मुख्य विषयवस्तु में जाएं

भ्रमावस्था (डेलिरियम)

डिलीरियम (प्रलाप) क्या है?

डिलीरियम (प्रलाप) का अर्थ रोगी के सोचने, महसूस करने, या व्यवहार करने के तरीके में ऐसे अचानक बदलाव से है जो किसी चिकित्सीय स्थिति या उपचार के कारण होता है। डिलीरियम के कारण आपका बच्चा भ्रमित, व्याकुल, या उनींदा हो सकता है। उसे यह समझने में कठिनाई हो सकती है कि उसके आस-पास क्या हो रहा है या उसे ऐसी चीज़ें दिखाई या सुनाई दे सकती हैं जो असल में हैं ही नहीं।

अनुपचारित डिलीरियम आप और आपके बच्चे के लिए और भी अधिक कष्ट और भ्रम का कारण बन सकता है। यह आपके बच्चे को चोट लगने या उसकी मृत्यु होने का जोखिम बढ़ा सकता है। डिलीरियम उपचार में बाधा डाल सकता है या आपके बच्चे का अस्पताल में ठहराव लंबा कर सकता है।

डिलीरियम के उपचार में शामिल हैं डिलीरियम के कारणों का समाधान करना, दवाएँ देना, या रोगी के परिवेश का नियंत्रण करना।

माता-पिता बच्चे का हाथ थामे हुए हैं

डिलीरियम (प्रलाप) मानसिक अवस्था या व्यवहार में ऐसा अचानक बदलाव है जिसमें रोगी भ्रमित, भटका हुआ, बेचैन, या असामान्य रूप से उनींदा दिखता है। माता-पिता अपने बच्चे को आरामदायक और सुपरिचित परिवेश प्रदान करके उसकी मदद कर सकते हैं।

डिलीरियम (प्रलाप) के संकेत

यदि आपको आपके बच्चे के विचारों, भावनाओं, व्यक्तित्व, या व्यवहार में कोई असामान्य बदलाव दिखे तो देखभाल टीम के किसी सदस्य को बताएँ। यदि आपके बच्चे को डिलीरियम है, तो संभव है कि वह:

  • भ्रमित व्यवहार करे, जैसे यह पता न होना कि वह कहाँ है या आप कौन हैं
  • ऐसी बातें बोले जिनका कोई अर्थ न निकले
  • ऐसी चीज़ें देखे या सुने जो वहाँ हैं ही नहीं; उसे विभ्रम हों
  • परेशान, व्याकुल, या गुस्सा हो, विशेष रूप से तब यदि उसे शांत करने के आपके आम तरीके काम न कर रहे हों
  • बहुत अधिक या बहुत कम सोए, या दिन में बहुत अधिक सोए और रात में जागता रहे
  • सामान्य से अलग व्यवहार करे, जैसे डरा हुआ, उदास, चिड़चिड़ा, बेचैन, चौकन्ना, शंकालु, या बेपरवाह
  • दवाएँ लेने से मना करे, IV लाइनें खींचे, या सहयोग न करे या निर्देश न माने

डिलीरियम (प्रलाप) के कारण

अस्वस्थ या अस्पताल में भर्ती बच्चों में डिलीरियम (प्रलाप) होने के कुछ संभावित कारण इस प्रकार हैं:

  • कोई संक्रमण या बुखार
  • दवाएँ, जैसे कीमोथेरेपी की कुछ दवाएँ, स्टेरॉइड, दर्द की दवाएँ, और सिडेशन की दवाएँ (वे जो उसे उनींदा बनाती हैं)
  • गहन देखभाल इकाई यानी ICU में भर्ती होना
  • श्वसन समस्याएँ, इसमें श्वसन ट्यूब लगाई जाना शामिल है
  • शरीर के रासायनिक संतुलन में समस्याएँ। आप चिकित्सक या नर्स को इसे “इलेक्ट्रोलाइट” या “इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस” कहते सुन सकते हैं।
  • नींद की समस्याएँ
  • परिवेश में बदलाव

“नींद की स्वस्थ दिनचर्या बनाकर रखना डिलीरियम की रोकथाम का एक महत्वपूर्ण तरीका है।”

मनोसामाजिक सेवा प्रमुख, St. Jude Children's Research Hospital

डिलीरियम (प्रलाप) का उपचार

आपकी देखभाल टीम आपके बच्चे के व्यवहार पर करीबी नज़र रखेगी। इसमें यह जाँचना शामिल है कि क्या आपका बच्चा भ्रमित या बेचैन है या क्या उसमें डिलीरियम के अन्य संकेत हैं।

डिलीरियम तेज़ी से आ-जा सकता है। कभी-कभी, यह कई दिनों या सप्ताह तक रहता है। डिलीरियम के उपचार में अक्सर मुख्य कारण ढूँढना और उनका उपचार करना शामिल होता है। देखभाल टीम आपके बच्चे की मदद के लिए कुछ चीज़ें कर सकती है, जिसमें ज़रूरी होने पर दवाएँ देना और उसका परिवेश बदलना शामिल हैं। आपके बच्चे का चिकित्सक मानसिक स्वास्थ्य देखभाल या साइकाइट्री टीम को आपके बच्चे के डिलीरियम के उपचार में मदद को कह सकता है।

डिलीरियम (प्रलाप) के लिए मानसिक स्वास्थ्य सेवाएँ

मानसिक स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता डिलीरियम के कारण ढूँढने में और उसे रोकने या बढ़ने से रोकने में मदद करने में प्रशिक्षित होते हैं। जैसे, साइकाइट्रिस्ट डिलीरियम के लक्षणों के उपचार की दवा लिख सकता है। वह आपके बच्चे की नियमित दवाओं की जाँच भी कर सकता है, यह पता लगाने के लिए क्या उनमें से कोई डिलीरियम का कारण है।

डिलीरियम का यह अर्थ नहीं है कि आपका बच्चा मानसिक रूप से अस्वस्थ है। इसका यह अर्थ है कि उनकी शारीरिक अस्वस्थता उनकी सोच, व्यवहार, या भावनाओं को प्रभावित कर रही है।

ICU या PICU में डिलीरियम (प्रलाप)

बाल गहन देखभाल इकाई (पीडियाट्रिक इन्टेन्सिव केयर यूनिट, PICU) में भर्ती 10 में से 7 रोगियों तक की सोच और सतर्कता में अचानक बदलाव देखने को मिलता है। अस्पताल में डिलीरियम कई चीज़ों के कारण हो सकता है, जैसे बहुत अस्वस्थ होना, नींद की कमी, और कुछ दवाएँ।

रोगी डिलीरियम के अधिक जोखिम में होते हैं यदि:

  • उनका रोग बढ़ चुका है
  • उन्हें सिडेशन की दवाएँ (उन्हें उनींदा बनाने वाली दवाएँ) दी जाती हैं
  • उन्हें देखने, सुनने, या संचार करने में दिक्कत होती है
  • उन्हें श्वसन मशीन (वेंटिलेटर) की ज़रूरत है
  • उन्हें मूत्राशय कैथेटर की ज़रूरत है
  • उनका चलना-फिरना/हिलना-डुलना सीमित है या वे बिस्तर से उठ नहीं सकते हैं

PICU नर्सें डिलीरियम के लिए आपके बच्चे की नियमित जाँच करेंगी। यदि आपका बच्चा भ्रमित या व्याकुल दिखे तो कृपया अपनी देखभाल टीम को बताएँ।

डिलीरियम (प्रलाप) की रोकथाम या प्रबंधन कैसे करें

अपने बच्चे की मदद के लिए ये रणनीतियाँ आज़माएँ। आप इन्हें “CARES FOR” शब्दों की मदद से याद रख सकते हैं।

संचार

साफ़-साफ़ और धीमी गति से बोलें। आसान शब्दों या वाक्यांशों का उपयोग करें। ज़रूरत के अनुसार दोहराएँ।

गतिविधि

सामान्य गतिविधियाँ बनाए रखने की कोशिश करें, और यदि संभव हो तो अपने बच्चे को चीज़ें खुद करने के लिए प्रेरित करें। उसे बिस्तर में रखने के लिए शारीरिक अंकुशों, जैसे “सीट बेल्ट”, का उपयोग करने से बचें।

री-ओरिएंट करें

अपने बच्चे को याद दिलाएँ कि वह कहाँ है, आप कौन हैं, आज कौनसा दिन है और कितने बजे हैं। “री-ओरिएंट” का अर्थ उसे याद दिलाने से है, भले ही आपको लगे कि उसे पता होगा। बड़े बच्चों के लिए, एक घड़ी या कैलेंडर वहाँ रखें जहाँ वे उसे देख सकते हों।

पर्यावरण

अपने बच्चे को उसका ध्यान केंद्रित रखने में मदद देने के लिए, उसके आस-पास एक साथ बहुत सारी चीज़ें न होने दें। सुनिश्चित करें कि आपके बच्चे के कमरे में दिन में प्रकाश और रात में अंधेरा हो। जब आपका बच्चा शांत हो या आराम कर रहा हो तो कमरे को शांत रखने की कोशिश करें। जब आपका बच्चा न देख रहा हो तब TV ऑन रखने से बचें। यदि आपका बच्चा चश्मा या सुनने की मशीन लगाता है तो सुनिश्चित करें कि उसने उसे लगाया हुआ हो।

नींद

दिन और रात की नियमित दिनचर्या बनाए रखने की कोशिश करें। यदि संभव हो तो अपने बच्चे को दिन के अधिकांश भाग में जगाए रखने में मदद दें। दवाओं या कार्यविधियों के कारण संभव है कि आपका बच्चा दिन के दौरान सारे समय जागा न रह पाए। लेकिन दिन में कम सोने से आपके बच्चे को रात में अधिक सोने में मदद मिलती है।

  • दिन में, अपने बच्चे को जागे रहने में मदद दें:
    • ब्लाइंड्स/पर्दे पूरे खुले रखें ताकि धूप भीतर आए।
    • अपने बच्चे को गतिविधियों में भाग लेने और अधिक से अधिक चलने-फिरने के लिए प्रेरित करें।
    • यदि अनुमति हो तो दोस्तों और परिवार के लोगों को बच्चे से मिलने के लिए बुलाएँ।
  • रात में, अपने बच्चे को सोने में मदद दें:
    • अपने बच्चे के सोने जाने की नियमित दिनचर्या को कॉपी करने की कोशिश करें।
    • TV बंद कर दें।
    • शांत रहें और लाइट मंद कर दें।

फ़ैमिलियर (परिचित) चीज़ें

अपने बच्चे को उसकी परिचित चीज़ें दें, जैसे उसे आराम देने वाली उसकी कोई पसंदीदा चीज़ या खिलौना। ऐसा राहतदायी म्यूज़िक चलाएँ जिसे वह जानता हो। घर से तस्वीरें या वस्तुएँ अपने बच्चे के कमरे में ले आएँ। ऐसे लोगों को मिलने न बुलाएँ/मिलने न दें जिन्हें आपका बच्चा अच्छे से नहीं जानता है। अपनी देखभाल टीम से पूछें कि क्या ऐसा संभव है कि आपके बच्चे की देखभाल करने वाले स्टाफ़ सदस्य अधिकतम संभव बदले न जाएँ।

आउट ऑफ़ बेड (बिस्तर से बाहर)

हिलने-डुलने और सचलता को बढ़ावा दें। अपने बच्चे को बिस्तर पर बैठने, बिस्तर से बाहर निकलने, और अधिक से अधिक चलने-फिरने में मदद दें। सावधान रहें कि डिलीरियम से आपके बच्चे के गिरने का जोखिम बढ़ सकता है। ICU में शीघ्र सचलता के बारे में और पढ़ें।

रीअश्योर (भरोसा दिलाएँ)

अपने बच्चे को भरोसा और दिलासा दें। अपने बच्चे से शांत और सुखदायक ढंग से बात करें। उसे बताएँ कि वह ठीक हो जाएगा और यह कि वह सुरक्षित है। उसे बताएँ कि आप या कोई अन्य प्रियजन उसके साथ रहेंगे।

अधिक जानकारी प्राप्त करें

यदि आपको विश्वास है कि आपके बच्चे को डिलीरियम हो सकता है या आपके बच्चे के व्यवहार में कोई असामान्य बदलाव है, तो जल्द-से-जल्द अपने चिकित्सक या नर्स को बताएँ।

यदि आपके पास डिलीरियम के बारे में प्रश्न हों, तो कृपया अपनी देखभाल टीम से बात करें।

डिलीरियम और गहन देखभाल के बारे में और जानकारी के लिए इन वेबसाइट पर जाएँ:

डिलीरियम (प्रलाप) के बारे में मुख्य बिंदु

  • डिलीरियम (प्रलाप) का अर्थ रोगी के विचारों, भावनाओं, व्यक्तित्व, या व्यवहार में असामान्य बदलाव से है।
  • बाल गहन देखभाल इकाई (पीडियाट्रिक इन्टेन्सिव केयर यूनिट, PICU) में भर्ती रोगियों में डिलीरियम आम है।
  • डिलीरियम के उपचार में डिलीरियम के अंतर्निहित कारणों का उपचार करना, या परिवेशी बदलाव और सहायता शामिल हो सकते हैं।
  • आपके बच्चे को किसी साइकाइट्रिस्ट या अन्य मानसिक स्वास्थ्य प्रदाता की मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं से लाभ मिल सकता है।
  • यदि आपका बच्चा भ्रमित या व्याकुल दिखे, या उसमें डिलीरियम के अन्य संकेत या लक्षण हों तो तुरंत अपनी देखभाल टीम को बताएँ।


समीक्षित: सितंबर 2022

संबंधित सामग्री