मुख्य विषयवस्तु में जाएं

प्रायपिज़्म और सिकल सेल रोग

प्रायपिज़्म (अविरत स्तंभन) क्या है?

प्रायपिज़्म का अर्थ शिश्न के पीड़ायुक्त स्तंभन से है जो अधिक लंबे समय तक बना रहता है। यह स्तंभन यौन उद्दीपन या उत्तेजना से संबंधित नहीं होता है।

सिकल सेल रोग से ग्रस्त लड़कों में छोटी उम्र में प्रायपिज़्म की शुरुआत हो सकती है। यह नपुंसकता (स्तंभन प्राप्त न कर पाना), बाँझपन (बच्चे पैदा न कर पाना), शिश्न में घाव के निशानों या स्थायी नुकसान का कारण बन सकता है।  

सिकल सेल रोगियों में प्रायपिज़्म

सिकल सेल रोग से ग्रस्त लड़कों में शिश्न में मौजूद लाल रक्त कोशिकाओं की आकृति सिकल (दराँती/हँसिया) जैसी हो जाने के कारण प्रायपिज़्म होता है।

सिकल जैसी आकृति की लाल रक्त कोशिकाएँ आपस में चिपक जाती हैं, वाहिकाओं को अवरुद्ध करती हैं और कोशिकाओं तक ऑक्सीजन के पहुँचने को धीमा करती हैं। शिश्न में मौजूद वाहिकाएँ छोटी होती हैं और लाल रक्त कोशिकाओं की आकृति सिकल जैसी हो जाने और उनके आपस में चिपक जाने पर आसानी से अवरुद्ध हो जाती हैं।

सिकल जैसी हो चुकीं रक्त कोशिकाओं द्वारा वाहिकाएँ अवरुद्ध हो जाने के कारण रक्त शिश्न से बाहर नहीं निकल पाता है। यदि स्तंभन जारी रहे तो इसे प्रायपिज़्म कहते हैं।

प्रायपिज़्म बहुत पीड़ायुक्त हो सकता है और यह एक गंभीर स्थिति है। प्रायपिज़्म की लंबी घटनाएँ घाव के निशान और नपुंसकता (स्तंभन प्राप्त न कर पाना) का कारण बन सकती हैं।

यदि आपके बच्चे को 2 घंटे से अधिक से स्तंभन है तो उसे उपचार के लिए आपातस्थिति कक्ष ले जाएँ।

प्रायपिज़्म के प्रकार

स्टटरिंग (सविराम) प्रायपिज़्म

स्टटरिंग (सविराम) प्रायपिज़्म का अर्थ ऐसे स्तंभन से है जो 30 मिनट से अधिक लेकिन 2 घंटों से कम रहता है।

स्तंभन समय के साथ आता-जाता रह सकता है लेकिन वह 2 घंटों से अधिक नहीं रहता है। स्टटरिंग (सविराम) प्रायपिज़्म एक बार होकर खत्म हो सकता है या यह एक से अधिक बार हो सकता है।

स्तंभन अपने-आप या इनमें से कुछ घरेलू उपचारों का उपयोग करने के बाद खत्म हो सकता है:

  • अपने बच्चे को भरपूर पानी पिलाएँ
  • दवा - मदद कर सकने वाली दवा के प्रकार के बारे में अपने बच्चे के चिकित्सक से बात करें
  • गुनगुना तौलिया या गुनगुना पानी
  • ध्यान बँटाने की तकनीकें

एक्यूट (तीव्र) या लंबा प्रायपिज़्म

एक्यूट (तीव्र) या लंबा प्रायपिज़्म ऐसी घटना है जो 2 घंटे से अधिक चलती है। यह एक गंभीर घटना है और आपको अपने बच्चे को तुरंत आपातस्थिति कक्ष ले जाना चाहिए।

प्रायपिज़्म के उपचार की दवाएँ तब सबसे अच्छे से काम करती हैं यदि वे एक्यूट (तीक्ष्ण) घटना के आरंभ से 4 घंटों के भीतर दे दी जाएँ। यदि उपचार न किया जाए तो इससे स्थायी नुकसान हो सकता है।

शिश्न स्तंभित, पीड़ायुक्त और कोमल (छूने मात्र से दर्द) होगा।

क्रोनिक (दीर्घस्थायी) प्रायपिज़्म

क्रोनिक (दीर्घस्थायी) प्रायपिज़्म अर्द्ध-स्तंभन की ऐसी अवस्था है जो खत्म नहीं होती है। यह कई दिनों या सप्ताह तक चल सकती है। यह आम तौर पर पीड़ायुक्त नहीं होती है। क्रोनिक (दीर्घस्थायी) प्रायपिज़्म के मौजूद होने के बावजूद इसके कारण व्यक्ति पूर्ण स्तंभन प्राप्त करने में असमर्थ हो सकता है।

क्रोनिक (दीर्घस्थायी) प्रायपिज़्म बहुत तेज़ी से एक्यूट (तीक्ष्ण) प्रायपिज़्म में बदल सकता है। यदि आपके बच्चे को क्रोनिक (दीर्घस्थायी) प्रायपिज़्म हो रहा है तो उसकी देखभाल टीम से बात करें। 

माता-पिता अपने बेटे से बात कर रहे हैं

सुनिश्चित करें कि आपका बेटा जानता हो कि जब वह बात करने को तैयार हो तब आप भी तैयार हैं। यह बातचीत असुविधाजनक हो सकती है, पर यह आवश्यक है।

परिवारों के लिए सलाह

आपका बच्चा प्रायपिज़्म को रोक नहीं सकता है। लेकिन कुछ चीज़ों से मदद मिल सकती है।

  • अपने बच्चे से प्रायपिज़्म पर बात करें। सुनिश्चित करें कि वह समझता हो कि यदि उसे यह समस्या हो रही है तो आपको बताना कितना महत्वपूर्ण है।
  • अपने बच्चे से प्रायपिज़्म के बारे में बात करना जल्द शुरू करें। उसे प्रश्न पूछने के लिए प्रेरित करें। इस बात पर ज़ोर दें कि आप बात करने के लिए हमेशा उपलब्ध हैं।
  • अपने बच्चे की ज़रूरतों, डर और निजता को समझें और उनके प्रति संवेदनशील रहें।
  • प्रायपिज़्म को एक गंभीर चिकित्सीय स्थिति के रूप में लेकर बात करें ताकि बातचीत के दौरान शर्मिंदगी की भावनाएँ घट जाएँ।
  • अपने बच्चे को प्रेरित करें कि यदि वह आपसे बात करने में सहज नहीं है तो वह उसकी देखभाल टीम से बात करे।
  • अपने बच्चे की स्वास्थ्य देखभाल टीम से विभिन्न थैरेपी पर बात करें।
  • अपने बच्चे पर संक्रमण के संकेतों या बुखार के लिए नज़र रखें।
  • सुनिश्चित करें कि आपका बच्चा भरपूर मात्रा में तरल पदार्थ पिए।
  • अपने बच्चे को हर रात सोने जाने से पहले शौचालय जाने को कहें। 

अपने बच्चे की देखभाल टीम से बात करें।

यदि आपके पास प्रायपिज़्म के बारे में प्रश्न हैं तो आपके बच्चे की देखभाल टीम मदद कर सकती है। इस स्थिति के बारे में और जानने के लिए उनसे संपर्क करें।

प्रायपिज़्म के बारे में मुख्य बिंदु

  • प्रायपिज़्म का अर्थ शिश्न के पीड़ायुक्त स्तंभन से है जो लंबे समय तक बना रह सकता है।
  • सिकल सेल रोग से ग्रस्त लड़कों में छोटी उम्र में इसकी शुरुआत हो सकती है।
  • प्रायपिज़्म एक चिकित्सीय स्थिति है। यह कोई शर्म की बात नहीं है।
  • सुनिश्चित करें कि आपका बच्चा जानता हो कि वह प्रायपिज़्म के बारे में आपसे बात कर सकता है।
  • यदि आपके बच्चे में प्रायपिज़्म के लक्षण हों तो उसकी देखभाल टीम को बताएँ।


समीक्षित: सितंबर 2024

संबंधित सामग्री