मुख्य विषयवस्तु में जाएं

स्प्लेनेक्टमी

स्प्लेनेक्टमी क्या है?

पसली का एक चित्र जिसमें तिल्ली, पेट, फेफड़ा और पसली दिख रहे हैं

स्प्लेनेक्टमी स्प्लीन (प्लीहा/तिल्ली) को निकालने की सर्जिकल कार्यविधि है।

स्प्लेनेक्टमी स्प्लीन (प्लीहा/तिल्ली) को निकालने की सर्जरी (ऑपरेशन) है। यदि स्प्लीन क्षतिग्रस्त है, रोगग्रस्त है, या शरीर में समस्याएँ कर रहा है तो आपके बच्चे को स्प्लेनेक्टमी की ज़रूरत हो सकती है।

स्प्लीन (तिल्ली) एक अंग है जो पसली-पिंजर के नीचे शरीर की बायीं साइड पर होता है। यह लगभग एक मुट्ठी के आकार का होता है। तिल्ली ये कार्य करती है:

  • संक्रमणों से लड़ना
  • श्वेत रक्त कोशिकाएं बनाना
  • रक्त को संग्रहित करना और फ़िल्टर करना

लोग स्प्लीन के बिना सामान्य व सक्रिय जीवन जी सकते हैं। लेकिन स्प्लीन निकलवा देने के बाद, शरीर की रोगों और संक्रमण से लड़ने की क्षमता कम हो जाती है। स्प्लेनेक्टमी के बाद संक्रमणों की रोकथाम के लिए अपनी देखभाल टीम के सुझावों का पालन करें।  

स्प्लेनेक्टमी के कारण

यदि आपके बच्चे का स्प्लीन (प्लीहा/तिल्ली) कुछ रोगों या उपचारों के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है तो उसे स्प्लेनेक्टमी की ज़रूरत हो सकती है। स्प्लेनेक्टमी का उपयोग कुछ स्वास्थ्य स्थितियों के उपचार के लिए भी किया जा सकता है। स्प्लेनेक्टमी के कुछ कारण इस प्रकार हैं:

  • सिकल सेल बीमारी: सिकल (दराँती/हँसिया) जैसी आकृति की लाल रक्त कोशिकाएँ स्प्लीन में फँस सकती हैं और उसे क्षतिग्रस्त कर सकती हैं।
  • बढ़ी हुई तिल्ली: यदि स्प्लीन बहुत बड़ा हो जाए, तो वह टूटकर खुल सकता है और प्राणघातक रक्तस्राव कर सकता है।
  • विकीरण चिकित्सा: पेट पर विकिरण की उच्च खुराक तिल्ली को नुकसान पहुँचा सकती है।
  • रक्त के विकार स्प्लीन निकाल देने से कुछ प्रकार के रक्त विकारों, जैसे हीमोलिटिक एनीमिया, हिरेडिटरी स्फेरोसाइटोसिस, और अन्य विकारों में रक्त कोशिकाओं की संख्याओं में सुधार आ सकता है।
  • कैंसर: स्प्लीन को प्रभावित करने वाले किसी ट्यूमर या कैंसर के उपचार के लिए स्प्लीन को निकालने की ज़रूरत हो सकती है।
  • चोट: स्प्लीन को अभिघात या चोट पहुँचने से रक्तस्राव हो सकता है।

स्प्लेनेक्टमी से पहले

आपके बच्चे की देखभाल टीम स्प्लेनेक्टमी के जोखिमों और लाभों के बारे में आपसे बात करेगी। आप सर्जरी टीम के सदस्यों से भी मिलेंगे। वे आपसे सर्जरी के बारे में बात करेंगे और सर्जरी के लिए तैयारी कैसे करें इस बारे में निर्देश देंगे।

  • टीके: सर्जरी से कम-से-कम 2 सप्ताह पहले, आपके बच्चे को जो भी ज़रूरी टीके हों वे लगाए जाएँगे। आपके बच्चे की ज़रूरतों के लिए टीकों के बारे में अपने बच्चे की देखभाल टीम से बात करें।
  • उपवास (मुंह से कुछ भी नहीं लेना) के दिशानिर्देश: आपकी देखभाल टीम इस बारे में निर्देश देगी कि कार्यविधि से पहले कब खाना-पीना रोकना है। इन दिशानिर्देशों को NPO निर्देश भी कहते हैं। आपके बच्चे की दवाओं में जो भी बदलाव ज़रूरी हों उनके बारे में भी आपकी देखभाल टीम आपको बताएगी।

स्प्लेनेक्टमी के दौरान

आपके बच्चे को सर्जरी से पहले जनरल एनेस्थीज़िया दिया जाएगा। इससे वह पूरी तरह बेहोश हो जाएगा, मानो गहरी नींद की तरह। आपके बच्चे को सर्जरी के दौरान दर्द महसूस नहीं होगा।

स्प्लेनेक्टमी के लिए 2 मुख्य प्रकार की कार्यविधियाँ हैं: लैपरोस्कोपिक या ओपन।

लैपरोस्कोपिक स्प्लेनेक्टमी

लैपरोस्कोपिक स्प्लेनेक्टमी एक न्यूनतम-आक्रामक कार्यविधि है जिसमें आपके बच्चे के पेट में 3-4 नन्हे कट लगाए जाते हैं। इस कार्यविधि में एक छोटे-से चिकित्सा उपकरण (लैपरोस्कोप) का उपयोग होता है जिसके एक सिरे पर कैमरा और लाइट लगे होते हैं। चिकित्सक इसकी मदद से, कोई भी बड़ा चीरा लगाए बिना, पेट के भीतर के ऊतक और अंग देख पाते हैं। इससे, बड़े चीरे वाली सर्जरी की तुलना में, रिकवरी तेज़ होती है और दर्द कम होता है। इस कार्यविधि में लगभग 2-4 घंटे लगते हैं।

ओपन स्प्लेनेक्टमी

ओपन या पारंपरिक स्प्लेनेक्टमी में, चिकित्सक थोड़ा बड़ा चीरा (कट) लगाता है, जो आम तौर पर पेट के बीच में या बायीं साइड पर लगाया जाता है। वह स्प्लीन बाहर निकालकर कट को टाँकों या स्टेपल से बंद कर देता है। इस कार्यविधि में लगभग 1-2 घंटे लगते हैं।

स्प्लेनेक्टमी के बाद

कार्यविधि के बाद आपके बच्चे को अस्पताल में 1-2 दिन या और अधिक समय तक रुकना पड़ सकता है। यह सर्जरी के प्रकार पर और अन्य चिकित्सीय ज़रूरतों पर निर्भर होगा।

इस समय के दौरान आपकी देखभाल टीम:

  • रक्तस्राव और संक्रमण इत्यादि जटिलताओं पर नज़र रखेगी
  • दर्द का प्रबंधन करना
  • चीरे की देखभाल करेगी

आपकी देखभाल टीम आपको इस बारे में निर्देश देगी कि घर पर अपने बच्चे की देखभाल कैसे करें। इन निर्देशों का पालन करना सुनिश्चित करें। अगर आपके कोई भी प्रश्न हैं, तो अपनी देखभाल टीम से बात करें।

अधिकांश बच्चे लैपरोस्कोपिक स्प्लेनेक्टमी के लगभग 2 सप्ताह बाद अपनी सामान्य गतिविधियों पर लौट सकते हैं। ओपन सर्जरी के बाद रिकवरी में अधिक समय लगता है।

स्प्लेनेक्टमी के संभावित जोखिम

किसी भी सर्जरी की तरह स्प्लेनेक्टमी के भी कुछ जोखिम हैं। एनेस्थीज़िया संबंधी समस्याएँ या आस-पास के अंगों को चोट इस कार्यविधि के मुख्य जोखिम हैं। कार्यविधि के बाद की सबसे आम समस्याएँ इस प्रकार हैं: 

  • रक्तस्राव होना
  • रक्त के थक्के
  • संक्रमण 

अपनी देखभाल करने वाली टीम को कॉल कब करें

यदि आपके बच्चे में किसी संक्रमण के संकेत विकसित हो जाएँ तो आपको चिकित्सीय सहायता प्राप्त करनी चाहिए। संक्रमण जानलेवा हो सकता है यदि तुरंत उपचार न किया जाए।

यदि आपको अपने बच्चे में इनमें से कोई भी संकेत दिखे तो अपने चिकित्सक को कॉल करें:

  • ज्वर
  • लालिमा, सूजन, या दर्द
  • बहुत ही थका हुआ या कमज़ोर महसूस करना
  • सांस लेने में कठिनाई
  • असामान्य रक्तस्राव

स्प्लीन (प्लीहा/तिल्ली) के बिना जीवन

शरीर में ऐसे अन्य अंग हैं जो तिल्ली के समान कार्य करते हैं। व्यक्ति तिल्ली के बिना भी स्वस्थ जीवन जी सकता है। यदि आपके बच्चे की तिल्ली निकाली गई है, तो उसमें गंभीर संक्रमण होने का जोखिम अधिक है। आपके बच्चे को संक्रमण का जोखिम घटाने में मदद के लिए आजीवन प्रति दिन दवा लेनी पड़ सकती है।

आपके बच्चे को स्वस्थ बने रहने के लिए विशेष देखभाल की ज़रूरत होगी।

  • सुनिश्चित करें कि आपका बच्चा सभी दवाएँ वैसे ले जैसे लिखी गई हैं।
  • सभी चिकित्सा अपॉइंटमेंट पर ज़रूर जाएँ और रक्त कोशिकाओं की संख्याओं की जाँचें करवाते रहें।
  • रोगाणुओं का प्रसार घटाने के उपाय करें।
  • आपकी देखभाल टीम जो-जो टीके सुझाए वे सारे टीके लगवाएँ।
  • अपने बच्चे को चिकित्सा अलर्ट ब्रेसलेट या नेकलेस पहनाएँ।
  • सभी स्वास्थ्य देखभाल प्रदाताओं को बताएँ कि आपके बच्चे में स्प्लीन (प्लीहा/तिल्ली) नहीं है।

अपनी देखभाल टीम से पूछे जाने वाले प्रश्न

  • मेरे बच्चे को स्प्लेनेक्टमी की ज़रूरत क्यों है?
  • स्प्लेनेक्टमी के जोखिम और लाभ क्या हैं?
  • किस प्रकार की कार्यविधि की जाएगी?
  • मेरे बच्चे को सर्जरी से पहले कब खाना-पीना रोकने की ज़रूरत होगी?
  • मेरा बच्चा स्प्लेनेक्टमी के बाद अस्पताल में कब तक रहेगा?
  • मेरा बच्चा अपनी सामान्य गतिविधियों को फिर से कब शुरू कर सकता है?
  • क्या स्प्लेनेक्टमी के बाद कोई दीर्घकालिक स्वास्थ्य चिंताएँ होती हैं?
  • मेरे बच्चे को किस अनुवर्तन देखभाल की ज़रूरत होगी?

स्प्लेनेक्टमी के बारे में मुख्य बिंदु

  • स्प्लेनेक्टमी स्प्लीन (प्लीहा/तिल्ली) को निकालने की सर्जिकल कार्यविधि है।
  • यदि आपके बच्चे के स्प्लीन को क्षति हुई है या उसे कोई चिकित्सीय स्थिति है, जैसे कोई रक्त विकार या कैंसर, तो उसे स्प्लेनेक्टमी की ज़रूरत हो सकती है।
  • स्प्लेनेक्टमी के बाद आपका बच्चा सामान्य जीवन जी सकता है।
  • सर्जरी के बाद, आपके बच्चे में गंभीर संक्रमणों का अधिक जोखिम होगा।
  • स्प्लेनेक्टमी के बाद की देखभाल के लिए अपनी देखभाल टीम से मिले निर्देशों का हमेशा पालन करें।


समीक्षित: अगस्त 2025

संबंधित सामग्री