोग से मदद मिल सकती है। दर्द से राहत के विकल्पों के बारे में अपने बच्चे की टीम से बात करें।
  • यदि आपका बच्चा दर्द में है तो उसकी पसंदीदा गतिविधियों, जैसे कोई वीडियो देखना, संगीत सुनना या कोई गेम खेलना, का उपयोग करके उसका ध्यान बँटाएँ। 
  • अपने बच्चे को धीमी और गहरी साँसें लेने के अभ्यास में मदद दें। 
    • स्टारफ़िश श्वसन: अपनी अंगुलियों को एक-दूसरे से दूर कर लें और दूसरे हाथ की तर्जनी को एक-एक करके हर अंगुली पर साँस लेने के दौरान ऊपर की तरफ़ और साँस छोड़ने के दौरान नीचे की तरफ़ फिराएँ। 
    • पिनव्हील श्वसन: पिनव्हील (चकरी) का उपयोग करके दिखाएँ कि गहरी, पेट-फुलाऊ साँसें पिनव्हील को कैसे घुमाती हैं। 

अपने बच्चे की भावनाओं के प्रबंधन के स्वस्थ तरीके ढूँढें

अपने बच्चे को बताएँ कि दुख, डर या गुस्सा महसूस करने में कुछ गलत नहीं है। आप इसे अपनी भावनाएँ अपने बच्चे से साझा करके दिखा सकते हैं। आप बेहतर महसूस करने के लिए खुद की मदद कैसे करते हैं इस बारे में अपने बच्चे से बात करें।

  • अपने बच्चे को प्रेरित करें कि वह इस बारे में बात करे कि वह कैसा महसूस कर रहा है, लेकिन उसे मज़बूर न करें।
  • साझा करने के लिए उनके लिए एक “सुरक्षित स्थान” बनाएं। उसके प्रश्नों के आसान और ईमानदार उत्तर देकर उसकी पहल का अनुसरण करें। इससे भरोसा जमाने में मदद मिलती है।
  • अपने बच्चे को कोई ऐसी आरामदेह वस्तु या गतिविधि ढूँढने में मदद दें जिससे उसे तब मदद मिले जब वह डरा हुआ या परेशान हो (जैसे, उसे आराम पहुँचाने वाली किसी चीज़ को थामना, आपका हाथ थामना, कोई खेल खेलना, कोई गीत गाना)।
  • बच्चे अक्सर अपने माता-पिता को देखते हैं और उनसे सीखते हैं। शांत रहें और सामना करने के कौशलों के उपयोग का उदाहरण बनकर दिखाएँ।
  • उनकी भावनाओं या सोच में ऐसे बदलावों पर नज़र रखें जो कुछ दिनों से अधिक तक बना रहता हो। यदि ज़रूरी हो तो अपने बच्चे की चिकित्सा टीम के साथ इस पर बात करें।

एकसमान सीमाएँ तय करें

अपने बच्चे के व्यवहार के लिए एकसमान नियम तय करें। रोग-पहचान से पहले आपने जो नियम और सीमाएँ तय की थीं उन्हें बनाए रखें। अपने घर में, अस्थायी रहने की जगह में या अस्पताल में, सभी जगह उन्हीं नियमों का उपयोग करें।

  • अपने बच्चे को स्पष्ट निर्देश दें। क्या न करें कहने की बजाए क्या करें के बारे में उन्हें बताएं।
  • यदि विकल्प हों, तो अपने बच्चे को नियंत्रण की भावना देने के लिए विकल्प पेश करें। अगर कुछ किया जाना ज़रूरी हो, तो उसे विकल्प के रूप में पेश न करें।
  • जब आपका बच्चा अच्छा व्यवहार करे तो उसकी तारीफ़ करें। उसे बताएँ कि आप उसकी तारीफ़ क्यों कर रहे हैं।

सामाजिक मेलजोल को बढ़ावा दें

अपने बच्चे की उसके दोस्तों संग जुड़ने रहने में मदद दें और उसके उपचार के दौरान उसके द्वारा नए दोस्त बनाए जाने के प्रति खुला मन रखें।

  • अपने बच्चे को दोस्तों से मुलाकातों की योजना बनाने में मदद दें। संचार के कई तरीके होते हैं, और उसके उपचार के दौरान वे बदल सकते हैं। गेमिंग प्लेटफ़ॉर्म, FaceTime, टेक्स्ट मैसेज या फोन कॉल के उपयोग पर विचार करें।
  • अपने बच्चे से पूछें कि वह अपनी अस्वस्थता और उपचार के बारे में दूसरों को क्या बताना चाहता है। उन्हें इस बात की योजना बनाने में मदद दें कि वे यह जानकारी कैसे साझा कर सकते हैं।
  • यदि आपके बच्चे की रुचि हो, तो इस बात पर चर्चा करें कि वह अस्पताल में नए दोस्त कैसे बना सकता है।

यदि आपके पास अस्वस्थता या सामाजिक, भावनात्मक अथवा व्यवहार-संबंधी स्वास्थ्य के साथ आपके बच्चे के एडजस्टमेंट के बारे में कोई प्रश्न हों तो अपनी देखभाल टीम से बात करें। आपकी, आपके बच्चे की और आपके परिवार की मदद के लिए कई प्रकार के देखभाल टीम सदस्य उपलब्ध हैं। मनोसामाजिक सेवाओं में शामिल हैं मनोविज्ञानी, चैपलेन (पादरी)/धर्मगुरु, बाल-जीवन विशेषज्ञ, म्यूज़िक थैरेपिस्ट, स्कूली अध्यापक और समाजसेवी

अस्वस्थता के दौरान अपने स्कूली उम्र के बच्चे की सहायता करने के बारे में मुख्य बिंदु

  • स्कूली उम्र के बच्चे में किसी गंभीर अस्वस्थता की पहचान होना काफ़ी तनावपूर्ण हो सकता है।
  • आप कई तरीकों से अपने छोटे बच्चे की मदद कर सकते हैं। उनमें शामिल हैं दिनचर्या बनाए रखना, नींद के एकसमान पैटर्न को बढ़ावा देना और दर्द का प्रबंधन करना।
  • आप शांत रहकर, अपनी भावनाएँ साझा करके और सीमाएँ तय करके अपने बच्चे के विकास को पोषित कर सकते हैं।
  • अपने स्कूली उम्र के बच्चे को अस्वस्थता के दौरान दोस्तों संग जुड़ने के लिए प्रेरित करें।
  • अस्वस्थता के दौरान अपने स्कूली उम्र के बच्चे की सहायता करने के तरीकों के बारे में अपनी देखभाल टीम से बात करें।

अन्य संसाधन


Together by St. Jude™ ऑनलाइन संसाधन इस लेख में उल्लिखित किसी भी ब्रांडेड उत्पाद का समर्थन नहीं करता है।


समीक्षित: जनवरी 2024

संबंधित सामग्री