मुख्य विषयवस्तु में जाएं

मल्टीड्रग-रेज़िस्टेंट ऑर्गनिज़्म (MDRO)

मल्टीड्रग-रेज़िस्टेंट ऑर्गनिज़्म क्या है?

मल्टीड्रग-रेज़िस्टेंट ऑर्गनिज़्म (MDRO) ऐसा रोगाणु होता है जिस पर कई एंटीबायोटिक दवाओं का असर नहीं होता है। एंटीबायोटिक ऐसी दवाएँ हैं जिनका उपयोग संक्रमणकारी बैक्टीरिया की वृद्धि रोकने के लिए किया जाता है।

कुछ आम एंटीबायोटिक दवाएँ MDRO संक्रमणों के उपचार में काम नहीं करेंगी। इससे इन संक्रमणों का उपचार और उन्मूलन कठिन हो जाता है।

MDRO के कारण

व्यक्ति द्वारा एंटीबायोटिक दवाएँ ली जाने के बाद रोगाणु प्रतिरोधी बन सकते हैं। ये रोगाणु जीवित रहने के लिए अनुकूलित होने और एंटीबायोटिक दवाओं के प्रभावों का प्रतिरोध करने के तरीके ढूँढ निकालते हैं।

MDRO तब विकसित होते हैं जब एंटीबायोटिक दवाएँ:

  • आवश्यकता से अधिक समय तक ली जाती हैं
  • आवश्यक नहीं होने पर ली जाती हैं

MDRO के कुछ उदाहरण इस प्रकार हैं:

  • कार्बापेनेम-रेज़िस्टेंट एंटेरोबैक्टीरियेसिआइ (CRE)
  • एक्स्टेंडेड-स्पेक्ट्रम बीटा-लैक्टमेज़ (ESBL)
  • मेथिसिलिन-रेज़िस्टेंट स्टैफिलोकोकस ऑरियस (MRSA)
  • वैंकोमायसिन-रेज़िस्टेंट एंटेरोकॉकस (VRE)
एक महिला चिकित्सा कार्मिक हाथों और बाँहों पर डिसइन्फ़ेक्टेंट साबुन रगड़ रही है।

हाथ धोना मल्टीड्रग-रेज़िस्टेंट ऑर्गनिज़्म (MDRO) के प्रसार की रोकथाम में प्रभावी है।

MDRO कैसे फैलते हैं

MDRO इनके हाथों पर एक से दूसरे रोगी तक फैलते हैं:

  • स्वास्थ्य देखभाल कर्मी
  • आगंतुक
  • परिवार के सदस्य

वे रोगाणु के निम्नलिखित इत्यादि वस्तुओं या सतहों पर पहुँचने पर भी फैल सकते हैं:

  • बैड रेल्स
  • सिरहाने वाली मेज़
  • IV पोल
  • कैथेटर्स

MDRO शरीर को कैसे प्रभावित करते हैं

कभी-कभी, MDRO आपके बच्चे को अस्वस्थ कर सकता है। कुछ मामलों में, आपके बच्चे के शरीर पर या में MDRO मौजूद हो सकता है पर वह उसे अस्वस्थ नहीं करता है। लेकिन वह कमज़ोर प्रतिरक्षा तंत्र वाले अन्य बच्चों में फैलकर उन्हें अस्वस्थ कर सकता है।

MDRO संक्रमणों के जोखिम कारक

स्वस्थ लोगों को आम तौर पर MDRO संक्रमण नहीं होते हैं। जोखिम कारकों में निम्नलिखित शामिल हैं:

  • पुरानी बीमारी
  • कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली
  • एंटीबायोटिक दवाओं का लंबे समय तक उपयोग
  • सेंट्रल वीनस कैथेटर (सेंट्रल लाइन) का उपयोग
  • यूरिनरी कैथेटर का उपयोग
  • MDRO का इतिहास

कैंसर रोगियों को MDRO होने की संभावना अधिक होती है। संक्रमण इनसे संबंधित हो सकता है:

  • न्यूट्रोपीनिया (न्यूट्रोफिल का कम स्तर, न्यूट्रोफिल एक प्रकार की सफ़ेद रक्त कोशिकाएँ हैं जो संक्रमणों से लड़ती हैं)
  • म्यूकोसाइटिस (मुँह के छाले)
  • लिम्फोसाइट का सामान्य से अधिक स्तर, लिम्फोसाइट एक प्रकार की सफ़ेद रक्त कोशिकाएँ हैं जो संक्रमणों से लड़ने में मदद करती हैं
  • पूर्ण या आंशिक रूप से शरीर के भीतर लगाई जाने वाली डिवाइस, जैसे कैथेटर और पोर्ट, का उपयोग

MDRO का उपचार

MDRO का उपचार कठिन होता है क्योंकि वे कई एंटीबायोटिक दवाओं का प्रतिरोध कर सकते हैं। लेकिन कुछ एंटीबायोटिक दवाएँ हैं जिनका उपयोग किया जा सकता है। आपके बच्चे का चिकित्सक रोगाणु के आधार पर और संक्रमण के स्थान के आधार पर तय करेगा कि किस दवा का उपयोग करना है।

 MDRO की रोकथाम कैसे करें

MDRO के प्रसार की रोकथाम में मदद के लिए ये चीज़ें करें:

  • एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग सीमित करें: एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग केवल ज़रूरी होने पर और कम से कम समय के लिए करें।
  • अपने हाथ धोएं: रोगाणुओं के प्रसार के नियंत्रण का एक सबसे अच्छा तरीका यह है कि अपने हाथों को साबुन व पानी से धोएँ या किसी एल्कोहॉल-आधारित हैंड सैनिटाइज़र का उपयोग करें। यदि साबुन व पानी का उपयोग कर रहे हों, तो अपने हाथों को 20 सेकंड तक आपस में रगड़ें, अच्छे से धोएँ, और पूरी तरह सुखाएँ। शौचालय के उपयोग के बाद, डाइपर बदलने के बाद, और शौचालय का उपयोग करके आए बच्चे को साफ़ करने के बाद साबुन व पानी का उपयोग सबसे अच्छा रहता है।
  • अलगाव (आइसोलेशन) सावधानियों का उपयोग करें: यदि आपके बच्चे को कोई MDRO है, तो उसे “contact precautions” (संपर्क सावधानियों) में रखा जाएगा। इस शब्द का यह अर्थ है कि स्टाफ़ और आगंतुकों को आपके बच्चे के कमरे में आने से पहले मास्क, गाउन, और दस्ताने पहनने होंगे, मरीज़ के कमरे से बाहर निकलने से पहले उन्हें उतारना होगा, और अपने हाथ अक्सर धोने होंगे।
  • सतहों को विसंक्रमित करें: अस्पताल स्टाफ़ अस्पताल में आपके बच्चे के कमरे को और उसके इर्द-गिर्द की हर चीज़ को साफ़ करेगा।
  • रोज़ाना नहाना और लिनिन बदलना: रोगाणुओं के प्रसार की रोकथाम के लिए शरीर और बिस्तर का साफ़ होना महत्वपूर्ण है।

प्रमुख बिंदु

  • मल्टीड्रग-रेज़िस्टेंट ऑर्गनिज़्म (MDRO) ऐसा रोगाणु होता है जो कई एंटीबायोटिक दवाओं का प्रतिरोध कर सकता है।
  • कुछ आम एंटीबायोटिक दवाएँ MDRO संक्रमणों के उपचार में काम नहीं करेंगी।
  • MDRO संक्रमणों की रोकथाम के लिए, अपने हाथों को धोएँ और एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग केवल ज़रूरी होने पर ही करें।


समीक्षित: जुलाई 2022