मुख्य विषयवस्तु में जाएं

बेंत का उपयोग कैसे करें

बेंत क्या है? 

बेंत, जिसे कभी-कभी सहायक बेंत या वॉकिंग केन भी कहते हैं, चलने के दौरान सहारा और संतुलन देने वाला एक सचलता सहायक है। लोगों को अलग-अलग कारणों से बेंत की ज़रूरत पड़ सकती है। इनमें शामिल हैं:   

  • दर्द कम करना 
  • जब आपके पैर में कमज़ोरी हो या संवेदना कम हो जाए तो स्थिरता देना  
  • वज़न को बड़े क्षेत्र में फैलाकर संतुलन में सुधार करना 
  • वज़न सहनशीलता बढ़ाना 
  • शरीर को ठीक होने में मदद देना 

बेंत कैसे फ़िट करें 

यह ज़रूरी है कि आपका बेंत सही ऊँचाई के लिए एडजस्ट किया गया हो। आपका फिज़िकल थैरेपिस्ट आपके लिए सबसे अच्छे प्रकार का बेंत बता सकता है और यह पक्का कर सकता है कि वह ठीक से फ़िट हो। सामान्य तौर पर, बेंत फ़िट है यदि: 

  • जब आपकी बाँह साइड में नीचे लटकी हो तो आपकी कलाई बेंत की हैंडग्रिप की सीध में हो। 
  • जब आप हैंडग्रिप पकड़ते हैं तो आपकी बाँह कोहनी से थोड़ा मुड़ जाती है। 

बेंत के सहारे कैसे चलें 

यदि आप कमज़ोर या प्रभावित पैर के विपरीत हाथ में बेंत पकड़ेंगे तो आप शायद सबसे अधिक आत्मनिर्भर और सहज महसूस करेंगे। यदि आप एक पैर पर अधिक वज़न डालने की कोशिश कर रहे हैं, तो प्रभावित पैर की तरफ़ वाले हाथ में ही बेंत पकड़ें। 

बेंत का उपयोग करने के लिए: 

  • अपनी कमज़ोर साइड के विपरीत, यानी अपने मज़बूत (अप्रभावित) पैर वाली साइड के हाथ में बेंत पकड़ें। 
  • अपना सारा वज़न अपने मज़बूत पैर पर डालें। अपना संतुलन प्राप्त करें।  
  • बेंत और मज़बूत पैर को आगे बढ़ाएँ। 
  • अपने वज़न को अपनी बेंत और अपने मज़बूत पैर, दोनों पर सहारा देते हुए, अपने कमज़ोर पैर से आगे बढ़ें। 

बेंत के सहारे ज़ीनों और फ़ुटपाथ या सड़क किनारे की पटरियों पर कैसे चढ़ें-उतरें 

  • ऊपर जाना/चढ़ना: पहले मज़बूत पैर से ऊपर चढ़ें; फिर बेंत और कमज़ोर पैर का उपयोग करके ऊपर चढ़ें। 
  • नीचे उतरना: पहले कमज़ोर पैर और बेंत से नीचे उतरें, फिर अपने मज़बूत पैर से नीचे उतरें। 

सुरक्षा से जुड़े सुझाव 

  • ऐसे जूते पहनें जो फिसलें न, और सहारा दें। 
  • धीरे चलें और नियंत्रण में रहें। 
  • अपने रास्ते में गीली या ऊबड़-खाबड़ सतहों और चीज़ों से सावधान रहें। इनसे गिरने की संभावना हो सकती है। 
  • फिसलने से बचने के लिए नॉनस्किड रबर टिप्स का उपयोग करें।  
  • यदि रबर टिप घिस गई हो या क्षतिग्रस्त हो गई हो तो उसे बदल दें।  
  • स्थिरता और सुरक्षा बढ़ाने के लिए बड़ी टिप का उपयोग करें। 
  • ठोकर से बचने के लिए बेंत को अपने पैरों से दूर रखें। 

प्रमुख बिंदु

  • बेंत का उपयोग सामान्य तौर पर तब किया जाता है जब संतुलन के लिए या कमज़ोरी के लिए थोड़े सहारे की ज़रूरत होती है।  
  • पक्का करें कि बेंत ठीक से फ़िट हो। जब आप अपना बेंत पकड़ें तो आपकी कोहनी थोड़ी मुड़ी हुई होनी चाहिए। 
  • यदि आप किसी निर्देश के बारे में अनिश्चित हैं या बेंत का उपयोग करते समय अस्थिर महसूस करते हैं, तो अपने चिकित्सक या थैरेपिस्ट से बात करें। 


समीक्षित: सितंबर 2022