परिवार और चिकित्सा अवकाश अधिनियम (FMLA)
गंभीर बीमारी से प्रभावित कामकाजी वयस्क फ़ैमिली एंड मेडिकल लीव एक्ट (FMLA) के तहत अवकाश के पात्र हो सकते हैं। इसमें गंभीर रूप से अस्वस्थ बच्चे के माता-पिता या 18 वर्ष अथवा उससे अधिक उम्र के वे लोग शामिल हैं जिन्हें बचपन की कोई गंभीर बीमारी हो।
फ़ैमिली एंड मेडिकल लीव एक्ट क्या है?
FMLA एक संघीय कानून है जिसके तहत कुछ नियोक्ताओं को योग्य कर्मियों को हर वर्ष 12 सप्ताह तक का अवैतनिक अवकाश देना होता है। इस अवकाश का उपयोग आप अपनी देखभाल के लिए, या अस्वस्थ माता-पिता, बच्चे, या पति/पत्नी की देखभाल के लिए कर सकते हैं।
कुछ राज्य और स्थानीय सरकारें पारिवारिक अवकाश लाभ देती हैं जो कर्मियों को FMLA से भी अधिक लाभ देते हैं। आप राज्य-विशिष्ट जानकारी अमेरिकी श्रम विभाग (US Department of Labor) की वेबसाइट पर पा सकते हैं।
FMLA के बारे में आपको क्या जानना जरूरी है
नियोक्ता जिनके लिए FMLA प्रदान करना आवश्यक है
जिन नियोक्ताओं के लिए FMLA अवकाश देना आवश्यक है उनमें ये शामिल हैं:
- सार्वजनिक एजेंसियां (स्थानीय, राज्य और संघीय), जिनमें स्कूल भी शामिल हैं
- निजी क्षेत्र के व्यवसाय जिनमें 50 या ज़्यादा कर्मचारी हैं
जानकारी और फ़ॉर्म के लिए अपनी कंपनी के ह्यूमन रिसोर्स (HR) डिपार्टमेंट से संपर्क करें। आपके उपचार केंद्र के सामाजिक कार्यकर्ता इन फ़ॉर्म्स में आपकी मदद कर सकते हैं।
FMLA के लिए कौन योग्य है?
आप FMLA के लिए योग्य हैं यदि आप:
- किसी ऐसे नियोक्ता के लिए कार्य करते हैं जिसके लिए FMLA देना आवश्यक है
- उस नियोक्ता के लिए कम-से-कम 12 महीने काम कर चुके हों
- पिछले 12 महीनों में कम-से-कम 1,250 घंटे काम कर चुके हों
रोजगार के 12 महीने लगातार हो यह ज़रूरी नहीं है। यदि आपने सैन्य सेवा के लिए काम से अवकाश लिया था, तो वह सेवा 12 महीनों में गिनी जाएगी।
FMLA क्या प्रदान करता है
FMLA के तहत आने वाले कर्मचारियों को ये सुविधाएँ मिलती हैं:
- वर्ष में 12 सप्ताह तक का अवैतनिक अवकाश: यदि आपके नियोक्ता द्वारा अनुमति हो, तो आप FMLA अवकाश के दौरान सवेतन अवकाश, रुग्णता अवकाश, या पारिवारिक अवकाश ले सकते हैं।
- ग्रुप हेल्थ इंश्योरेंस: यह आपके अवकाश के दौरान भी जारी रहेगा।
- जॉब सुरक्षा: आप अपना अवकाश खत्म होने के बाद उसी या मिलते-जुलते पद पर लौट सकते हैं।
- बदले की कार्रवाई के विरुद्ध सुरक्षा: FMLA उन कर्मियों को बदले की कार्रवाई के विरुद्ध सुरक्षा देता है जो अपने FMLA अवकाश का उपयोग करते हैं।
FMLA उपयोग करने के लिए सुझाव
आपके नियोक्ता को यह बताना चाहिए कि अवकाश की व्यवस्था करने के लिए आपको क्या करना होगा।
नोटिस दें और ज़रूरी जानकारी शेयर करें
आपको:
- यदि हो सके तो अवकाश पर जाने से 30 दिन पहले अपने नियोक्ता को बता देना चाहिए। यदि नहीं, तो जितनी जल्दी हो सके उन्हें बता दें।
- अपने नियोक्ता को इतना विवरण दें कि वह यह जान सके कि FMLA लागू होता है या नहीं।
यदि माँगा जाए तो चिकित्सीय सर्टिफ़िकेशन पूरा करें
- आपके नियोक्ता को आपके अवकाश अनुरोध से 5 कार्य दिनों के भीतर सर्टिफ़िकेशन माँग लेना चाहिए।
- इसे देने के लिए आपके पास 15 कैलेंडर दिन होते हैं।
- यदि फ़ॉर्म अधूरा है, तो उसे ठीक करने के लिए आपके पास कम-से-कम 7 दिन और होते हैं।
नियोक्ता रोगी के चिकित्सा अभिलेख नहीं माँग सकते या आपसे रिलीज़ पर साइन करने को नहीं कह सकते।
यदि आपका नियोक्ता इस बारे में अनिश्चित है कि चिकित्सक का फ़ॉर्म सही है या नहीं, तो वह किसी दूसरे चिकित्सक से उसे चेक करने को कह सकते हैं। यदि वे ऐसा करते हैं, तो उन्हें दूसरी या तीसरी राय के लिए पैसे देने होंगे।
यदि आप ज़रूरी फ़ॉर्म नहीं देते हैं, तो आपका नियोक्ता आपका FMLA अवकाश अनुरोध अस्वीकार कर सकता है।
काम पर लौटने की तैयारी करें
जब आप काम पर लौटते हैं, तो आपके नियोक्ता को आपको निम्न में वापस रखना होगा:
- उसी या मिलती-जुलती जॉब पर, जिसका वेतन, लाभ, और ज़िम्मेदारियाँ समान हों
- उसी शिफ़्ट या शेड्यूल पर, उसी या आस-पास की जगह पर
FMLA के बारे में अपने नियोक्ता से पूछने के लिए प्रश्न
- क्या हमारी कंपनी के लिए FMLA अवकाश देना ज़रूरी है?
- क्या मैं FMLA अवकाश के लिए पात्र हूँ?
- आपको मेरे बच्चे के स्वास्थ्य देखभाल प्रदाता से कौनसे डॉक्यूमेंट्स चाहिए?
- मैं कितने FMLA अवकाश ले सकता/सकती हूँ, और क्या मैं उन्हें थोड़ा-थोड़ा करके ले सकता/सकती हूँ? (यदि आपके बच्चे को लगातार देखभाल की ज़रूरत है, तो बीच-बीच में अवकाश लेने से मदद मिल सकती है।)
- क्या मैं FMLA अवकाश को वैतनिक अवकाश (छुट्टियाँ, रुग्णता अवकाश) के साथ मिला सकता/सकती हूँ?
- क्या राज्य या कंपनी के कोई विशिष्ट पारिवारिक अवकाश लाभ हैं जो FMLA से अधिक पारिवारिक अवकाश देते हैं?
- इस प्रक्रिया में मेरी मदद कौन कर सकता है - HR, बेनिफ़िट्स कोऑर्डिनेटर, या सामाजिक कार्यकर्ता?
FMLA के बारे में मुख्य बिंदु
- FMLA पात्र कर्मचारियों के लिए हर वर्ष 12 सप्ताह तक का अवैतनिक अवकाश प्रदान करता है, ताकि वे अपनी या गंभीर बीमारी से ग्रस्त स्वजन की देखभाल कर सकें।
- FMLA अवकाश के दौरान आपकी जॉब और हेल्थ इंश्योरेंस सुरक्षित हैं।
- यह आवश्यक है कि आप किसी कवर किए गए नियोक्ता के लिए काम करते हों, आपने उसी नियोक्ता के लिए कम-से-कम 12 महीने काम किया हो और पिछले वर्ष में कम-से-कम 1,250 घंटे काम किया हो।
- यदि हो सके तो अवकाश पर जाने से कम-से-कम 30 दिन पहले अपने नियोक्ता को बता दें। यदि कोई इमरजेंसी हो, तो उन्हें जल्द से जल्द बताएँ।
- चिकित्सीय सर्टिफ़िकेशन की ज़रूरत पड़ सकती है। नियोक्ता रोगी के चिकित्सा रिकॉर्ड देखने की माँग नहीं कर सकते या आपको किसी रिलीज़ पर साइन करने के लिए नहीं कह सकते।
- यदि आपका नियोक्ता अनुमति देता है तो आप FMLA अवकाश के दौरान वैतनिक अवकाश का उपयोग कर सकते हैं।
- कुछ राज्य और नियोक्ता FMLA की तुलना में अधिक उदार पारिवारिक अवकाश विकल्प देते हैं।
अधिक जानकारी प्राप्त करें