मुख्य विषयवस्तु में जाएं

अस्वस्थता के बाद भावनात्मक खुशहाली

अधिकांश रोगी बचपन के कैंसर, रक्त विकार या अन्य प्राणघातक अस्वस्थताओं के कारण उनके जीवन में हुए बदलावों के प्रति अच्छे से एडजस्ट कर लेते हैं। हालाँकि, रोगियों और रोग-विजेताओं को उनकी भावनात्मक खुशहाली के संबंध में अक्सर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

लाल हुडी पहने एक रोगी एक खिड़की में अपना प्रतिबिंब देख रहा है।

किसी भी गंभीर अस्वस्थता के बाद, रोगियों को उनकी भावनात्मक खुशहाली के संबंध में अक्सर चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

अस्वस्थता के बाद चुनौतियाँ

गंभीर अस्वस्थता के बाद रोगियों को जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, उनमें ये शामिल हैं:

  • स्थिति के लौट आने का डर
  • किसी नई समस्या या उपचार-संबंधी किसी अन्य स्थिति के होने जाने की चिंता
  • अनुवर्तन स्कैन और स्क्रीनिंग परीक्षणों के परिणामों की प्रतीक्षा के दौरान बेचैनी या चिंता महसूस होना
  • यदि उनकी स्थिति ने उनके शारीरिक रंग-रूप या कार्यक्षमता में बदलाव किया है तो शारीरिक छवि में बदलाव
  • आत्मविश्वास या आत्मसम्मान में बदलाव 
  • दीर्घकालिक दर्द या अन्य स्वास्थ्य प्रतिबंध
  • मुझे कैंसर हुआ, दूसरों को नहीं, और मुझे उपचार से गुज़रना पड़ा, दूसरों को नहीं, इस सोच के कारण गुस्सा या असंतोष की भावना
  • दोस्तों, सहपाठियों और सहकर्मियों का व्यवहार बदलने की चिंताएँ
  • नियोक्ताओं द्वारा संभावित भेदभाव के बारे में चिंता
  • डेटिंग, विवाह और परिवार बनाने-बढ़ाने के बारे में चिंताएँ

स्वस्थ ढंग से सामना

हर व्यक्ति चुनौतियों और समस्याओं पर अलग-अलग ढंग से प्रतिक्रिया करता है। स्वस्थ ढंग से सामना करने में, व्यक्ति समस्या की पहचान के कदम उठाता है, संभावित समाधानों के बारे में सोचता है और फिर उन समाधानों को आज़माता है।

चिंता या दुख का सामना करने के लिए, इन चीज़ों की कोशिश करें:

  • यह पहचानें कि ये भावनाएँ कब होती हैं।
  • उन्हें संभालने में मदद के लिए सामना करने के कौशलों और रणनीतियों का उपयोग करें। 
  • यदि वे भावनाएँ बदतर हो जाएँ, जाने का नाम न लें या दैनिक गतिविधियों को प्रभावित करने लगें तो मदद माँगें।

अस्वस्थ ढंग से सामना करने के संकेतों में शामिल हैं हानिकारक आदतें, जैसे एल्कोहॉल का अत्यधिक उपयोग, तंबाकू, नशा और अत्यधिक खाना। जिन लोगों को एडजस्ट करने में दिक्कत होती है वे संभव है कि खुद को संबंधों और परिस्थितियों से अलग-थलग कर लें। जीवनशैली के ये विकल्प ऐसी शारीरिक समस्याओं और भावनात्मक संकट का कारण बन सकते हैं जिनके लिए चिकित्सा देखभाल की ज़रूरत पड़ सकती है। बच्चों के कई अस्पतालों में ऐसे मनोविज्ञानी, समाजसेवी और  चैपलेन (पादरी)/धर्मगुरु होते हैं जो मानसिक स्वास्थ्य सेवाएँ दे सकते हैं या सामुदायिक संसाधन सुझा सकते हैं।

सहायता कब लें

यदि आपकी चिंताओं या दुख की भावनाएँ 2 सप्ताह या अधिक समय से लगातार बनी हुई हैं या वे घर, स्कूल अथवा कार्यस्थल की आपकी दैनिक गतिविधियों को बाधित कर रही हैं तो किसी स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता या मानसिक स्वास्थ्य पेशेवर से सहायता लें।

सहायता की ज़रूरत के अन्य संभव संकेतों और लक्षणों में ये शामिल हैं:

  • भूख और वज़न में बदलाव
  • आसानी से रुलाई छूटना या रो ही न पाना
  • लगातार थकान या ऊर्जा की कमी
  • बहुत अधिक सोना या अच्छे से न सो पाना
  • निराश महसूस करना या मृत्यु, भाग जाने या आत्महत्या के विचार आना
  • अधिक चिड़चिड़ापन
  • आपको पहले जो गतिविधियाँ पसंद थीं अब उनमें रुचि घट जाना
  • अस्वस्थता या उपचारों के दर्दनाक या कष्टदायी पहलुओं की अनचाही यादें आना
  • अपनी रोग-पहचान के बारे में सोचते समय अत्यधिक डर, परेशानी या गुस्सा महसूस होना
  • अपनी अस्वस्थता के बारे में सोचते समय शारीरिक प्रतिक्रियाएँ, जैसे हृदय गति तेज़ होना, साँस फूलना या उबकाई आना
  • स्वास्थ्य देखभाल मुलाकातों से बचना

देखभाल यात्रा के दौरान और उसके बाद रोगियों को अलग-अलग भावनात्मक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। भावनात्मक स्वास्थ्य और खुशहाली में मदद कर सकने वाले संसाधनों के बारे में जानने के लिए किसी स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता या मानसिक स्वास्थ्य पेशेवर से बात करें। 


समीक्षित: फरवरी 2023

संबंधित सामग्री