मुख्य विषयवस्तु में जाएं

ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV)

ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) क्या है?

ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) ऐसे वायरसों का एक समूह है जो त्वचा-से-त्वचा के संपर्क के ज़रिए फैलते हैं। HPV के कुछ प्रकार त्वचा पर आम मस्से पैदा करते हैं। HPV के अन्य प्रकार यौनांगीय मस्से और रिकरंट रेस्पिरेटरी पैपिलोमटोसिस (वाक् तंतुओं के इर्द-गिर्द ट्यूमर) पैदा कर सकते हैं या कुछ कैंसर पैदा कर सकते हैं। 

HPV बहुत ही सामान्य है और अधिकांश लोग जीवन में कभी-न-कभी HPV के किसी-न-किसी प्रकार से संक्रमित हो जाते हैं। कई संक्रमण लक्षण पैदा नहीं करते और अपने-आप ठीक हो जाते हैं। 

HPV टीकाकरण HPV के उन आम प्रकारों के विरुद्ध सुरक्षा दे सकता है जो कैंसर और यौनांगीय मस्सों का कारण बनते हैं।

HPV के लक्षण

HPV से ग्रस्त अधिकांश लोगों में कोई भी संकेत या लक्षण नहीं होता है और उन्हें पता नहीं होता है कि उनमें यह वायरस है। लेकिन HPV के कुछ प्रकार स्वास्थ्य समस्याएँ, जिनमें कुछ कैंसर शामिल हैं, पैदा कर सकते हैं।

कम जोखिम वाले HPV

HPV के कुछ कम जोखिम वाले प्रकार त्वचा पर या श्लेष्मा झिल्ली पर आम मस्से पैदा कर सकते हैं। ये त्वचा पर छोटी-छोटी वृद्धियों या उभारों के रूप में दिख सकते हैं। सामान्य मस्से अक्सर हथेलियों या पंजों पर होते हैं। यौनांगीय मस्से यौनांगों और गुदा पर या उन के इर्द-गिर्द होते हैं । दुर्लभ मामलों में, HPV मुँह या गले में मस्से पैदा कर सकता है या वाक् तंतुओं के इर्द-गिर्द मस्से जैसे ट्यूमर पैदा कर सकता है।

मस्से असहज या शर्मिंदगी का कारण हो सकते हैं और उन्हें उपचार की आवश्यकता हो सकती है। कम जोखिम वाले HPV के प्रकार कैंसर पैदा नहीं करते हैं। 

ज्यादा जोखिम वाले HPV

ज्यादा जोखिम वाले HPV के अधिकांश मामलों में दिखने वाले लक्षण नहीं होते हैं। यदि संक्रमण कई वर्षों तक बना रहता है, तो उससे कोशिकाओं में ऐसे बदलाव हो सकते हैं जो कैंसर का रूप ले सकते हैं। 

HPV कई प्रकार के कैंसर पैदा कर सकता है, जैसे:

  • ओरोफेरिन्जिअल कैंसर (गले के पिछले भाग, जीभ के आधार या टॉन्सिल में कैंसर)
  • सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर
  • गुदा का कैंसर
  • योनि कैंसर
  • योनिमुख कैंसर
  • शिश्न कैंसर

संयुक्त राज्य अमेरिका में हर वर्ष HPV के कारण कैंसर के 40,000 से अधिक मामले सामने आते हैं। दुनिया भर में, कैंसर के सभी मामलों में से लगभग 5% मामले HPV के कारण होते हैं।

HPV की पहचान

ऐसा कोई एक परीक्षण नहीं है जो HPV के सभी प्रकारों के लिए जाँच कर सके।   

स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता HPV के कारण हुईं स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर सकता है। त्वचा या यौनांगों पर मस्से होना HPV संक्रमण का संकेत हो सकता है।  

पैप परीक्षण  

महिलाओं में HPV परीक्षण नियमित पैप परीक्षणों (सर्वाइकल साइटॉलजी) के साथ-साथ या अकेले किया जा सकता है। पैप परीक्षण (जिसे पैप स्मिअर भी कहते हैं) के दौरान स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता एक नर्म ब्रश की मदद से सर्विक्स, जो गर्भाशय का वह निचला भाग होता है जो योनि से जुड़ता है, में से कोशिकाओं का एक छोटा नमूना लेता है।  उसके बाद इस नमूने को असामान्य या कैंसर-पूर्व कोशिकाओं की तलाश के लिए किसी लैब में भेजा जाता है।  

समस्याओं को जल्द पकड़ने के लिए नियमित पैप परीक्षण महत्वपूर्ण हैं। पैप परीक्षणों और HPV परीक्षण के स्क्रीनिंग के सुझाव उम्र और जोखिम कारकों पर निर्भर होते हैं। 

यदि किसी पैप परीक्षण या HPV परीक्षण के परिणाम असामान्य आते हैं, तो असामान्य कोशिकाओं हेतु जाँच के लिए और परीक्षणों, जैसे कॉल्पोस्कपी या बायोप्सी, की ज़रूरत हो सकती है।   

रिकरंट रेस्पिरेटरी पैपिलोमटोसिस (RRP) 

दुर्लभ मामलों में, HPV रिकरंट रेस्पिरेटरी पैपिलोमटोसिस (RRP) नामक स्थिति का कारण बन सकता है, जिसमें वाक् तंतुओं पर मस्से जैसे ट्यूमरों के गुच्छे बन जाते हैं। RRP की पहचान के लिए, स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता गले के पिछले भाग को देखने के लिए एंडोस्कोप (एक पतली ट्यूब जिसमें प्रकाश और कैमरा लगे होते हैं) का उपयोग कर सकता है। वह HPV या असामान्य कोशिकाओं हेतु जाँच करने के लिए ऊतक का एक छोटा-सा नमूना भी ले सकता है। 

HPV का उपचार

ऐसा कोई उपचार नहीं है जो HPV संक्रमण को ठीक कर सके। लेकिन स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता HPV के कारण हुईं स्वास्थ्य समस्याओं का उपचार कर सकते हैं। 

मस्से: त्वचा या यौनांगों पर मौजूद मस्सों के उपचारों में शामिल हैं दवाएँ, जमाना (क्रायोथैरेपी), लेज़र उपचार या सर्जरी द्वारा हटाना।   

असामान्य कोशिकाएँ: यदि सर्विक्स (गर्भाशय ग्रीवा) या आस-पास के स्थानों में असामान्य कोशिकाएँ हैं, तो आपका स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता अतिरिक्त परीक्षण सुझा सकता है। असामान्य कोशिकाओं को हटाने या नष्ट करने के लिए क्रायोथैरेपी (जमाना), लेज़र थैरेपी या सर्जिकल कार्यविधि जैसे उपचारों का उपयोग किया जा सकता है। असामान्य या कैंसर-पूर्व कोशिकाओं का उपचार करने से उन्हें कैंसर बनने से रोकने में मदद मिल सकती है। 

सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा), गले का या अन्य कैंसर: यदि HPV के कारण कैंसर हो जाए, तो उपचारों में सर्जरी, रेडिएशन (विकिरण) और कीमोथैरेपी शामिल होते हैं। उपचार कैंसर के प्रकार और चरण पर निर्भर करेंगे। 

रिकरंट रेस्पिरेटरी पैपिलोमटोसिस: RRP ट्यूमर हटाने के लिए सर्जरी का उपयोग किया जाता है। इसमें वृद्धियों को हटाने के लिए लेज़र सर्जरी या जमाना शामिल हो सकता है।

उपचार मस्सों या असामान्य कोशिकाओं को तो हटा सकते हैं, लेकिन वे HPV को ठीक नहीं कर सकते हैं। यह वायरस शरीर में बना रह सकता है और मस्से दोबारा बन सकते हैं। HPV संक्रमण उपचार के बिना अक्सर 1-2 वर्ष में चले जाते हैं। हालाँकि, कुछ ज्यादा जोखिम वाले प्रकार बने रह सकते हैं और स्वास्थ्य समस्याएँ पैदा कर सकते हैं।   

कमज़ोर प्रतिरक्षा तंत्र वाले लोगों में HPV

कमज़ोर प्रतिरक्षा तंत्र वाले लोगों के शरीर को HPV संक्रमण ठीक करने में कठिनाई हो सकती है, जिस कारण स्वास्थ्य समस्याएँ हो सकती हैं। अधिक जोखिम वाले लोगों में शामिल हैं वे लोग जिन्हें कैंसर, HIV या अन्य गंभीर रोग है या जिन्हें ऐसे उपचार मिले हैं जो प्रतिरक्षा तंत्र को कमज़ोर करते हैं, जैसे कीमोथैरेपी, स्टेरॉइड दवाओं की हाई डोज़ या स्टेम कोशिका (बोन मैरो) ट्रांसप्लांट। 

HPV के लगभग 90% (हर 10 में से लगभग 9) संक्रमण एक-दो वर्षों में ठीक हो जाते हैं, बिना किसी लक्षण के होते हैं और कैंसर पैदा नहीं करते हैं। मज़बूत प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया अधिकांश HPV संक्रमणों को मिटाने में मदद देती है। हालाँकि, कुछ प्रतिरक्षा तंत्र HPV से इतने अच्छे से लड़ नहीं पाते हैं। यदि आपके बच्चे का प्रतिरक्षा तंत्र कमज़ोर है, तो उसे HPV से बचाने के तरीके के बारे में अपनी देखभाल टीम से बात करें।   

त्वचा पर जो भी नया या बदतर होता हुआ छाला/घाव, खुजली, दर्द, मस्सा या त्वचा, यौनांगों, जीभ या गले पर/में जो भी असामान्य धब्बे हों उनके बारे में अपनी देखभाल टीम को बताएँ।  

आपकी देखभाल टीम के सुझाए अनुसार सभी स्वास्थ्य स्क्रीनिंग करवाएँ। 

HPV का टीका (गार्डेसिल 9)

HPV का टीका सुरक्षित है, छह प्रकार के कैंसरों के विरुद्ध प्रभावी है और लंबे समय तक प्रभावी रहता है

HPV का टीका सुरक्षित है, छह प्रकार के कैंसरों के विरुद्ध प्रभावी है और लंबे समय तक प्रभावी रहता है।

HPV का टीका, जैसे गार्डेसिल 9, HPV के उन प्रकारों के विरुद्ध सुरक्षा देता है जो अधिकांश कैंसरों और यौनांगीय मस्सों का कारण बनते हैं। HPV टीकाकरण का सुझाव 9 से 26 वर्ष के सभी व्यक्तियों के लिए और 27 से 45 वर्ष के कुछ व्यक्तियों के लिए दिया जाता है। 

HPV का टीका तब सबसे अच्छी तरह काम करता है जब इसे व्यक्ति का वायरस से संपर्क होने से पहले लगाया जाता है। यही कारण है कि क्यों आपके बच्चे को यौन रूप से सक्रिय होने से पहले इस वैक्सीन की ज़रूरत होती है। 

यह टीका केवल HPV के विरुद्ध सुरक्षा देता है। यह अन्य यौन संचारी संक्रमणों (STI) की रोकथाम नहीं करता है।

चिकित्सक आम तौर पर यह सुझाव देते हैं कि बच्चों को HPV का टीका 11 या 12 वर्ष की उम्र में लगाया जाए, लेकिन इसे 9 वर्ष की उम्र से भी लगाया जा सकता है।  

  • 9–14 वर्ष के बच्चों को HPV के वैक्सीन की 2 डोज़ (शॉट) की ज़रूरत होती है। 
  • 15 वर्ष और इससे अधिक उम्र के लोगों को HPV के वैक्सीन की 3 डोज़ की ज़रूरत होती है। 
  • बचपन के कैंसर से जीत चुके लोगों या कमज़ोर प्रतिरक्षा तंत्र वाले लोगों को HPV के वैक्सीन की 3 डोज़ की ज़रूरत होती है।

HPV टीकाकरण का सुझाव लड़कों और लड़कियों, दोनों के लिए दिया जाता है।

HPV कैसे फैलता है

HPV अधिकांशतः यौन गतिविधियों के दौरान त्वचा-से-त्वचा के संपर्क के ज़रिए फैलता है। इसमें योनि, गुदा और मुख मैथुन शामिल हैं। HPV कपड़ों या टॉयलेट सीट जैसी चीज़ों के ज़रिए नहीं फैलता है। हालाँकि, ब्लड ट्रांसफ़्यूज़न (रक्त चढ़ाने) के ज़रिए HPV का फैलना संभव है, लेकिन इससे संक्रमण होने की संभावना नहीं होती है।  

HPV से ग्रस्त कई लोगों में कोई भी संकेत या लक्षण नहीं होता है और उन्हें पता नहीं होता है कि वे संक्रमित हैं। लेकिन तब भी वे HPV को दूसरों तक फैला सकते हैं। HPV के ज्यादा जोखिम वाले प्रकार शरीर में वर्षों तक बने रह सकते हैं। व्यक्ति में एक ही साथ एक से अधिक प्रकार हो सकते हैं। 

HPV की रोकथाम कैसे करें?

यौनांगीय या ज्यादा जोखिम वाले HPV के प्रसार की रोकथाम में मदद के लिए:

  • सुझाए अनुसार HPV का टीका लगवाएँ।
  • यौन गतिविधियों के दौरान कॉन्डोम पहनें।
  • यौन साथियों की संख्या सीमित करें।  
  • पैप परीक्षण और HPV परीक्षण जैसी नियमित स्क्रीनिंग करवाएँ।

अपनी देखभाल टीम से पूछे जाने वाले प्रश्न

  • HPV क्या है, और यह कैसे फैलता है?
  • यदि मेरा बच्चा यौन रूप से सक्रिय नहीं है तो क्या उसे HPV हो सकता है?
  • HPV के कारण क्या-क्या स्वास्थ्य समस्याएँ होती हैं?
  • मेरे बच्चे को HPV का टीका कब लगावाना चाहिए?
  • मेरे बच्चे को HPV के वैक्सीन की कितनी डोज़ की ज़रूरत है?
  • क्या लड़कों और लड़कियों के लिए HPV टीकाकरण का सुझाव दिया जाता है?
  • यदि मेरे बच्चे को HPV के कारण मस्से या अन्य समस्याएँ हो जाएँ तो मुझे क्या करना चाहिए?

HPV के बारे में मुख्य बिंदु

  • HPV (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) ऐसे आम वायरसों का एक समूह है जो त्वचा और श्लेष्मल झिल्लियों को प्रभावित करते हैं।
  • HPV के कुछ प्रकार त्वचा, मुँह या यौनांगों में संक्रमण कर सकते हैं। अन्य ज्यादा जोखिम वाले प्रकार कुछ कैंसरों का जोखिम बढ़ाते हैं।
  • HPV त्वचा-से-त्वचा के यौन संपर्क के ज़रिए फैलता है, विशेष रूप से यौन गतिविधियों के दौरान।
  • अधिकांश लोगों को उनके जीवन में किसी-न-किसी प्रकार का HPV संक्रमण होता है, लेकिन यह अक्सर बिना किसी लक्षण के होता है और अपने-आप ठीक हो जाता है।
  • चिकित्सक जाँचों और परीक्षणों, जिनमें महिलाओं में पैप परीक्षण और सर्वाइकल स्क्रीनिंग शामिल हैं, के ज़रिए HPV-संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं का पता लगा सकते हैं।
  • गार्डेसिल 9 HPV के उन प्रकारों के विरुद्ध सुरक्षा देता है जो अधिकांश कैंसरों और यौनांगीय मस्सों का कारण बनते हैं।
  • बच्चों और किशोरों के लिए HPV टीकाकरण के बारे में अपनी देखभाल टीम से बात करें।

अधिक जानकारी प्राप्त करें


समीक्षित: अक्टूबर 2025

संबंधित सामग्री