मुख्य विषयवस्तु में जाएं

रक्तस्राव विकार से ग्रस्त बच्चे में मामूली रक्तस्राव का उपचार करना

रक्तस्राव विकार क्या है?

रक्तस्राव विकार एक ऐसी चिकित्सीय स्थिति है जिसमें रक्त ठीक से थक्का नहीं जमाता है। सामान्यतः, प्लेटलेट नामक रक्त कोशिकाएँ और क्लॉटिंग फ़ैक्टर नामक प्रोटीन रक्तस्राव रोकने के लिए थक्का बनाने में रक्त की मदद करते हैं। यदि आपके बच्चे को कोई रक्तस्राव विकार है, तो रक्तस्राव अधिक हो सकता है या लंबे समय तक चल सकता है।

जब आपके बच्चे को कोई रक्तस्राव हो तो तुरंत कदम उठाना महत्वपूर्ण है। रक्तस्राव की घटनाएँ आम तौर पर मामूली होती हैं। मामूली रक्तस्राव किसी चोट के कारण हो सकते हैं और कट, घाव या नील पड़ने का कारण बन सकते हैं। रक्तस्राव बिना किसी चोट के भी शुरू हो सकता है, जैसे नकसीर (नाक से रक्तस्राव)। आप इन घटनाओं का उपचार आम तौर पर घर पर कर सकते हैं।

यदि रक्तस्राव गंभीर है या रुक नहीं रहा है, तो तुरंत चिकित्सा देखभाल प्राप्त करें।

मामूली कट या घाव का उपचार कैसे करें

यदि आपके बच्चे को ऐसा कोई मामूली रक्तस्राव है या चोट लगी है जिसका उपचार आप घर पर कर सकते हैं, तो ये बुनियादी प्राथमिक-उपचार चरण आपकी मदद कर सकते हैं। हमेशा अपनी देखभाल टीम द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।

रक्तस्राव रोकने के लिए दबाव डालें

किसी साफ़ कपड़े, तौलिये या गॉज़ की मदद से घाव पर हल्का दबाव डालें। जब तक रक्तस्राव रुक न जाए तब तक यूँ ही थामे रहें। 

घाव को साफ़ करके उस पर बैंडेज लगाएँ 

कट या घाव की देखभाल करने से पहले अपने हाथों को साबुन व पानी से अच्छे से धोएँ। घाव को धोकर गंदगी व कचरा हटा दें। घाव को साबुन व पानी से साफ़ करें। अच्छे से धोएँ। स्थान को सुखाएँ और किसी स्टेराइल बैंडेज या गॉज़ से ढक दें।

रक्तस्राव का उपचार RICE योजना के अनुसार करें।

मामूली रक्तस्राव के प्रबंधन के लिए RICE विधि का पालन करें।

RICE विधि का उपयोग करें

RICE विधि दर्द व सूजन घटा सकती है तथा और रक्तस्राव होने से रोक सकती है। यह मोच, तनाव/खिंचाव और नील के लिए भी उपयोगी होती है। RICE विधि के चरण इस प्रकार हैं:

  • आराम करें: चोटिल स्थान को रेस्ट (आराम) दें। इससे रक्तस्राव की संभावना घटेगी और ठीक होने को बढ़ावा मिलेगा। स्थान का उपयोग न करें या उस पर भार न डालें।
  • आइस (बर्फ़): आइस पैक लगाएँ। त्वचा को बचाने के लिए आइस पैक को किसी कपड़े के ऊपर रखकर लगाएँ।
  • संपीड़न: सहारा देने और सूजन घटाने के लिए स्थान पर कोई इलास्टिक बैंडेज लपेट दें।
  • एलिवेशन (उठाना): चोटिल स्थान को ऊँचा उठाएँ। शरीर के प्रभावित भाग को अपने हृदय से ऊँचा रखने की कोशिश करें।

RICE विधि कम-से-कम 24 घंटों तक जारी रखें। 

कट और घावों के लिए, स्थान को साफ़ व सूखा रखें और संक्रमण रोकने के उपाय करें। घाव की देखभाल के विशेष निर्देशों, यदि कोई हों, के लिए अपनी देखभाल टीम से बात करें।

अपने स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता से बात किए बिना, डॉक्टर के पर्चे के बिना मिलने वाली दर्द की NSAID दवाएँ न दें।

अन्य मामूली रक्तस्रावों का उपचार कैसे करें

दैनिक गतिविधियाँ रक्तस्राव या नील पड़ने का कारण बन सकती हैं। घर पर अपने बच्चे की देखभाल के लिए इन सुझावों का उपयोग करें।

  • मुँह या मसूढ़ों में रक्तस्राव: बर्फ़ या ठंडे पानी से कुल्ला करें। मसूढ़ों से रक्तस्राव की रोकथाम में मदद के लिए अपनी देखभाल टीम के निर्देशों का पालन करें।
  • नाक से रक्तस्राव: अपने बच्चे को सीधा और थोड़ा आगे झुकी हुई स्थिति में बैठाएँ। नाक के ब्रिज से ठीक नीचे, प्रत्येक नासाछिद्र के बाहर दबाव डालें। अंगूठे और उंगली से उस जगह को धीरे से 5-10 मिनट के लिए पिंच करके पकड़कर रखें। दबाव धीरे से छोड़कर देखें कि क्या रक्तस्राव रुक गया है।

अपनी देखभाल टीम से कब संपर्क करें

चिकित्सा देखभाल प्राप्त करें यदि:

  • रक्तस्राव अधिक है या 15-20 मिनटों के बाद भी नहीं रुकता है।
  • घाव बड़ा या गहरा है।
  • घाव में ऐसी गंदगी और कचरा है जिसे आप साफ़ नहीं कर पा रहे हैं।
  • दर्द बहुत अधिक है या बढ़ रहा है।
  • आपके बच्चे में आंतरिक रक्तस्राव (शरीर के भीतर रक्तस्राव) के लक्षण हैं।
  • आपको संक्रमण के संकेत दिखते हैं, जैसे लालिमा, सूजन, गर्माहट या मवाद।
  • घाव ठीक नहीं होता है।
  • चोट किसी पशु के काटने या किसी गंदी या ज़ंग लगी वस्तु के कारण लगी है।

मामूली रक्तस्राव के उपचार के बारे में मुख्य बिंदु

  • रक्तस्राव विकार में रक्त ठीक से थक्का नहीं जमाता है। 
  • यदि आपके बच्चे को कोई रक्तस्राव विकार है, तो खुले घावों, कट या नील का तुरंत उपचार करें।
  • यदि आपके बच्चे को क्लॉटिंग फ़ैक्टर की ज़रूरत हो तो उसका उपयोग करें।
  • मामूली कट और घावों का उपचार घर पर किया जा सकता है: दबाव डालें, स्टेराइल बैंडेज से ढकें और RICE विधि का पालन करें। 
  • यदि आपके बच्चे का रक्तस्राव अधिक हो या वह न रुक रहा हो तो चिकित्सा देखभाल प्राप्त करें।


समीक्षित: जुलाई 2024

संबंधित सामग्री