मुख्य विषयवस्तु में जाएं

शोक के संबंध में सगे भाई-बहनों की मदद करना

जब कोई बच्चा शोक में हो तो माता-पिता क्या उम्मीद कर सकते हैं?

वयस्कों के शोक की तरह बच्चों का शोक भी एक प्रक्रिया होता है। जब बच्चे शोक मनाते हैं तो वे विभिन्न प्रकार की भावनाओं को महसूस और प्रदर्शित करते हैं। इन भावनाओं में दुख, गुस्सा, अपराधबोध या अस्वीकृति शामिल हो सकती हैं।

शोकाकुल बच्चे ये कर सकते हैं:

  • रोना/चिल्लाना
  • खराब व्यवहार करना
  • खुद को अलग-थलग कर लेना
  • नींद आने में परेशानी
  • अधिक भूख न लगना
  • शारीरिक लक्षण होना, जैसे पेट में दर्द
  • अप्रभावित दिखना
  • शोक से ब्रेक लेने के लिए खेलों का उपयोग करना

बच्चे जानकारी के प्रवाह को अक्सर “स्व-नियंत्रित” करते हैं। संभव है कि वे कोई प्रश्न पूछें, उसका उत्तर सुनें और उन्हें जो सुनने को मिला उसे प्रोसेस करने के दौरान तुरंत फिर से खेलने लग जाएँ।

ये भावनाएं और व्यवहार शोक के प्रति सामान्य प्रतिक्रियाएं हैं।

मृत्यु के बारे में बात करना

बच्चे की मृत्यु के बारे में अन्य बच्चों से बात करना माता-पिता के लिए सबसे कठिन कार्यों में से एक हो सकता है। माता-पिता को हर बच्चे की मृत्यु को और उसके स्थायित्व को समझने की योग्यता को ध्यान में रखना चाहिए। बच्चा इस जानकारी को कैसे प्रोसेस करेगा यह बात कई कारकों पर निर्भर है। उनमें शामिल हैं उम्र, विकास का चरण और जीवन के अनुभव।

ये बातचीत आसान नहीं होती है। लेकिन माता-पिता चर्चा शुरू करने के लिए कुछ चीज़ें कर सकते हैं।    

  • ईमानदारी से और सीधे-सीधे बोलें। “गुज़र गया” या “चल बसा” की बजाए आसान शब्दों, जैसे “मर गया”, का उपयोग करें। माता-पिता अक्सर अपनी बात को नर्म शब्दों में कहने की कोशिश करते हैं। लेकिन कभी-कभी इससे बच्चे और भ्रम तथा अनिश्चितता में पड़ जाते हैं।
  • मृत्यु को ऐसी अधिकतम संभव सरल भाषा में समझाएँ जिसे आपका बच्चा समझ सकता हो। कुछ बच्चों को लगता है कि मृत्यु स्थायी नहीं है। आप यह कह सकते हैं, “जब कोई मर जाता है, तो इसका यह अर्थ है कि उनका शरीर हमेशा के लिए काम करना बंद कर देता है। वह बोल, चल, खा-पी, सो या खेल नहीं सकता है…”
  • “उसे ईश्वर ने स्वर्ग में बुला लिया” या “अब वह अपनी दादी/नानी के पास चली गई है” जैसे वाक्यांशों के उपयोग से बचें।
  • एक ही विवरण को कई बार और अलग-अलग तरीकों से दोहराएँ। पूछ कर देखें कि बच्चों ने क्या समझा और उनके क्या डर हो सकते हैं। जैसे, आप कह सकते हैं कि, “तुम किस बात के बारे में सबसे अधिक सोच रहे हो?” या “मैंने अभी-अभी काफ़ी कुछ कहा। तुमने क्या सुना?”
  • शुरुआती बातचीत को केवल एक आरंभिक चरण मानें। केवल उतना विवरण दें जितना बच्चा पूछे या जितने के लिए वह तैयार दिखे। बच्चों को भरोसा दिलाएँ कि मृत्यु के बारे में बात करने में कुछ गलत नहीं है और प्रश्न पूछने में भी कुछ गलत नहीं है।
  • बच्चों को जानकारी को प्रोसेस करने के लिए स्पेस दें। जब बच्चे बात करने को तैयार हों तो उनके लिए मौजूद रहें। कुछ बच्चे यह विषय खुद ही उठाएँगे या ऐसे छोटे-छोटे संकेत देंगे कि वे बात करना चाहते हैं। अन्य बच्चे कई कोशिशों के बाद अपने मन की बातों और भावनाओं को साझा करने को तैयार हो पाते हैं।  
  • भावनाओं के बारे में बात करें। किसी विषय को उठाने के मामले में बच्चे अक्सर माता-पिता की पहल का अनुसरण करते हैं। यदि माता-पिता अपनी भावनाएँ साझा करते हैं, तो इस बात की संभावना अधिक है कि बच्चे भी अपने खुद के विचारों और भावनाओं के बारे में बात करेंगे।
एक तितली एक फूल पर बैठी है

स्वजन को खोने के बारे में बच्चों से बात करना माता-पिता के लिए अक्सर कठिन होता है।

बच्चों को यह जानने में मदद दें कि क्या उम्मीद करनी है

क्या उम्मीद करनी है यह जानने से बच्चों को सुरक्षा का एहसास होता है। कई बच्चों के लिए, सगे भाई या सगी बहन की मृत्यु वह पहला मौका होती है जब वे किसी को सच में खो देने और शोक का अनुभव करते हैं।

बच्चों को खुद की नई भावनाओं से निपटने के साथ-साथ माता-पिता की प्रतिक्रियाओं का भी सामना करना पड़ता है। इससे कभी-कभी बच्चे अनिश्चय या भय से ग्रस्त हो जाते हैं। बच्चे उन व्यावहारिक चिंताओं को भी नहीं समझते जिनसे परिवारों को मृत्यु के बाद निपटना पड़ता है।

बच्चों के लिए यह समझ होना महत्वपूर्ण है कि आगे क्या होगा। इससे उनके प्रश्न और चिंताओं में कमी आ सकती है।   

  • बच्चों को उनकी भावनाएँ प्रोसेस करने में मदद दें और दूसरों की भावनाओं पर कैसे प्रतिक्रिया देनी है इस बारे में बात करें। रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा दें, तब भी जब भावनाओं को साझा करना कठिन हो। जैसे, “मैं देख रहा हूँ कि तुम कितने आहत और गुस्सा हो। जब ऐसा महसूस हो तो किसी तकिये को मुक्का मारने में कुछ गलत नहीं है, लेकिन अपने दोस्तों को मुक्का मारना गलत है।”
  • उन्हें बताएँ कि उनकी भावनाएँ सामान्य हैं और हर कोई अलग-अलग ढंग से शोक मनाता है।
  • जितना संभव हो, बच्चों को पहले से बताएँ कि आगे क्या होगा। उन्हें भरोसा दिलाएँ कि उनका खयाल रखा जाएगा।
  • क्या करना है इस मामले में बच्चों को विकल्प दें। उन्हें दिनचर्या और परिचित गतिविधियों पर लौटने में मदद दें। 
  • भय और अनिश्चितता के बारे में बात करें, लेकिन परिवार की दिनचर्या और परंपराओं से वापस जुड़ने के तरीके भी ढूँढें।

आम प्रश्न और भावनाएँ

भाई या बहन की मृत्यु के बाद, बच्चों की ऐसी चिंताएँ हो सकती हैं जिनके कोई आसान उत्तर नहीं होते। माता-पिता अपने बच्चों के प्रश्नों के लिए पहले से तैयारी करने की कोशिश कर सकते हैं।

अपराधबोध का एहसास

सगे भाई या सगी बहन की मृत्यु होने पर बच्चे अक्सर अपराधबोध महसूस करते हैं। बच्चों को यह बताना महत्वपूर्ण है कि उनका कोई दोष नहीं है। जो कुछ हुआ उसके लिए उन्हें दोषी महसूस नहीं करना चाहिए। इस पर बात करने के कुछ तरीके इस प्रकार हैं: 

  • “जो कुछ हुआ है वह तुम्हारे या किसी और के द्वारा की गई, सोची गई या कही गई किसी भी चीज़ के कारण नहीं हुआ है।”
  • “तुमसे जो कहा गया उसे तुमने बहुत अच्छे से किया, जबकि वह कठिन था।”
  • “इसमें किसी का दोष नहीं है।”

यह सोचना कि उनके भाई या उनकी बहन की मृत्यु क्यों हुई 

अधिकांश मामलों में, कैंसर का कारण अज्ञात होता है। लेकिन इससे माता-पिता का यह पूछना नहीं रुक जाता है कि ऐसा क्यों हुआ। बच्चों पर भी यही बात लागू होती है। कुछ उत्तर इस प्रकार हैं:

  • “हमें पक्के तौर पर नहीं पता। तुम्हें क्या लगता है?” इससे माता-पिता को यह जानने में मदद मिल सकती है कि बच्चे क्या सोच रहे हैं और वे पहले से क्या-कुछ जानते हैं।
  • “लगता है कि जो कुछ हुआ तुम उसके बारे में बात करना चाहते हो। ऐसा ही है न?” रुचि दिखाने से बच्चों को भावनाएँ ज़ाहिर करने में सहजता महसूस होती है।
  • “कभी-कभी जब किसी का शरीर अस्वस्थ होता है, तो हम चाहे कितनी भी कोशिश क्यों न कर लें, वह ठीक नहीं हो पाता है। क्या तुम इसी चीज़ के बारे में सोच रहे हो?” यह उत्तर बच्चों को और प्रश्न पूछने का एक अवसर देता है।

यह पूछना कि मृत्यु के बाद क्या होता है 

यदि परिवार मृत्यु के बाद के जीवन में विश्वास रखते हैं, तो माता-पिता इस बारे में बात कर सकते हैं कि वह नई जगह कैसी होगी। कुछ बच्चों को यह चर्चा करने से दिलासा मिलता है कि वहाँ और कौन-कौन होगा और वे क्या कर रहे होंगे।

जो परिवार मृत्यु के बाद के जीवन में विश्वास नहीं रखते वे कुछ ऐसा साझा कर सकते हैं, “जब हमारे शरीर काम करना बंद कर देते हैं तो वे धरती में वापस मिल जाते हैं और उस दुनिया का हिस्सा बन जाते हैं जो हम पौधों और पशुओं के साथ साझा करते हैं।”

बच्चों के विचार में किसी की मृत्यु के बाद क्या होता है यह जानने से माता-पिता को भी दिलासा मिल सकता है। यह चर्चा गलतफ़हमियों को साफ़ करने का अवसर भी हो सकती है। परिवार की मान्यताओं और आस्थाओं से मेल खाने वाली कहानियों की किताबें भी माता-पिता को बच्चों से मृत्यु के बारे में बात करने में मदद दे सकती हैं। माता-पिता कुछ ऐसा कह सकते हैं: 

  • “हमारे बीच जो प्यार है वह कभी खत्म नहीं होगा। वह हमारे साथ रहेगा और हमेशा हमारी ज़िंदगियों का हिस्सा रहेगा।”
  • “हमारी हर एक याद में जो हमने साथ बिताई, मोहब्बत बसी है, और वह हमेशा यहीं हमारे साथ रहेगी।”

बच्चे से दोबारा मिलना 

सगे भाई या बहन का यह पूछना सामान्य है कि, “क्या मैं मेरे भाई या मेरी बहन से दोबारा मिल पाऊँगा/गी?” आध्यात्मिक विश्वासों के आधार पर, माता-पिता कुछ ऐसे उत्तर दे सकते हैं:

  • “तुम अपने भाई से दोबारा नहीं मिल पाओगे क्योंकि अब वह इस धरती पर हमारे साथ नहीं है।”
  • “तुम उसे देख या छू तो नहीं सकते, लेकिन तुम उसे तुम्हारे दिल और मन में याद कर सकते हो।”

अपने भाई या बहन को याद करना

यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि बच्चे जानते हों कि उनका भाई या उनकी बहन हमेशा उनके परिवार का हिस्सा रहेगा/गी और उसे कभी भुलाया नहीं जाएगा। बच्चे कुछ खास कहानियाँ या यादें सुनना चाह सकते हैं। डिनर, छुट्टियों, जन्मदिनों या पसंदीदा गतिविधियों के बारे में बताने से सगे भाई-बहनों को यह भरोसा मिल सकता है कि वे आगे भी उनके भाई या बहन से जुड़े रहेंगे।

उनके सगे भाई या बहन को याद करने के लिए परिवार खास मौकों पर क्या कर सकता है इस बारे में बच्चों को उनके आइडिया बताने को प्रेरित करें। आप कुछ ऐसा कह सकते हैं:

  • “अगले साल तुम्हारी बहन के जन्मदिन पर, चलो एक गुब्बारा लेते हैं, किसी खास जगह पर जाते हैं और उसे हवा में ऊँचा उड़ाकर उसके बारे में सोचते हैं।”
  • “चलो ऐसा करते हैं कि हर महीने के पहले दिन कुछ ऐसा खाएँगे जो तुम्हारे भाई को पसंद था।”
  • “उसे याद करने के लिए तुम क्या खास चीज़ करना चाहोगे?”

ज़िंदगी में आगे बढ़ना 

शोकाकुल बच्चे अक्सर पूछते हैं, “अब हम क्या करेंगे?” यह स्वीकारने से मदद मिल सकती है कि आगे बढ़ जाना कठिन होता है। बच्चों को भरोसा दिलाएँ कि परिवार एकजुट रहेगा। आप यह कहकर एक-दूसरे का सहारा बन सकते हैं: “यह सोचना कठिन है कि सब साथ नहीं हैं। हम तुम्हारी बहन को याद करने और उसे हमारे परिवार में शामिल करने के तरीके ढूँढ लेंगे। वह हमेशा तुम्हारी बहन रहेगी।”

भावनाओं के बारे में ईमानदार रहें

जब माता-पिता भावनाएँ ज़ाहिर करते हैं, तो इससे बच्चों को यह समझने में मदद मिल सकती है कि वे अकेले नहीं हैं और यह कि उनकी भावनाएँ सामान्य हैं। बच्चों को उनकी अनगढ़ भावनाएँ ज़ाहिर करने देना महत्वपूर्ण है।

संभव है कि आप आपके बच्चों को यह बताना चाहें कि आपकी भी वही भावनाएँ हैं और यह कि ऐसी भावनाएँ होना सामान्य है। इस पर चर्चा करने के कुछ संभावित तरीके: 

  • “मॉम को इस बात का दुख है कि दवा कैंसर को बढ़ने से रोक नहीं पाई।” 
  • “कभी-कभी मुझे दुख महसूस होता है और रोने से मुझे मेरी भावनाओं को बाहर निकालने में मदद मिलती है।”
  • “डैडी की अभी तबीयत ठीक नहीं लग रही है। तुम्हें कैसा लग रहा है?” 

कभी-कभी, माता-पिता को पता नहीं होता कि वे क्या कहें। माता-पिता जब तक खुद को बेहतर ढंग से तैयार महसूस न करें, तब तक के लिए उत्तर को टालने में कुछ गलत नहीं है। सबसे महत्वपूर्ण चीज़ बच्चों को यह बताना है कि प्रश्न पूछने में कुछ गलत नहीं है।

यदि बच्चे जान लें कि माता-पिता को भी उत्तर देने में मुश्किल हो रही है, तो वे भी अपनी खुद की मुश्किलों के बारे में अधिक ईमानदारी बरत सकेंगे। एक साधारण उत्तर यह हो सकता है कि, “यह एक कठिन प्रश्न है। मैं भी इसके बारे में सोचता रहा हूँ।”

बच्चों को शोक मनाने और याद करने में मदद देने के प्रोजेक्ट

शोकाकुल बच्चों की मदद करने का एक तरीका यह है कि उनके भाई या बहन को सम्मानित करने और याद करने के लिए उनके साथ कुछ किया जाए। बच्चे क्या करना चाहते हैं इस बारे में उनके पास कुछ आइडिया हो सकते हैं। वे आइडिया दिलासे का एक अच्छा स्रोत हो सकते हैं।

बच्चों को शोक मनाने और याद करने में मदद देने के लिए कुछ प्रोजेक्ट आइडिया इस प्रकार हैं:

  • कोटेशन, यादगार कहानियों या तस्वीरों की एक बुक बनाएँ।
  • बच्चे के जीवन या साथ गुज़री यादों के बारे में एक बुक बनाएँ।
  • कोई कविता या गीत लिखें।
  • बच्चे के बारे में एक ब्लॉग या जरनल बनाएँ।
  • खास लोगों को दिए जा सकने वाले (या अंतिम संस्कार से पहले मृतक के साथ रखे जा सकने वाले) पत्र या भाषण में अलविदा कहें।
  • बच्चे की याद में कोई पेड़ या फूल रोपें।
  • किसी गुब्बारे के बाहर संदेश लिखें या गुब्बारे के अंदर संदेश रखें और गुब्बारा आकाश में मुक्त कर दें।
  • ऐसी कोई खास चीज़ ढूँढें जिसका बच्चा खयाल रख सकता हो और अपने करीब रख सकता हो।

शोक के संबंध में सगे भाई-बहनों की मदद करने के बारे में मुख्य बिंदु

  • बच्चों और वयस्कों, दोनों के लिए शोक मनाना एक प्रक्रिया होता है।
  • जब बच्चे शोक महसूस करते हैं तो वे विभिन्न प्रकार की भावनाओं को महसूस और प्रदर्शित करते हैं।
  • माता-पिता को मृत्यु के बारे में अपने बच्चों से किसी ऐसे तरीके से ईमानदारी से बात करनी चाहिए जो उनकी उम्र और विकास के स्तर के लिए सही हो।
  • बच्चों के भाई या बहन को सम्मानित और याद करने के लिए किसी स्मृति प्रोजेक्ट को पूरा करना बच्चों की सहायता करने और उन्हें दिलासा देने का एक तरीका है।


समीक्षित: सितंबर 2023

संबंधित सामग्री