मुख्य विषयवस्तु में जाएं

दर्द की घटनाएँ और सिकल सेल बीमारी

दर्द की घटना (पेन एपिसोड) क्या है?

सिकल सेल बीमारी में दर्द की घटना तब होती है जब शरीर के ऊतकों को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती है। इसे दर्द संकट या एक्यूट वैसो-ऑक्लुज़िव दर्द भी कहते हैं।   

एक्यूट (तीक्ष्ण) दर्द की घटनाएँ सिकल सेल बीमारी की सबसे आम जटिलता हैं। दर्द की घटनाएँ (पेन एपिसोड) अन्य प्रकार के दर्द से अलग होती हैं। वे अचानक होती हैं और कई घंटों, कुछ दिनों, या कुछ सप्ताह तक चल सकती हैं।

दर्द की घटना के लक्षण

दर्द की घटना में, धमकदार, टीसों जैसा, धीमा, या तीखा/नुकीला दर्द महसूस हो सकता है और वह हल्के से लेकर बहुत गंभीर तक हो सकता है।

दर्द शरीर के विभिन्न भागों में हो सकता है। कुछ सामान्य स्थान इस प्रकार हैं:

  • पीठ
  • छाती
  • उदर (पेट)
  • बाँहें और हाथ
  • टाँगें और पाँव

दर्द शरीर के एक से दूसरे भाग में भी जा सकता है। 

एक्यूट (तीक्ष्ण) दर्द की घटनाओं या दर्द संकटों के साथ-साथ, आपके बच्चे को ऐसा दर्द भी हो सकता है जिसका सिकल सेल बीमारी से कुछ भी लेना-देना नहीं होता है। आपके बच्चे को सिर दर्द, मोच, और अन्य दुखन/पीड़ाएँ और दर्द हो सकते हैं।  

सिकल सेल बीमारी से ग्रस्त लोगों में दीर्घस्थायी दर्द भी हो सकता है। दीर्घस्थायी (क्रोनिक) दर्द ऐसा दर्द है जो अधिकांश दिन होता है और 6 महीने या अधिक समय तक रहता है। यह लोगों की उम्र बढ़ने के साथ-साथ आम तौर पर अधिक गंभीर होता जाता है। सिकल सेल बीमारी से ग्रस्त आधे से अधिक वयस्कों को दीर्घस्थायी दर्द होता है।   

सामान्य लाल रक्त कोशिकाएँ और सिकल कोशिकाएँ

दर्द की घटना (पेन एपिसोड) या दर्द संकट तब होता है जब सिकल (दराँती/हँसिया) जैसी आकृति की लाल रक्त कोशिकाएँ आपस में चिपककर छोटी-छोटी रक्त वाहिकाओं को अवरुद्ध कर देती हैं, जिससे ऊतकों को जाने वाले रक्त प्रवाह और ऑक्सीजन की मात्रा घट जाती है।

दर्द की घटना के कारण

सिकल सेल बीमारी में एक्यूट (तीक्ष्ण) दर्द तब हो सकता है जब सिकल (दराँती/हँसिया) जैसी आकृति की लाल रक्त कोशिकाएँ आपस में चिपककर छोटी-छोटी रक्त वाहिकाओं को अवरुद्ध कर देती हैं।  

सामान्य लाल रक्त कोशिकाएँ गोल और लचीली होती हैं। वे शरीर की रक्त वाहिकाओं से होकर आसानी से गुज़र जाती हैं। सिकल सेल बीमारी वाले लोगों के लाल रक्त कोशिकाएँ कठोर, चिपचिपी और केले जैसी मुड़ी हुई (दरांती‑आकार की) होती हैं। ये सिकल सेल आपस में चिपककर गुच्छे बना लेती हैं और रक्त वाहिकाओं को जाम कर देती हैं। इससे शरीर को मिलने वाले रक्त और ऑक्सीजन की मात्रा कम हो जाती है और इस कारण दर्द हो सकता है।

एक्यूट (तीक्ष्ण) सिकल सेल दर्द के संभावित ट्रिगर

दर्द की घटनाओं का पूर्वानुमान लगाना कठिन होता है और वे अक्सर किसी स्पष्ट कारण के बिना हो जाती हैं। कुछ सामान्य ट्रिगर इस प्रकार हैं:  

  • शरीर में पानी की कमी (निर्जलीकरण)
  • ऑक्सीजन का कम स्तर
  • संक्रमण
  • गहन शारीरिक गतिविधि  
  • अधिक ऊँचाई वाले स्थान
  • ठंडे टेम्परेचर
  • धूम्रपान या वैपिंग करना
  • शराब का इस्तेमाल
  • तनाव
  • मौजूदा दर्द या चोट

सिकल सेल बीमारी के साथ दर्द कभी-भी हो सकता है। दर्द की घटनाएँ आपके बच्चे को स्कूल जाने और दैनिक गतिविधियाँ करने से रोक सकती हैं। दर्द की रोकथाम करना हमेशा संभव नहीं होता है। लेकिन ऐसी गतिविधियों या परिस्थितियों को सीमित करने या उनसे बचने की कोशिश करें जो आपके बच्चे के दर्द को ट्रिगर करती हैं।  

दर्द की घटना की पहचान

दर्द की घटना का जल्द उपचार बहुत महत्वपूर्ण है। यदि आप अपने बच्चे के दर्द का प्रबंधन घर पर नहीं कर पा रहे हैं तो आपको अपने क्लिनिक या अस्पताल में देखभाल प्राप्त करनी पड़ सकती है। 

स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता एक शारीरिक परीक्षा करेगा जिसमें दर्द का आकलन शामिल होगा। दर्द या अन्य लक्षणों के कारण के बारे में और जानने के लिए आपके बच्चे के लैब परीक्षण या इमेजिंग परीक्षण भी किए जा सकते हैं।  

यदि आपने अपने बच्चे को दर्द की कोई दवा दी है तो अपनी देखभाल टीम को बताना न भूलें। उनके लिए यह जानना ज़रूरी है कि आपने किस प्रकार की दवा, कितनी खुराक में और किस समय दी।

आपके बच्चे के दर्द का आकलन करते समय, आपकी देखभाल टीम उसके मौजूदा दर्द के बारे में और उसके दर्द के इतिहास के बारे में जानकारी पाना चाहेगी। आपके बच्चे से, यदि वह कर सके तो, एक दर्द के पैमाने पर उसके दर्द को रेटिंग देने को कहा जाएगा। 

आपसे कुछ इस प्रकार के प्रश्न पूछे जा सकते हैं:

  • दर्द कब शुरू हुआ?
  • यह दर्द कैसा महसूस होता है?
  • दर्द कितना गंभीर है?
  • दर्द कहाँ होता है?
  • क्या दर्द लगातार बना रहता है या आता-जाता रहता है?
  • क्या किसी चीज़ से दर्द बेहतर या बदतर होता है?
  • क्या आपके बच्चे को दर्द के साथ-साथ अन्य लक्षण भी हैं?

आपकी देखभाल टीम आपके बच्चे के दर्द के इतिहास के बारे में प्रश्न पूछ सकती है, जैसे:  

  • क्या आपके बच्चे को इस प्रकार का दर्द पहले भी हुआ है?
  • दर्द आम तौर पर कब तक रहता है?
  • पूर्व में दर्द का उपचार कैसे किया गया था? 
  • दर्द की दवाओं या अन्य उपचारों से आपके बच्चे को कितना लाभ होता है?

दर्द की घटना का उपचार

यदि आपके बच्चे के साथ दर्द की घटना होती है, तो दर्द का जल्द-से-जल्द उपचार करना महत्वपूर्ण है। यदि आपके बच्चे का दर्द गंभीर है, तो अपने क्लिनिक या अस्पताल से चिकित्सीय देखभाल प्राप्त करें। 

एक्यूट (तीक्ष्ण) सिकल सेल दर्द की घटनाओं का मुख्य उपचार दर्द की दवाएँ हैं। गंभीर दर्द के लिए, आपके बच्चे को ओपिऑइड दवा, जैसे मॉर्फीन, हाइड्रोमॉर्फीन, या फ़ेंटनिल की ज़रूरत पड़ सकती है। 

दर्द के नियंत्रण के लिए आपके बच्चे को अस्पताल में भर्ती करने की भी ज़रूरत पड़ सकती है। 

दर्द की दवाओं से संबंधित सुरक्षा रिमाइंडर

ओपिऑइड दवाओं की लत लगने की काफ़ी अधिक संभावना होती है। आपकी देखभाल टीम लत की रोकथाम में मदद के उपाय करेगी। इन उपायों में, आपके बच्चे की दवा की मात्रा और बारंबारता सीमित करने के लिए ओपिऑइड को संक्षिप्त अवधि के लिए प्रिस्क्राइब करना शामिल हो सकता है। आपकी देखभाल टीम सह्यता (टोलरेंस) पर भी नज़र रखेगी। ओपिऑइड सह्यता (टोलरेंस) एक ऐसी स्थिति है जिसमें शरीर को किसी दवा की इस तरह से आदत पड़ जाती है कि दवा पहले जितने अच्छे से काम नहीं कर पाती है। आपके बच्चे की दर्द उपचार योजना के भाग के रूप में इन बातों को ध्यान में रखा जाता है। 

आप यह सुनिश्चित करने में मदद करने वाले कदम उठा सकते हैं कि आपका बच्चा उसे लिखी गईं दवाएँ सुरक्षित ढंग से ले:   

  • आपके बच्चे को ओपिऑइड दवाएँ केवल तब लेनी चाहिए जब उसे सच में बहुत दर्द हो रहा हो। 
  • दर्द की दवाएँ लिखी गई से अधिक बारंबारता या मात्रा में न दें।  
  • केवल वही दवा दें जो आपके बच्चे के लिए लिखी गई थी और उसे निर्देशानुसार ही दें। 
  • जब तक आपके डॉक्टर या फार्मासिस्ट अनुमति न दें तब तक दवा को न तो कुचलें, न काटें और न ही अपने बच्चे को उसे चबाने दें। 
  • कोई भी अन्य प्रिस्क्रिप्शन दवा, डॉक्टर के पर्चे के बिना मिलने वाली दवा, सप्लिमेंट, या हर्बल दवाएँ देखभाल टीम से बात किए बिना न दें।  
  • घर पर दर्द की दवा अपने डॉक्टर से बात किए बिना 24 घंटों से अधिक समय तक न दें।  
  • दर्द की दवाओं से कब्ज़ हो सकता है। सुनिश्चित करें कि आपका बच्चा तरल पदार्थ भरपूर मात्रा में पिए और फ़ाइबर से भरपूर भोजन करे। कब्ज़ की दवाएँ आपकी देखभाल टीम द्वारा प्रिस्क्राइब किए अनुसार दें।
  • दवाओं को बच्चों की पहुंच से बाहर रखें।

घर पर दर्द की घटनाओं का प्रबंधन कैसे करें

दर्द के उपचार अलग-अलग लोगों के लिए अलग-अलग ढंग से काम करते हैं। अपनी देखभाल टीम के साथ काम करके अपने बच्चे के लिए एक दर्द प्रबंधन योजना बनाएँ। यदि दर्द नियंत्रित न किया जा सकता हो या गंभीर हो, तो अपने बच्चे की देखभाल टीम को कॉल करें।  

अपने बच्चे को हल्के से मध्यम दर्द का प्रबंधन घर पर करने में मदद देने के लिए: 

  • निर्देशानुसार दर्द की दवा दें। हल्के दर्द का उपचार आइबुप्रोफ़ेन से किया जा सकता है। मध्यम दर्द के लिए, आपकी देखभाल टीम के सुझावानुसार प्रिस्क्रिप्शन दवाएँ दें।  
  • सुनिश्चित करें कि आपका बच्चा आराम करे और भरपूर मात्रा में तरल पदार्थ पिए। 
  • रक्त प्रवाह बढ़ाने के लिए हीट थैरेपी का उपयोग करें। दर्द वाले स्थान पर गुनगुना कंबल या तौलिया लगाएँ। हीटिंग पैड के उपयोग से पहले अपनी देखभाल टीम से बात करें। आइस या कोल्ड थैरेपी का उपयोग न करें, इससे दर्द और बढ़ सकता है।  
  • दर्द की दवाओं के साथ-साथ गैर-दवा रणनीतियों का भी उपयोग करें।  

सुनिश्चित करें कि आप, आपके बच्चे की देखभाल करने वाले अन्य लोगों को आपके बच्चे की स्थिति के बारे में, उसकी दर्द प्रबंधन योजना के बारे में, और इमरजेंसी में क्या करना है इस बारे में ज़रूर बता दें।

दवा के बिना दर्द का प्रबंधन करने की रणनीतियाँ

अपने बच्चे के दर्द के प्रबंधन में मदद के लिए यहाँ कुछ गैर-दवा रणनीतियाँ दी गई हैं जिन्हें आप आज़मा सकते हैं. ये तकनीकें दर्द की दवा का विकल्प नहीं हैं। लेकिन वे दर्द की दवाओं को बेहतर काम करने में मदद कर सकती हैं और दर्द का सामना करने के अतिरिक्त विकल्प प्रदान कर सकती हैं।  

कार्यनीति यह कैसे काम करता है उदाहरण
विश्राम
तनाव, एंग्ज़ाइटी, और मांसपेशियों में कड़ापन घटाने के लिए शांतिदायक रणनीतियों का उपयोग करें   
गहरी सांस लेना
- मांसपेशी शिथिलन
- ध्यान
- सुखद संगीत या प्रकृति की आवाज़ें
- अरोमाथेरेपी
ध्यान बँटाना फ़ोकस दर्द से हटाकर किसी अन्य चीज़ पर लगवाएँ - टेलीविज़न या फ़िल्में देखना
- परिवार या दोस्तों से बात करना
- संगीत सुनना
- पठन
- वीडियो गेम खेलना
- गिनना, गाना, रंग भरना, प्रार्थना करना
नज़रिया बदलना या विचारों को रोकना नकारात्मक विचारों को पहचानकर रोकें और उनकी जगह अधिक सकारात्मक विचारों को रखें
- अपने बच्चे को उसके विचारों और दर्द के बारे में उसके एहसासों के बारे में बोलवाएँ।
- "मुझे ऐसा दर्द पहले भी हो चुका है, और वह ठीक हो गया था।"
- "मैं स्ट्रॉन्ग हूँ, मैं यह कर सकता/सकती हूँ!"
मन-चित्र या कल्पना किसी सकारात्मक अनुभव या किसी पसंदीदा स्थान अथवा याद पर फ़ोकस करें - अपने बच्चे से किसी प्रसन्न स्थान या याद की कल्पना करवाएँ। अपने बच्चे से चित्र की विशिष्ट बारीकियों का वर्णन पूछें, जैसे रंग, आवाज़ें, गंध, स्वाद, और एहसास।
मॉडलिंग आत्मविश्वास बढ़ाने और सहायता पाने के लिए किसी अन्य की सफलता से सीखें। - आपके जैसे अनुभव से गुज़र चुके किसी अन्य व्यक्ति से यह जानने से मदद मिल सकती है कि उनके मामले में किन चीज़ों से लाभ मिला था। अपने बच्चे को किसी अन्य बच्चे को उसके दर्द और एंग्ज़ाइटी का प्रबंधन करते हुए दिखवाएँ।

दवाओं के बिना दर्द का प्रबंधन करने के बारे में और जानकारी पाएँ।

अपनी देखभाल करने वाली टीम को कॉल कब करें

यदि आपके बच्चे को दर्द है, तो उपचार शुरू करने में बिल्कुल भी देरी न करें। अपने बच्चे के दर्द के उपचार के लिए अपनी देखभाल टीम के सुझावों का पालन करें। 

यदि आपके बच्चे को अचानक ऐसा गंभीर दर्द हो जिसमें दवा से लाभ न मिले तो अस्पताल या इमरजेंसी रूम जाएँ। 

यदि आपके बच्चे में इनमें से कोई भी संकेत या लक्षण हो तो तुरंत चिकित्सीय सहायता प्राप्त करें।

  • ऐसा दर्द जो और बढ़ता है या ठीक नहीं होता
  • सांस फूलना या सांस लेने में तकलीफ
  • 101°F (38।3°C) या अधिक का बुखार
  • बहुत थका-थका लगे या उसे जगाना मुश्किल हो
  • शरीर के किसी भाग में अचानक कमज़ोरी, कुछ महसूस न होना, या उसे चलाने में मुश्किल होना

अपनी देखभाल टीम से पूछे जाने वाले प्रश्न

  • दर्द संकट के शुरुआती संकेत क्या हैं? 
  • क्या ऐसी कोई दर्द संकट कार्य योजना है जिसका हमें पालन करना चाहिए?
  • क्या मेरे बच्चे के दर्द की रोकथाम में मदद के कोई तरीके हैं?
  • मैं घर पर मेरे बच्चे के दर्द का प्रबंधन कैसे करूँ?
  • क्या मेरे बच्चे के आहार, शारीरिक गतिविधि, या तरल पदार्थों के सेवन में कोई बदलाव ज़रूरी हैं?
  • दर्द की घटना की पहचान और उसका प्रबंधन कैसे करें इस बारे में मुझे मेरे बच्चे के स्कूल, बेबीसिटर, या अन्य देखभालकर्ताओं को क्या बताना चाहिए?
  • हमें किन आपात चेतावनी संकेतों पर नज़र रखनी चाहिए?
  • हमें देखभाल के लिए कब आपातस्थिति कक्ष जाना चाहिए?

दर्द की घटनाएँ और सिकल सेल बीमारी के मुख्य बिंदु

  • दर्द की घटना (पेन एपिसोड) या दर्द संकट तब होता है जब सिकल (दराँती/हँसिया) जैसी आकृति की लाल रक्त कोशिकाएँ आपस में चिपककर छोटी-छोटी रक्त वाहिकाओं को अवरुद्ध कर देती हैं, जिससे ऊतकों को जाने वाले रक्त प्रवाह और ऑक्सीजन की मात्रा घट जाती है।
  • सिकल सेल दर्द अक्सर अचानक और बहुत तेज़ होता है, और दर्द की घटना कुछ घंटे, दिनों, या उससे भी लंबी चल सकती है।
  • दर्द की घटनाएँ पानी की कमी, तनाव, संक्रमण, चरम तापमानों, या अधिक श्रम से ट्रिगर हो सकती हैं।
  • दर्द प्रबंधन योजना में आम तौर पर दर्द की दवाएँ और गैर-दवा रणनीतियाँ, जैसे आराम, हीट थैरेपी, पानी की कमी पूरी करना, और ध्यान बँटाना, शामिल होती हैं।
  • दर्द का जल्द-से-जल्द उपचार करना महत्वपूर्ण है। यदि आपके बच्चे का दर्द गंभीर है या उसमें सुधार नहीं हो रहा है, तो अपने बच्चे को इमरजेंसी रूम ले जाएँ। 


समीक्षित: दिसंबर 2024

संबंधित सामग्री