मुख्य विषयवस्तु में जाएं

दवाओं के साथ यात्रा

यात्रा के दौरान दवाओं का प्रबंधन एक चुनौती हो सकता है, लेकिन एक योजना बनाकर रखने से मदद मिल सकती है।

यात्रा के लिए तैयारी

यात्रा पर निकलने से पहले, ये कदम उठाकर सुनिश्चित करें कि आप तैयार हों।  

  • एक दवा सूची बनाएँ: सभी दवाएँ व उनकी डोज़ लिख लें और यह लिख लें कि आपका बच्चा उन्हें कैसे व कब लेता है।  
  • अपने स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता और फार्मासिस्ट से बात करें: पूछें कि यात्रा आपकी दवाओं को कैसे प्रभावित कर सकती है, विशेष रूप से तब यदि आप समय ज़ोन पार करेंगे। पूछें कि क्या आपकी दवाओं को विशेष भंडारण, जैसे फ़्रिज में रखने या प्रकाश से बचाने, की ज़रूरत है। 
  • आपातस्थितियों के लिए योजना बनाएँ: अपने गंतव्य स्थान पर चिकित्सा क्लिनिकों और फार्मेसी के स्थानों की जानकारी रखें ताकि मदद की ज़रूरत पड़ने पर काम आए। 
  • चिकित्सक का नोट प्राप्त करें: अपने स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता से मिला एक पत्र साथ रखें जिसमें आपके बच्चे की चिकित्सीय स्थिति और दवाओं का वर्णन हो। इससे एयरपोर्ट सिक्यॉरिटी या कस्टम्स में मदद मिल सकती है। 

दवाएँ सुरक्षित ढंग से पैक करना

दवाओं को ठीक से पैक करना देरियों से बचने, उनकी गुणवत्ता की सुरक्षा करने और वे उपयोग के लिए सुरक्षित हों यह सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण है। 

  • मूल कंटेनरों का उपयोग करें: दवाओं को फार्मेसी से मिले उनके लेबल लगे कंटेनरों में रखें। यदि आप ऐसा न कर सकते हों तो, अपनी दवा सूची की एक प्रति, या आपके स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता द्वारा दिया गया प्रिस्क्रिप्शन अथवा नोट साथ रखें। यदि प्रिस्क्रिप्शन लेबल आवश्यकताओं के बारे में आपके कोई प्रश्न हों तो अपने गंतव्य की किसी स्थानीय फार्मेसी से संपर्क करें। 
  • अतिरिक्त सामान पैक करें: अपने अनुमान से अधिक दवा साथ लेकर चलें ताकि देरियाँ होने पर काम आएँ। सुनिश्चित करें कि आपके पास वे सभी ज़रूरी सामान हों जो आपको दवा देने के लिए चाहिए।  
  • दवाओं और मेडिकल सामान के लिए एक अलग व चिह्नित बैग का उपयोग करें: दवाओं को एक निश्चित बैग में रखें ताकि वे आसान पहुँच में हों और आपके साथ रहें। यदि आप हवाई यात्रा कर रहे हैं, तो कैरी-ऑन बैग का उपयोग करें। चेक-इन किया गया लगेज गर्म या ठंडा हो सकता है या खो सकता है। 
  • फ़्रिज में रखी जाने वाली दवाओं को पैक करें: यदि किसी दवा को ठंडा रखे जाने की ज़रूरत है, तो इंसुलेटेड लंच बॉक्स या आइस पैक के साथ कूलर का उपयोग करें ताकि दवाओं को उचित तापमान पर रखा जा सके। 

दवाओं के साथ हवाई यात्रा

दवाओं के साथ हवाई यात्रा के लिए अतिरिक्त योजना बनाने की ज़रूरत होती है, लेकिन आपको विमान पर दवाएँ और ज़रूरी सामान लाने में समर्थ होना चाहिए। लंबी हवाई यात्राओं के दौरान, समय ज़ोन के प्रति सजग रहें। आपको आपके बच्चे की दवाओं की समय-सारणी में फेर-बदल करने पड़ सकते हैं। साथ ही, यदि दवाएँ भोजन के साथ ली जानी हैं तो भोजन की भी योजना बनाएँ।

चिकित्सीय ज़रूरतों वाले यात्रियों के लिए वायु यात्रा जाँचसूची:

  • सभी दवाएँ और ज़रूरी सामान एक ऐसे कैरी-ऑन बैग में रखें जो आपके साथ रहे।
  • आप जिन स्थानों पर जाएँगे वहाँ के दवा संबंधी दिशानिर्देशों और कानूनों को जानें।
  • लिखित दस्तावेज़ और प्रिस्क्रिप्शन की जानकारी साथ रखें।
  • हर दवा ठीक से पैक और स्टोर करें।
  • एयरपोर्ट सिक्यॉरिटी के लिए योजना बनाएँ।
  • समय से पहले पहुँचें।
  • एयरलाइन कर्मियों और सिक्यॉरिटी एजेंट को अपने बच्चे की स्वास्थ्य ज़रूरतों, चिकित्सा डिवाइसों और दवाओं के बारे में बताएँ।
  • एक कैरी-ऑन बैग में अतिरिक्त दवाएँ रखें ताकि यदि लगेज खो जाए तो वे काम आएँ।

यात्रा के दौरान दवाओं का प्रबंधन

घर से दूर होने पर, संभव है कि आप अपनी सामान्य दिनचर्या का पालन नहीं करेंगे। दवाओं को उनकी समय-सारणी के अनुसार लेते रहने के लिए आप ये कुछ चीज़ें कर सकते हैं:

  • अलार्म और रिमाइंडर का उपयोग करें: दवा कब देनी है यह याद दिलाने के लिए फोन अलार्म लगाएँ या अन्य रिमाइंडर का उपयोग करें।
  • अतिरिक्त समय की योजना बनाएँ: घर से दूर होने पर चिकित्सीय देखभाल, जिसमें दवा देना शामिल है, में अधिक समय लग सकता है। जाँचें कि आप सभी चरणों का पालन करें और यह कि आप सही डोज़ लें।
  • रेफ़्रिजरेटर की एक्सेस के बारे में अपने होटल से पूछें: किसी होटल में ठहरते समय, पहले से कॉल करके पुष्टि कर लें कि जिन दवाओं को फ़्रिज में रखना ज़रूरी है उन्हें रखने के लिए कमरे में मिनी फ़्रिज उपलब्ध होगा। आप होटल वाले फ़्रिज का तापमान जाँचने के लिए किसी पोर्टेबल थर्मोमीटर का उपयोग कर सकते हैं।
  • दवाएँ खोने, चोरी होने, या क्षतिग्रस्त होने के लिए योजना बनाएँ:
    • प्रिस्क्रिप्शन लेबलों का एक फोटो अपने फोन में रखें।
    • याद रखें कि संभव है कि बीमा समय से पहले किए गए रिफ़िल को कवर न करे, और कुछ स्थानों में दवा रिफ़िल के लिए क्लिनिक में चिकित्सक से मुलाकात आवश्यक हो सकती है। 

सफर के दौरान दवाइयों का सुरक्षित भंडारण तथा निपटान  

चरम तापमानों से बचाने और बच्चों की सुरक्षा के लिए दवाओं को किसी सुरक्षित स्थान में रखा जाना चाहिए। 

तापमान के बदलावों के प्रति सजग रहें

  • दवाओं को कार के ग्लव कंपार्टमेंट या ट्रंक में न रखें।
  • दवाओं को धूप के संपर्क से बचाएँ।
  • हवाई यात्रा के दौरान दवाओं को तापमान के बदलावों से बचाने के लिए किसी कैरी-ऑन बैग में रखें।

दवाओं को बच्चों की पहुंच से बाहर रखना सुनिश्चित करें

  • दवाओं वाले लगेज को लावारिस न छोड़ें। 
  • हर डोज़ के बाद दवा को वापस उसके स्थान पर रख दें। 
  • दवाओं को किसी ऊँचे शेल्फ़ पर, किसी कैबिनेट में, या यदि उपलब्ध हो तो किसी होटल सेफ़ में रखें।

दवाइयों और आपूर्तियों का सुरक्षित रूप से निपटान करें

  • नीडल और सिरिंज के लिए शार्प्स कंटेनर (नुकीली वस्तुएँ रखने के डिब्बे) का उपयोग करें। यात्रा-अनुकूल छोटे मॉडल उपलब्ध हैं।
  • यदि आप कीमोथेरेपी हैंडल करेंगे, तो सुनिश्चित करें कि आपके पास सभी ज़रूरी सामान हों, जैसे दस्ताने, टेबल कवरिंग, और सैनिटाइज़िंग वाइप्स। जो भी कचरा हो उसका निपटान किसी सीलबंद प्लास्टिक बैग में करें।

दवाओं के साथ यात्रा करने से संबंधित आइडिया और सहायता के लिए अपने फार्मासिस्ट से या अन्य रोगी परिवारों से बात करें। यदि आपके पास आपके बच्चे की दवाओं के बारे में कोई प्रश्न हों तो हमेशा अपनी देखभाल टीम से पूछें।

दवाओं के साथ यात्रा के बारे में मुख्य बिंदु

  • दवाओं को लेबल युक्त मूल कंटेनरों में रखें। 
  • सभी दवाएँ, डोज़, और शेड्यूल (समय-सारणियाँ) लिख लें। शेड्यूल पर बने रहने के लिए अलार्म और रिमाइंडर का उपयोग करें।
  • खोने, तापमान के बदलावों, या नुकसान से बचने के लिए दवाओं और मेडिकल सामान को किसी कैरी-ऑन बैग में पैक करें।
  • आपातस्थितियों के लिए अतिरिक्त सामान और चिकित्सक का नोट साथ लेकर चलें।
  • चिकित्सीय वस्तुओं पर लागू TSA दिशानिर्देशों और अंतरराष्ट्रीय यात्रा दिशानिर्देशों का पालन करें।
  • दवाओं के सुरक्षित भंडारण और निपटान के लिए पहले से योजना बनाएं।  

अधिक जानकारी प्राप्त करें


टुगेदर by St. Jude™ऑनलाइन संसााधन इस लेख में उल्लिखित किसी भी ब्रांडेड उत्पाद या संगठन का समर्थन नहीं करता है।


समीक्षित: जनवरी 2026

संबंधित सामग्री