मुख्य विषयवस्तु में जाएं

बच्चों और किशोरों में कोलनॉस्कपी

कोलनॉस्कपी क्या है?

कोलनॉस्कपी चिकित्सकों को कोलन के भीतर देखने की सुविधा देती है। कोलन को बड़ी आंत या आंत्र भी कहते हैं। यह पाचन तंत्र का हिस्सा होती है। यह वह तंत्र है जो भोजन और अपशिष्ट पदार्थ को शरीर से होकर आगे ले जाता है।

आपके बच्चे की देखभाल टीम कोलनॉस्कपी का आदेश दे सकती है यदि आपके बच्चे को है:

  • निम्न लाल रक्त कोशिकाएं (खून की कमी)
  • ऐसा दस्त जो ठीक नहीं हो रहा है
  • मलत्याग में रक्त
  • मल-त्याग की आदतों में परिवर्तन
  • रक्त की कमी
  • पेट या नितंबों में दर्द

क्या उम्मीद की जाए

कोलनॉस्कपी के दौरान चिकित्सक एक पतली व लचीली ट्यूब को मलाशय में घुसाते हैं। मलाशय वह स्थान है जहाँ से मल बाहर आता है। ट्यूब कोलन के भीतर जाती है। ट्यूब को कोलनॉस्कोप कहते हैं। इसके सिरे पर एक लाइट और एक नन्हा कैमरा लगे होते हैं जिससे चिकित्सक को कोलन के भीतर देखने में मदद मिलती है।

चिकित्सक संभावित कारणों, जैसे रक्तस्राव, सूजन, कोलन की दीवार में छेदों, वृद्धियों, घावों या ट्यूमरों, की तलाश करते हैं। कोलनॉस्कपी से देखभाल टीम को आपके बच्चे की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझने और उनका उपचार करने में मदद मिलेगी।

कोलनॉस्कपी में लगभग 30 मिनट लगते हैं। कोलनॉस्कपी की तैयारी एक दिन पहले शुरू होती है।

पाचन तंत्र

कोलन पाचन तंत्र का एक प्रमुख भाग है।

कोलनॉस्कपी के लिए तैयारी करें

कोलन का खाली होना ज़रूरी है ताकि चिकित्सक सब कुछ साफ़-साफ़ देख सकें।

कृपया देखभाल टीम के निर्देशों का एकदम सही-सही पालन करें। यदि आपका बच्चा देखभाल टीम के निर्देशों का पालन नहीं करता है तो कोलनॉस्कपी कैंसल कर दी जाएगी।

कोलनॉस्कपी के लिए तैयारी कैसे करें यह बात, आपके बच्चे की उम्र, उसके वजऩ और अन्य कारकों पर निर्भर करती है।

देखभाल टीम कार्यविधि से कुछ दिन पहले से आपके बच्चे को कम फ़ाइबर वाला आहार देने को कह सकती है। इसमें गिरियाँ, बीज, सूखे मेवे, ताज़ा फल और सब्ज़ियाँ नहीं खाना शामिल है।

आपके बच्चे को कोलनॉस्कपी से एक-दो दिन पहले से पारदर्शी द्रव आहार दिया जा सकता है।

पारदर्शी द्रव आहार में ये शामिल हो सकते हैं:

  • जल
  • क्लियर जूस
  • पारदर्शी शोरबा
  • जिलेटिन (जैसे Jell-O)
  • चाय
  • कॉफी
  • कठोर कैंडी
  • आइस पॉप्स (चुस्की)

अपने बच्चे को ऐसा कुछ भी खाने-पीने को न दें जिसका रंग लाल हो। अपने बच्चे को कोई भी ठोस खाद्य पदार्थ, गूदे वाला जूस या दूध के उत्पाद न दें।

आपके बच्चे को एक सफ़ाई द्रव भी दिया जा सकता है। इसे बाउल प्रेप (आँत की तैयारी) कहते हैं। इसमें बहुत सारा द्रव पीना शामिल होता है।

कुछ मामलों में, आपके बच्चे को कोई लैक्ज़ेटिव दिया जा सकता है। लैक्ज़ेटिव ऐसी दवा होती है जिसके कारण मलत्याग होता है।

आपके बच्चे को एनीमा की ज़रूरत पड़ सकती है। एनीमा का अर्थ गुदा में द्रव को इंजेक्शन से दिए जाने से है। गुदा वह छिद्र है जहाँ से मल बाहर आता है।

कोलनॉस्कपी के दौरान

कोलनॉस्कपी अस्पताल या क्लिनिक में की जाती है। आपसे कार्यविधि के आरंभ से कुछ घंटे पहले पहुँचने को कहा जाएगा।

कोलनॉस्कपी कार्यविधि के दौरान ये चीज़ें होती हैं:

  • आपके बच्चे को अस्पताल का गाउन पहनना पड़ सकता है।
  • देखभाल टीम आपके बच्चे को पूरी कार्यविधि के दौरान सुलाए रखने में मदद के लिए दवा देती है।
  • देखभाल टीम आपके बच्चे को करवट से लेटाती है।
  • चिकित्सक कोलोनोस्कोपी ट्यूब को मलाशय में डालता है और कोलन के भीतर ले जाता है।
  • चिकित्सक एक वीडियो स्क्रीन पर कोलन के भीतर का दृश्य देखता है। चिकित्सक तस्वीरें ले सकता है और परीक्षण रिकॉर्ड कर सकता है।
  • चिकित्सक ट्यूब से होकर छोटे-छोटे उपकरण भी डाल सकता है। चिकित्सक परीक्षण हेतु ऊतक के नमूने लेने के लिए इन उपकरणों का उपयोग कर सकता है। कभी-कभी चिकित्सक को पॉलिप मिल सकते हैं। पॉलिप, कोलन के अस्तर पर छोटी-सी वृद्धि होती है। कुछ पॉलिप हानिरहित होते हैं। कुछ अन्य कैंसर होते हैं या कैंसर बन सकते हैं। जब चिकित्सकों को पॉलिप मिलते हैं तो आम तौर पर वे उन्हें निकाल देते हैं।

कोलनॉस्कपी के बाद

आपके बच्चे का चिकित्सक आपसे बात करेगा। आपका बच्चा घर जाने से पहले ठीक है यह सुनिश्चित करने के लिए वह अस्पताल या क्लिनिक में कुछ समय रुकेगा।

आपके बच्चे का गला लगभग एक घंटे तक सुन्न महसूस हो सकता है। इस दौरान अपने बच्चे को कुछ भी खाने या पीने देने से बचें। यह खतरनाक हो सकता है क्योंकि आपका बच्चा खाद्य या पेय पदार्थ को महसूस नहीं कर सकता है।

आपको मल में या टॉयलेट पर थोड़ा-सा रक्त दिख सकता है। यदि आपको बहुत अधिक रक्त दिखे तो देखभाल टीम को कॉल करें।

कोलनॉस्कपी के बाद आपके बच्चे को संतुलन में समस्या हो सकती है। यदि उसकी उम्र इतनी है कि वह ड्राइव कर सकता है तो उसे परीक्षण के बाद ड्राइव नहीं करना चाहिए। कार्यविधि के लिए उसे दी गई दवाएँ ड्राइविंग को खतरनाक बनाती हैं।

यदि आपके पास कोई प्रश्न हों तो टीम को कॉल करें।

प्रमुख बिंदु

कोलनॉस्कपी आपके बच्चे के चिकित्सक को कोलन के भीतर देखने की सुविधा देती है।

  • कोलनॉस्कपी से आपके बच्चे की देखभाल टीम को आपके बच्चे की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझने और उनका उपचार करने में मदद मिलेगी।
  • कोलनॉस्कपी की तैयारी कार्यविधि से पहले शुरू हो जाती है।
  • अपनी देखभाल टीम के निर्देशों का एकदम सही-सही पालन करना सुनिश्चित करें।


समीक्षित: सितंबर 2022